कोलकाता7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
हादसा बुधवार दोपहर को दक्षिण कोलकाता के तारातला स्थित निर्माणाधीन गोदाम में हुआ।
कोलकाता के गोदाम हादसे में मरने वालों का आंकड़ा 11 हो गया है। गुरुवार को 6 और लोगों के शव मिले। इसके अलावा, अब तक 30 लोगों को बचाया गया है। इनमें 2 ICU में है। 18 की हालत खतरे से बाहर है।
हादसे के करीब 26 घंटे बाद भी सेना, NDRF, SDRF, कोलकाता पुलिस, दमकल विभाग, सेना और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से मलबा हटाने और फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं। सेना ने इसके लिए ग्राउंड-पेनेट्रेटिंग रडार (GPR) सिस्टम भी लगाया है।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इसकी वजह निर्माण संबंधी तकनीकी खामी या संरचनात्मक कमजोरी की आशंका जताई जा रही है। इस मामले में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन की 7 तस्वीरें…

NDRF और सेना के जवानों ने गुरुवार को मलबे में लोगों की तलाश की।

आर्मी ने मौके पर ही प्राथमिक इलाज के लिए हॉस्पिटल बनाया है।

शेड एक शख्स के सिर पर गिर गया जिससे उसका सिर पूरी तरह दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शेड और मलबे में दबने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

गोदाम में मौजूद कुछ लोग लोहे के पोल के नीचे दबे हुए हैं जिन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

गंभीर रूप से घायल लोगों को स्ट्रेचर की मदद से एंबुलेंस तक ले जाया गया।

हादसे में कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
ब्रोकर से लेकर अब तक 5 गिरफ्तार
- गुलजार हुसैन (अयान ट्रेडर्स का सुपरवाइजर)
- कमल सामंतो (लोहे के ढांचे का फैब्रिकेटर )
- संभूनाथ बेहरा (जमीन का लीजधारक)
- दिवाकर भंडारी (ठेकेदार और लेबर सप्लायर )
- अब्दुल हमीद (केएमसी से सैंक्शन प्लान पास कराने वाला ब्रोकर)
CM ने कहा- कोलकाता में सभी निर्माणाधीन इमारतों का होगा ऑडिट
सीएम सुवेंदु अधिकारी ने कोलकाता नगर निगम (KMC) क्षेत्राधिकार में आने वाली सभी निर्माणाधीन प्रोजेक्ट्स का ऑडिट कराने की घोषणा की है। सीएम ने कहा कि यह ऑडिट उन सभी प्रोजेक्ट्स का होगा, जिन्हें पिछली TMC सरकार के कार्यकाल में मंजूरी दी गई थी।
सरकार के अनुसार, ऑडिट का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि निर्माण कार्य निर्धारित मानदंडों के अनुसार हो रहा है या नहीं। जिन प्रोजेक्ट्स में अनियमितता या सुरक्षा संबंधी खामियां पाई जाएंगी, उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
बिना छुए ही वस्तु या ढांचे की पहचान कर सकता है GPR
ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (GPR) एक ऐसी टेक्नोलॉजी है, जो किसी वस्तु या ढांचे को छुए बगैर ही उसके नीचे मौजूद कंक्रीट, केबल, धातु, पाइप या अन्य वस्तुओं की पहचान कर सकती है। इसकी मदद 8-10 मीटर तक की वस्तुओं का पता लगाने में ली जाती है।
जीपीआर मूल रूप से 1930 के दशक में ग्लेशियर की मोटाई मापने के लिए विकसित किया गया था। बाद में जीपीआर के लिए 1960 में हार्डवेयर और 1970 में सॉफ्टवेयर विकसित हुए। अब यह टेक्नोलॉजी और भी हाईटेक हो चुकी है।

——————–
ये खबर भी पढ़ें….
कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम ढही, मलबे में दबा मजदूर बोला- मेरा पैर काट लो; लेकिन मुझे बचा लो

दक्षिण कोलकाता के तारातला ट्रांसपोर्ट डिपो के पास बुधवार दोपहर 12:07 बजे निर्माणाधीन गोदाम का शेड गिर गया। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। मलबे में दबे 20 लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया है, जिनमें दो आईसीयू में है। अन्य 18 की हालत खतरे से बाहर है। पूरी खबर पढ़ें…




