Homeट्रैवलDelhi Water Supply: दिल्ली में पानी की किल्लत नहीं होगी, टैंकर से...

Delhi Water Supply: दिल्ली में पानी की किल्लत नहीं होगी, टैंकर से कॉल सेंटर तक की व्यवस्था, प्लान तैयार


Delhi

pti-Pallavi Kumari

Delhi Water Supply: दिल्ली में हर साल गर्मियों के साथ पानी की कमी की खबरें सामने आती हैं। इसी चुनौती से निपटने के लिए इस बार दिल्ली सरकार ने पहले ही तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने ‘समर एक्शन प्लान-2026’ की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि राजधानी के किसी भी इलाके में पानी की किल्लत नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक में पूरे प्लान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस बार हर विधानसभा क्षेत्र के हिसाब से विस्तृत योजना तैयार की गई है ताकि गर्मियों के दौरान पानी की सप्लाई सुचारू बनी रहे।

Delhi Water Supply

कॉलोनी-वार तैयार की गई पानी सप्लाई की योजना

सरकार ने इस योजना को ज्यादा प्रभावी बनाने के लिए कॉलोनी-वार डिटेल तैयार की है। इसके तहत हर इलाके में पानी सप्लाई के घंटे तय किए गए हैं। साथ ही टैंकर के रूट, पानी की कमी वाले इलाकों की पहचान और संवेदनशील क्षेत्रों की मैपिंग भी की गई है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, इससे किसी भी इलाके में पानी की समस्या सामने आने पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जरूरत पड़ने पर तुरंत वैकल्पिक इंतजाम किए जाएं ताकि लोगों को परेशानी न हो।

दिल्ली को रोज चाहिए 1250 MGD पानी

अधिकारियों के अनुसार, करीब ढाई करोड़ आबादी वाले दिल्ली शहर को सामान्य मानकों के हिसाब से रोजाना लगभग 1250 मिलियन गैलन पानी की जरूरत होती है। हालांकि अभी दिल्ली को करीब 1000 MGD पानी ही मिल पाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी अंतर को ध्यान में रखते हुए समर एक्शन प्लान तैयार किया गया है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि गर्मियों के पीक समय में भी पानी की सप्लाई प्रभावित न हो।

जल संयंत्रों से अधिकतम उत्पादन का लक्ष्य

सरकार ने सभी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से अधिकतम पानी उत्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही भूमिगत और सतही जलाशयों की सफाई, पंपिंग स्टेशनों की मरम्मत और उपकरणों के रखरखाव जैसे काम पहले ही पूरे कर लिए गए हैं।

इसके अलावा पाइपलाइन में लीकेज की पहचान और उसकी मरम्मत भी कराई गई है ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और सप्लाई में किसी तरह की बाधा न आए।

टैंकर व्यवस्था को किया गया मजबूत

जिन इलाकों में पानी की समस्या ज्यादा रहती है, वहां राहत देने के लिए टैंकर सिस्टम को भी मजबूत किया गया है। दिल्ली जल बोर्ड ने फिलहाल 168 विभागीय टैंकर और 819 किराए के टैंकर तैनात किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर गर्मियों के चरम समय में जरूरत पड़ी तो करीब 200 अतिरिक्त टैंकर और किराए पर लिए जा सकते हैं।

GPS से होगी टैंकरों की निगरानी

टैंकर सिस्टम को पारदर्शी बनाने के लिए एक नया ड्राइवर मोबाइल ऐप भी शुरू किया गया है। इस ऐप के जरिए टैंकरों की GPS से ट्रैकिंग की जाएगी और पानी की सप्लाई का फोटो प्रूफ भी लिया जाएगा।

इससे अधिकारियों को रियल टाइम में पूरी जानकारी मिलती रहेगी। साथ ही स्थानीय लोग भी अपने इलाके में टैंकर की मूवमेंट को ट्रैक कर सकेंगे।

शिकायत के लिए 24 घंटे कॉल सेंटर

पानी से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए दिल्ली जल बोर्ड का 24 घंटे चलने वाला कॉल सेंटर भी सक्रिय है। लोग 1916 या टोल-फ्री नंबर 1800117118 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

सरकार का कहना है कि इस बार समर एक्शन प्लान को इस तरह तैयार किया गया है कि दिल्ली के किसी भी हिस्से में गर्मियों के दौरान पानी की किल्लत महसूस न हो और लोगों को राहत मिल सके।



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments