Homeव्यवसायफ्लिपकार्ट ने 300 कर्मचारियों की छंटनी की; वार्षिक समीक्षा के बाद लिया...

फ्लिपकार्ट ने 300 कर्मचारियों की छंटनी की; वार्षिक समीक्षा के बाद लिया बड़ा फैसला, जानिए कारण


ई-कॉमर्स प्रमुख फ्लिपकार्ट ने अपनी वार्षिक प्रदर्शन समीक्षा के बाद लगभग 250 से 300 कर्मचारियों की छंटनी की है। यह जानकारी मामले से परिचित सूत्रों ने शुक्रवार को दी। नौकरी में यह कटौती कई विभागों और कर्मचारी स्तरों पर की गई है। हालांकि वॉलमार्ट की फंडिंग वाली यह कंपनी अपनी प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) से पहले सीनियर स्तर पर नियुक्तियां जारी रखे हुए है।

फ्लिपकार्ट ने एक बयान में कहा कि नियमित रूप से अपने काम-काज की समीक्षा करती है। कंपनी ने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत कर्मचारियों का एक छोटा प्रतिशत संगठन से बाहर हो सकता है। प्रभावित कर्मचारियों को जरूरी सहायता प्रदान की जा रही है। हालांकि, कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों की संख्या के बारे में नहीं बताया है। लेकिन सूत्रों के हवाले से यहह संख्या 250 से 300 के बीच बताई जा रही है। यह छंटनी ऐसे समय में हुई है जब कंपनी अपने समूह की होल्डिंग संरचना को सरल बनाने के लिए पुनर्गठन कर रही है। भारतीय नियामक आवश्यकताओं के अनुरूप आठ सिंगापुर-आधारित संस्थाओं का फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड में विलय किया जा चुका है। यह कदम कंपनी के संभावित घरेलू सूचीकरण की योजनाओं में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

कंपनी में आईपीओ से पहले क्या तैयारी चल रही है?

दिसंबर 2025 में, कंपनी को राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) से अपनी कानूनी अधिवास सिंगापुर से भारत स्थानांतरित करने की मंजूरी मिली थी। यह कदम संभावित घरेलू सूचीकरण की उसकी योजनाओं में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। पुनर्गठन का उद्देश्य समूह की होल्डिंग संरचना को सरल बनाना है। इसमें फैशन, स्वास्थ्य और लॉजिस्टिक्स में इसके विभिन्न कारोबार शामिल हैं। भारतीय नियामकीय आवश्यकताओं के अनुरूप आठ सिंगापुर-आधारित संस्थाओं का फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड में विलय किया गया है।

फ्लिपकार्ट ने पिछले कुछ महीनों में कई प्रमुख नियुक्तियां की हैं। इनमें सोमनाथ दास को आपूर्ति शृंखला का उपाध्यक्ष बनाया गया है। दिग्विजय मिश्रा को कॉरपोरेट संचार का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। विपिन कपूरिया व्यवसाय वित्त के उपाध्यक्ष बने हैं। योगिता शानभाग एचआर की वाइस प्रेसिडेंट हैं, जबकि अमर हुसैन को किराना और मिनट (त्वरित वाणिज्य) व्यवसायों के लिए आपूर्ति शृंखला का वाइस प्रेसिडेंट बनाया है।

कैसा है कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन?

फ्लिपकार्ट इंडिया ने वित्त वर्ष 2024-25 में 5,189 करोड़ रुपये का व्यापक समेकित नुकसान दर्ज किया, जो पिछले वित्त वर्ष के 4,248.3 करोड़ रुपये के नुकसान से अधिक है। हालांकि, कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 में परिचालन से समेकित राजस्व में 17.3 फीसदी की वृद्धि दर्ज की, जो 82,787.3 करोड़ रुपये रहा। यह राजस्व वित्त वर्ष 2023-24 के 70,541.9 करोड़ रुपये से अधिक है। कुल खर्च 17.4 फीसदी बढ़कर 88,121.4 करोड़ रुपये हो गया, जिसका मुख्य कारण स्टॉक-इन-ट्रेड खरीद थी। फ्लिपकार्ट समूह की कंपनियों में फ्लिपकार्ट, मिंत्रा, फ्लिपकार्ट होलसेल, क्लियरट्रिप और सुपर.मनी शामिल हैं।





Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments