Cricket
oi-Sohit Kumar
Vaibhav Sooryavanshi: राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के युवा वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के पहले ही मैच में महफिल लूट ली। वैभव ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ महज 15 गेंदों में अर्धशतक जड़कर राजस्थान को 8 विकेट से धमाकेदार जीत दिलाई। दिलचस्प बात यह है कि तीन दिन पहले ही वैभव का 15वां जन्मदिन था, लेकिन वह मैदान के बाहर जश्न मनाने के मामले में ‘क्लीन बोल्ड’ हो गए थे।
मैच के बाद वैभव ने अपनी पारी और जन्मदिन से जुड़ा एक मजेदार खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वह अपने जन्मदिन पर केक काटने की रस्म का हिस्सा ही नहीं बन पाए थे। इसके पीछे की वजह काफी फनी थी।
आखिर किस से डर गए वैभव सूर्यवंशी?
वैभव ने कहा, ‘मैंने असल में बाहर (होटल में) कुछ नहीं किया – वहां केक कटिंग होनी थी, लेकिन चेहरे पर केक न लगे इस डर से मैं जल्दी सोने चला गया था।’

वैभव सूर्यवंशी ने पावरप्ले में मचाया गदर
चेन्नई को महज 127 रनों पर समेटने के बाद राजस्थान ने लक्ष्य को 12.1 ओवर में ही हासिल कर लिया। अपनी बल्लेबाजी एप्रोच पर वैभव ने कहा, ‘आज का प्लान सिर्फ पावरप्ले में अच्छी तरह से अमल करने का था- शुरुआत में विकेट थोड़ा चिपचिपा महसूस हुआ, लेकिन जैसे-जैसे गेंद पुरानी होती गई, यह बल्ले पर अच्छी तरह आने लगी।
डिफेंस के बारे में क्या बोले वैभव सूर्यवंशी?
उन्होंने आगे कहा, ‘मैं डिफेंस के बारे में सोचता जरूर हूं, लेकिन आज हमारा प्लान पावरप्ले में खेल को कंट्रोल करने का था क्योंकि छोटे लक्ष्य का पीछा करते समय वह फेज बहुत महत्वपूर्ण होता है – अगर गेंदबाजी टीम वहां अच्छा करती है, तो खेल उनकी तरफ झुक सकता है, लेकिन हमारा पावरप्ले बहुत अच्छा रहा।’
कोचों और जायसवाल का साथ
अपनी अटैकिंग बल्लेबाजी पर बात करते हुए वैभव ने बताया, ‘कोचों ने विशेष रूप से यह नहीं कहा कि गेंदबाज मुझ पर हमला करेंगे- बाकी सब पहले से ही ऐसा कह रहे थे- लेकिन उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि वे मेरा समर्थन करते हैं और मुझे अपने नेचुरल गेम पर टिके रहना चाहिए और स्थिति के अनुसार खेलना चाहिए।’
सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल की मदद पर उन्होंने कहा, ‘मेरा ओपनिंग पार्टनर हर गेंद के बाद मुझसे बातचीत करता रहता है – वह मुझे बताता है कि कब सिंगल लेना है, मुझे स्ट्राइक देता रहता है, और अगर गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही है तो मुझे अपने शॉट खेलते रहने के लिए प्रोत्साहित करता है।’
कप्तान रियान पराग ने युवा खिलाड़ी को लेकर क्या कहा?
राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने भी इस युवा खिलाड़ी की जमकर तारीफ की। पराग ने कहा, ‘मैं वैभव से कहता हूं कि तुम 14 मैच खेलो, खेल और मीडिया में क्या चल रहा है इससे तुम्हें परेशान नहीं होना चाहिए। मैं कोचों से कहता हूं कि उसे लंबे समय तक खेलने दें। हम नेट्स में उसे खेलते देख दंग रह गए थे।’
चेन्नई सुपर किंग्स को मिली करारी शिकस्त
आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी है। गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की टीम 19.4 ओवर में महज 127 रनों पर ढेर हो गई। राजस्थान के गेंदबाजों के सामने चेन्नई का कोई भी बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल सका। 128 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने विस्फोटक शुरुआत की और महज 12.1 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। राजस्थान की ओर से नांद्रे बर्गर को उनकी घातक गेंदबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।



