मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव रंग पंचमी के दौरान महाकाल मंदिर में पारंपरिक गैर जुलूस में शामिल हुए, ध्वज पूजन और शस्त्र अनुष्ठानों का पालन किया। उन्होंने सांस्कृतिक संरक्षण और एकता का आग्रह किया, जबकि सीएम हाउस में समारोहों में ब्रज होली थीम पर प्रकाश डाला गया, जिससे राज्य भर में सामाजिक सद्भाव और उत्सव परंपराओं को मजबूत किया गया।
India
-Oneindia Staff
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर से निकलने वाली परंपरागत गेर में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ध्वजा पूजन के साथ अखाड़ों के शस्त्रों की विधि-विधान से पूजा की और शस्त्र संचालन का प्रदर्शन भी किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रंग पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उल्लास की कामना की।

गेर के दौरान मुख्यमंत्री ने जनता के बीच पहुंचकर रंग पंचमी का उत्सव मनाया। कार्यक्रम में रंग-गुलाल के बीच उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री और आम लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रंग पंचमी का यह पावन पर्व सभी के जीवन में उत्साह और उल्लास लेकर आए। उन्होंने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह रंगों का त्योहार समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी संदेश साझा करते हुए लिखा कि रंग पंचमी के अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर से निकलने वाली परंपरागत गेर में ध्वजा और अखाड़ों के शस्त्रों का विधिवत पूजन किया गया। इससे पहले उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
संस्कृति और परंपराओं पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश की संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित और प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कई पारंपरिक त्योहारों को राज्य उत्सव का दर्जा दिया गया है ताकि समाज में आपसी समरसता और सांस्कृतिक जुड़ाव को बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने कहा कि त्योहार लोगों के बीच की दूरियों को कम करते हैं और सामाजिक एकता को मजबूत बनाते हैं। इसलिए ऐसे पर्वों को पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए।
सीएम हाउस में भी मनाई गई थी ब्रज की होली
इससे पहले 5 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित सीएम हाउस में ब्रज थीम पर होली उत्सव मनाया था। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम लोग और संत शामिल हुए थे। कार्यक्रम में फाग गीत और पारंपरिक भजन प्रस्तुत किए गए थे।
सीएम हाउस को ब्रज की होली की थीम पर सजाया गया था, जहां बरसाने की होली जैसा माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में रंगों, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होली का उत्सव मनाया गया। रंग पंचमी के अवसर पर उज्जैन में आयोजित परंपरागत गेर में मुख्यमंत्री की भागीदारी ने उत्सव के माहौल को और भी खास बना दिया।



