Cricket
oi-Naveen Sharma
RCB vs SRH: आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम जब सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मैदान पर उतरी, तो फैंस ने एक खास बात गौर की। कप्तान रजत पाटीदार और टीम के सभी खिलाड़ी अपनी बांह पर काली पट्टी बांधे हुए थे। शुरुआत में फैंस को लगा कि यह किसी दिग्गज खिलाड़ी के निधन पर शोक है, लेकिन इसकी असली वजह बेहद भावुक करने वाली है।
दरअसल, यह काली पट्टी आरसीबी के उन 11 वफादार फैंस को श्रद्धांजलि देने के लिए पहनी गई है, जिनकी पिछले साल एक दुखद हादसे में मौत हो गई थी। आरसीबी की जीत का जश्न मनाने के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ के दौरान इन फैन्स की मृत्यु हो गई थी। उनको ट्रिब्यूट देने के लिए आरसीबी ने काली पट्टी बांधी है।

मैच की शुरुआत से पहले चिन्नास्वामी स्टेडियम का नजारा बेहद भावुक कर देने वाला था। पिछले साल के जश्न के दौरान मची भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 वफादार प्रशंसकों की याद में स्टेडियम में 11 कुर्सियां खाली छोड़ी गई।
आरसीबी प्रबंधन ने यह ऐतिहासिक और सम्मानजनक फैसला लिया है कि ये सीटें अब हमेशा के लिए खाली रहेंगी, जो उन दिवंगत आत्माओं के प्रति एक स्थायी श्रद्धांजलि होगी। यह दृश्य देख हर क्रिकेट प्रेमी की आंखें नम हो गईं, क्योंकि खेल से बड़ा सम्मान आज उन फैंस को दिया जा रहा था जिन्होंने अपनी आखिरी सांस तक टीम का साथ निभाया।
मैदान पर प्रतिद्वंद्विता को किनारे रखकर मानवीय संवेदनाओं की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। न केवल आरसीबी के खिलाड़ियों ने, बल्कि सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाड़ियों ने भी काली पट्टी बांधकर अपना दुख प्रकट किया।
टॉस के बाद पूरे स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया जब दोनों टीमों के खिलाड़ियों और हजारों दर्शकों ने एक साथ एक मिनट का मौन रखा। दिवंगत फैंस की आत्मा की शांति के लिए की गई इस सामूहिक प्रार्थना ने साबित कर दिया कि क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि एक परिवार है जहां अपनों को खोने का दर्द हर दिल महसूस करता है। इसके बाद नेशनल एंथम हुआ और मुकाबला शुरू किया गया।



