केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक कॉन्स्टेंटिन नोवोसेलोव और रजत वर्मा से मुलाकात कर इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में उभरती तकनीकों और टिकाऊ समाधान पर चर्चा की।
मंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि बैठक में 2D मैटेरियल्स के निर्माण और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में उनके उपयोग पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही स्थायी मैग्नेट और बैटरियों जैसे महत्वपूर्ण घटकों के रीसाइक्लिंग के तरीकों पर भी चर्चा हुई।
चर्चा के दौरान आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स में 2D मैटेरियल्स की बढ़ती भूमिका पर खास जोर दिया गया। ये सामग्री कुछ ही परमाणुओं की मोटाई वाली होती हैं और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की क्षमता, दक्षता और प्रदर्शन को बेहतर बनाने की बड़ी संभावना रखती हैं।



