सड़क पर लड़की दिखी, दरिंदों ने रास्ता रोक दिया। दोस्त को पीटा, कपड़े फाड़े और रेप की कोशिश की। जहानाबाद से सारण और अब जमुई-जगह बदली, आरोपी बदले, लेकिन दरिंदगी का पैटर्न नहीं बदला। क्या इस बार कुछ बदलेगा, या फिर एक और घटना कुछ दिनों बाद खबरों के ढेर में दब जाएगी, बिहार में कितनी सुरक्षित हैं बेटियां, समझेंगे; बूझे की नाही में। बीच सड़क पर एक जैसी दरिंदगी की 3 घटनाएं 25 अप्रैल 2018। सुबह करीब 9 बजे। जहानाबाद में एक नाबालिग लड़की कोचिंग से बाहर निकली। तभी अरविंद नाम का युवक बाइक लेकर उसके पास पहुंचा। उसने कहा-‘तुम्हारी सहेली बुला रही है।’ लड़की सहेली के पास जाने के लिए बाइक पर बैठ गई। लेकिन अरविंद उसे सहेली के पास ले जाने के बजाय घोसी रोड की तरफ भरथुआ के आगे एक सुनसान रास्ते पर ले गया। कोर्ट में पीड़िता ने बताया कि वहां अरविंद ने उसके साथ बदसलूकी शुरू कर दी, उसकी सलवार फाड़ दी और उसके साथ गलत हरकत की। इसके बाद वहां 8-9 और लड़के पहुंच गए। पीड़िता के मुताबिक, उन्होंने भी उसके साथ छेड़छाड़ की, कपड़े फाड़े और उसके साथ रेप का प्रयास किया। इसी दौरान घटना का वीडियो भी बनाया गया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पीड़िता के मुताबिक, उसकी चीख सुनकर पास में भैंस चरा रहा एक व्यक्ति वहां पहुंचा। उसने उसे बचाया। इसके बाद अरविंद उसे बाइक पर बैठाकर बैरागीबाग ले गया, जहां उसने कपड़े बदले और फिर उसे घर के पास छोड़ दिया। जाते-जाते धमकी दी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो जान से मार देगा। डर और शर्म की वजह से पीड़िता ने शुरुआत में परिवार को कुछ नहीं बताया। कोर्ट रिकॉर्ड के मुताबिक, घटना के करीब 3-4 दिन बाद पुलिस उसके घर पहुंची। पुलिस को उसने पूरी घटना बताई और फिर अपने माता-पिता को भी जानकारी दी। वीडियो ने खोला पूरा राज 29 अप्रैल 2018 की सुबह करीब 7:25 बजे पुलिस अधिकारी श्याम सुंदर सिंह के मोबाइल पर एक वीडियो आया। वीडियो में कुछ लोग एक लड़की के कपड़े उतारकर उसके साथ रेप का प्रयास करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में घटनास्थल पर पड़ी एक बाइक भी दिख रही थी। पुलिस ने वीडियो को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। जांच में पुलिस ने वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान के लिए अपने सूत्रों की मदद ली। कोर्ट रिकॉर्ड के मुताबिक, कुल 13 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई। इसमें 11 नाबालिग थे। जांच के दौरान पुलिस ने कई आरोपियों के कपड़े, मोबाइल और दूसरी चीजें जब्त कीं। पुलिस के मुताबिक, घटना का वीडियो मोबाइल से रिकॉर्ड किया गया था। वायरल वीडियो और जब्त सामान को फोरेंसिक जांच के लिए भी भेजा गया। जांच में घटनास्थल की पहचान नहर के पूर्वी छोर कंकड़ बीघा की ओर जाने वाले ईंट के खरंजा रास्ते के रूप में की गई। पुलिस को वहां से पीड़िता के कपड़ों से फटा हुआ एक फीता भी मिला। बाद में पीड़िता की फटी शमीज भी जब्त की गई। मेडिकल जांच में क्या मिला? 30 अप्रैल 2018 को पीड़िता की मेडिकल जांच हुई। डॉक्टरों ने उसके शरीर पर बाएं गाल, कान, दाहिनी बांह-कोहनी और बाएं टखने के पीछे चोट के निशान पाए। दोनों दोषियों को 10-10 साल की सजा 27 सितंबर 2021 की दोपहर करीब 3 बजे। सारण के दरियापुर थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मण चौक के पास एक सुनसान सड़क पर स्थानीय मनचलों ने एक महिला और पुरुष को घेर लिया। इसके बाद 6 मनचलों ने महिला के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। महिला चिल्लाती रही, लेकिन आरोपियों ने उसकी साड़ी खींची, उसके साथ अश्लीलता की और पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वारदात के बाद कई दिनों तक मामला दबा रहा। लेकिन 5 अक्टूबर को मनचलों द्वारा बनाया गया यह अमानवीय वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वीडियो वायरल होते ही सारण पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने वीडियो का वेरिफिकेशन किया और महज 8 घंटे के भीतर घटनास्थल की पहचान दरियापुर के लक्ष्मण चौक के रूप में की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सारण पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी (FIR) दर्ज की और कुल 6 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया। इस केस में अब तक किसी को सजा नहीं हुई है। मामला ट्रायल में है। जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी करने वाले मुख्य आरोपी नंदन यादव का पुलिस ने एनकाउंटर किया है। उसने मंगलवार को पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे की है। दोनों पीड़ित बच्चे 10वीं क्लास में पढ़ते हैं। शनिवार को ट्यूशन के बाद दोनों जमुई स्थित मड़वा पहाड़ी घूमने गए थे। लौटते समय कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और इसके बाद ये घटना हुई। बिहार के जमुई में छात्रा के साथ बीच सड़क पर छेड़खानी और अश्लील हरकतें की गई। उसके दोस्त के साथ आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट की। छात्रा के साथ आपत्तिजनक हरकत का वीडियो बनाया और इसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। प्राइवेट पार्ट टच किया दोनों स्टूटेंड्स के साथ करीब 1 घंटे तक अभद्रता की गई। इस दौरान दोनों ने भागने के लिए कई बार संघर्ष किया। इस दौरान नंदन छात्रा का पीछा करता है और उसे पीछे से पकड़ लेता है। जमुई कांड के आरोपियों को कितनी सजा होगी जमुई बदसलूकी और वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने जमुई थाना कांड संख्या 428 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपियों पर BNS की धारा 74, 75, 76 एवं अन्य संबंधित गंभीर धाराएं लगी हैं। इसके अलावा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 और 12 लगी है। अगर कोर्ट में इन धाराओं के तहत आरोप साबित हुए तब… 2 कारणों से बिहार के लिए चिंताजनक हालात 1. रोज 7 लड़कियों से रेप, राजधानी सबसे असुरक्षित बिहार पुलिस विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से मार्च तक मासूम बच्चियों, नाबालिग, युवतियों और महिलाओं से रेप के 653 केस दर्ज हुए हैं। मतलब हर महीने 218 केस। यानी हर दिन 7 रेप। इसमें फरवरी तक 388 केस 18 से कम उम्र की मासूमों के साथ रेप के हैं। जबकि, मार्च तक 265 केस 18 से अधिक उम्र वालों के साथ रेप के केस दर्ज किए गए हैं। अगर सालभर के आंकड़ों को देखें तो पिछले तीन सालों से लगातार रेप के केस बढ़ रहे हैं। 2023 में कुल 3089 केस दर्ज हुए। इसके बाद 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर 3248 पहुंच गया। फिर 2025 में बिहार के अंदर रेप का आंकड़ा और बढ़ा, कुल 3,341 केस दर्ज हुए। रेप के मामले में टॉप पर राजधानी पटना रेप जैसे संगीन मामले में पूरे बिहार में पटना टॉप पर है। बिहार पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, 2023 से 2025 तक सिर्फ पटना जिले में कुल 887 रेप के केस दर्ज किए गए हैं। इसी कतार में भागलपुर, बेतिया, नालंदा और पूर्णिया जिला भी शामिल है। इन जिलों में 18 से कम और इससे अधिक उम्र की मासूम लड़कियों और महिलाओं के साथ रेप की घटनाएं काफी हुई हैं। 2. बिहार में सबसे ज्यादा बढ़ रहे किशोरों के अपराध राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB)- 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार 2024 में नाबालिगों (किशोरों) के अपराध के मामलों में देश में टॉप पर रहा। 2024 में 5,037 मामले सामने आए, जिसमें आरोपी किशोर थे। मतलब जेन-Z।
Source link
कपड़े फाड़े, बॉडी छुई, चिल्लाती रही लड़की: बीच सड़क पर 3 बार एक जैसी दरिंदगी, जमुई वाले दरिंदों का आगे क्या होगा – Bihar News
RELATED ARTICLES



