Last Updated:
Best Places to Visit Near Nainital: नैनीताल की भीड़भाड़ से दूर अगर आप पहाड़ों में ऐसी जगह तलाश रहे हैं, जहां झील, जंगल, बादल और हरियाली के बीच सुकून के कुछ पल बिताए जा सकें, तो हरीशताल आपका अगला ट्रैवल डेस्टिनेशन बन सकता है. नैनीताल जिले का यह कम चर्चित इलाका मानसून में और भी खूबसूरत हो जाता है, जब पहाड़ बादलों और धुंध से घिर जाते हैं और झील का नजारा देखते ही बनता है. खास बात यह है कि आसपास एक और ऐसी झील है, जो अपने अनोखे आकार के लिए जानी जाती है.
नैनीताल की खूबसूरत नैनीझील, माल रोड और पर्यटकों की भीड़ से तो लगभग हर कोई परिचित है, लेकिन अगर आप पहाड़ों में किसी शांत और कम चर्चित जगह की तलाश में हैं, तो हरीशताल आपको आकर्षित कर सकता है. नैनीताल जिले के ओखलकांडा ब्लॉक में स्थित यह क्षेत्र प्राकृतिक खूबसूरती से घिरा है. यहां झील, जंगल, पहाड़ और हरियाली मिलकर ऐसा माहौल बनाते हैं, जहां शहर की भागदौड़ से दूर कुछ पल सुकून से बिताए जा सकते हैं.
हरीशताल चारों ओर से पहाड़ों और घने जंगलों से घिरी हुई है. शांत वातावरण और झील का प्राकृतिक सौंदर्य यहां पहुंचने वाले लोगों को खास अनुभव देता है. बारिश के मौसम में इसका नजारा और भी मनमोहक हो जाता है. पहाड़ों पर छाई हरियाली, बादलों की आवाजाही और झील के आसपास का शांत वातावरण इस जगह को और भी खूबसूरत बनाते हैं. प्रकृति और फोटोग्राफी पसंद करने वालों के लिए यह जगह खास हो सकती है.
हरीशताल पहुंचने के लिए हल्द्वानी से पहाड़ी रास्तों का सफर करना पड़ता है. यह हल्द्वानी से करीब 75 किलोमीटर और काठगोदाम से लगभग 69 किलोमीटर दूर बताया जाता है. हल्द्वानी से हैड़ाखान रोड की ओर बढ़ते हुए इस क्षेत्र तक पहुंचा जा सकता है. पहाड़ी रास्तों पर सफर के दौरान बदलते प्राकृतिक दृश्य यात्रा को भी खास बना देते हैं. हालांकि, यहां जाने से पहले स्थानीय रास्तों और मौसम की स्थिति की जानकारी लेना जरूरी है
Add News18 as
Preferred Source on Google
हरीशताल की खूबसूरती के साथ यहां आसपास मौजूद लोहाखाम ताल भी आकर्षण का केंद्र है. स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार यह झील अपने दिल के आकार के लिए जानी जाती है. यानी एक ही क्षेत्र में आप दो प्राकृतिक झीलों को देख सकते हैं, जो पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों को आकर्षित करता है. झील के आसपास के जंगल और पहाड़ी नजारे इस पूरे क्षेत्र की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं.
हरीशताल की सबसे बड़ी खासियत यहां का शांत और प्राकृतिक वातावरण है. नैनीताल जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों की तुलना में यहां पर्यटकों की भीड़ काफी कम देखने को मिलती है. चारों तरफ जंगल, खेत, पहाड़ और हरियाली नजर आती है. ऐसे में अगर आपका मन शहर के शोर से दूर कुछ समय प्रकृति के बीच बिताने का है, तो यह जगह आपको अलग अनुभव दे सकती है. यहां पहुंचकर पहाड़ों की शांति को करीब से महसूस किया जा सकता है.
मानसून के दौरान हरीशताल की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है. बारिश के बाद पहाड़ों पर हरियाली और ज्यादा बढ़ जाती है और जंगलों के बीच बादलों की आवाजाही इस पूरे इलाके को बेहद खूबसूरत बना देती है. कई बार पहाड़ धुंध और बादलों से ढके नजर आते हैं, जिससे यहां का वातावरण बेहद खूबसूरत नजर आता है. झील, जंगल और बादलों का यह नजारा लोगों को आकर्षित करता है.
हरीशताल सिर्फ खूबसूरत झील देखने की जगह नहीं, बल्कि प्रकृति को करीब से महसूस करने का मौका भी देता है. यहां आसपास के पहाड़ी रास्ते और जंगल ट्रैकिंग पसंद करने वालों को आकर्षित कर सकते हैं. वहीं झील, पहाड़, बादल और हरियाली फोटोग्राफी और रील प्रेमियों के लिए बेहद खास जगह है. यहां आने वाले लोग प्रकृति के खूबसूरत नजरों के साथ जमकर तस्वीरें लेते हैं. यहां पहुंचकर आप शांत माहौल में समय बिताने और पहाड़ी जीवन को करीब से देखने का आनंद ले सकते हैं.
हरीशताल एक दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र है और यहां लोकप्रिय पर्यटन स्थलों जैसी व्यावसायिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, ज्यादा लोग इस जगह के बारे में नहीं जानते हैं. यहां आपको पक्के होटल या बड़ी संख्या में होमस्टे जैसी सुविधाएं नहीं मिलतीं, इसलिए यहां जाने वाले पर्यटकों को अपनी यात्रा की तैयारी पहले से करनी चाहिए. खाने-पीने की आवश्यक चीजें, जरूरी सामान और ट्रिप की योजना बनाकर जाना बेहतर रहेगा.



