Cricket
oi-Naveen Sharma
IND vs ENG: टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में आज वह ऐतिहासिक मंजर देखने को मिला, जिसकी गूंज बरसों तक क्रिकेट गलियारों में सुनाई देगी। स्टैंड्स में बैठे भारतीय दिग्गज रोहित शर्मा की आंखों के सामने स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन ने अपनी जादुई बल्लेबाजी से न केवल इंग्लैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि खुद हिटमैन के एक रिकॉर्ड को भी जमींदोज कर दिया।
जब टीम इंडिया को एक बड़े स्कोर की दरकार थी, तब संजू सैमसन ने वानखेड़े की पिच पर आग उगलना शुरू किया। संजू ने मात्र 42 गेंदों में 89 रनों की विध्वंसक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने मैदान के चारों कोने में 7 गगनचुंबी छक्के और 8 शानदार चौके जड़े। अपनी इस पारी के दौरान संजू का स्ट्राइक रेट 200 के पार रहा, जिसने इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक की रणनीति को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया।

संजू सैमसन ने तोड़ा रोहित का रिकॉर्ड
संजू की इस पारी का सबसे बड़ा आकर्षण रहा उनका सातवां छक्का। इस छक्के के साथ ही संजू ने एक टी20 वर्ल्ड कप एडिशन में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने रोहित शर्मा के 2024 वर्ल्ड कप में बनाए गए 15 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। अब संजू 16 छक्कों के साथ इस सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं।
हैरानी की बात यह है कि इस लिस्ट में शिवम दुबे (15), ईशान किशन (14) और हार्दिक पांड्या (14) भी इसी टूर्नामेंट में धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन संजू ने सबको पछाड़कर सिक्सर किंग का ताज अपने सिर पर सजा लिया है। 2007 के हीरो युवराज सिंह का 12 छक्कों का रिकॉर्ड अब इस लिस्ट में काफी नीचे खिसक गया है।
टीम इंडिया ने बनाया बड़ा स्कोर
वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले मैच में नाबाद 97 रनों की पारी के बाद आज सैमसन ने वहां से ही अपना काम शुरू किया और तहलका मचा दिया। उनकी धाकड़ पारी की बदौलत टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।



