Homeटेक्नोलॉजीपंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: निहंगों ने 'खालसा टैक्स' वसूला; SDM ने...

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: निहंगों ने ‘खालसा टैक्स’ वसूला; SDM ने शराब पार्टी पकड़ी; प्राइवेट स्कूल 5% से ज्यादा फीस नहीं बढ़ा सकेंगे – Chandigarh News


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर प्राइवेट स्कूलों से जुड़ी रही। CM भगवंत मान ने कहा कि प्राइवेट स्कूल अब मनमाने ढंग से फीस नहीं बढ़ा पाएंगे। इसके लिए सरकार सख्त कानून लेकर आएगी

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. प्राइवेट स्कूलों पर शिकंजा, फीस बढ़ाने की लिमिट तय

पंजाब सरकार ने प्रदेश के प्राइवेट स्कूलों पर लगाम लगाने की तैयारी की है। बुधवार को चंडीगढ़ में CM हाउस पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि प्राइवेट स्कूल अब मनमाने ढंग से फीस नहीं बढ़ा पाएंगे।

साथ ही पेरेंट्स को किसी विशेष दुकान से किताबें और ड्रेस खरीदने के लिए मजबूर भी नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार कानून लेकर आ रही है, जिसके तहत अब प्राइवेट स्कूल साल में ज्यादा से ज्यादा 5 फीसदी फीस ही बढ़ा पाएंगे। इतना ही नहीं, जिन स्कूलों ने पिछले 3 सालों में 15 फीसदी से अधिक फीस बढ़ाई है, उन्हें अतिरिक्त फीस पेरेंट्स को वापस भी करनी पड़ेगी।

CM मान ने बताया कि इसके लिए सरकार सख्त कानून लेकर आएगी, जो आगामी विधानसभा सत्र में पारित किया जाएगा। यह नियम सभी तरह की फीस पर लागू होगा। कैप्टन सरकार की ओर से लाए गए कानून को कैंसिल करेंगे। फीस न भर पाने की वजह से अमृतसर में 12वीं की छात्रा के सुसाइड के बाद सरकार ने यह फैसला लिया है। (पढ़ें पूरी खबर)

2. निहंगों ने लगाया ‘खालसा टैक्स’, ₹100 से ₹500 तक वसूली

हिमाचल सरकार के एंट्री टैक्स के विरोध में पंजाब में निहंगों ने खालसा टैक्स की वसूली शुरू कर दी है। इसकी अगुआई निहंग संगठन तरना दल कर रहा है। बुधवार से ही कुल्लू-मनाली हाईवे पर कीरतपुर साहिब में इसकी वसूली की जा रही है।

तरना दल के निहंग अच्छर सिंह ने कहा कि कार समेत छोटी गाड़ियों से 100 रुपए, छोटे कॉमर्शियल वाहनों से 200 रुपए और बड़ी गाड़ियों से 300 से 500 रुपए की वसूली की जा रही है। इसके अलावा दोपहर 3 बजे तक इसी हाईवे पर गांव मोड़ा के पास रोड भी जाम की जाएगी। इस तरह के टैक्स को गैरकानूनी बताने के सवाल पर निहंग अच्छर सिंह ने कहा कि यह पैसा सरबत के भले के लिए यूज होगा।

हम किसी से जोर जबरदस्ती नहीं करेंगे। निहंग ने कहा कि NHAI जो टैक्स लेती है, उसके जरिए रोड बनाकर देती है। उससे हमें कोई नुकसान नहीं है। मगर, हिमाचल सरकार गुंडा टैक्स ले रही है। उन्होंने हिमाचल और पंजाब सरकार को चेतावनी दी कि अगर उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो फिर वह पूरी तैयारी से आएं क्योंकि हम भी संघर्ष के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

3. BJP प्रधान बोले- महाराजा रणजीत सिंह वाली सरकार बनाएंगे

ezgif 1febea48c9cd96711780467274 1780480021

पंजाब भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। इस मौके पर एक समागम आयोजित किया गया, जिसमें पूजा-अर्चना की गई। साथ ही महाराजा रणजीत सिंह की तस्वीर का विमोचन किया।

इस मौके पर ढिल्लों ने कहा- आज ऐतिहासिक दिन है। महाराजा रणजीत सिंह शेर-ए-पंजाब की तस्वीर भाजपा कार्यालय में लगाई गई है। उन्होंने जो राज चलाया था, उसमें सभी को एक नजर से देखा जाता था और सबको समान माना जाता था। भारतीय जनता पार्टी 2027 में पंजाब में महाराजा रणजीत सिंह वाली सरकार बनाने जा रही है। इसके बाद सेक्टर-37 स्थित लॉ भवन में एक कार्यक्रम हुआ, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ समेत अन्य नेता शामिल हुए।

इसमें बिट्‌टू ने कहा कि मुझे हारने के बाद भी मंत्री बनाया गया, जबकि पिछली पार्टी ने मुझे सदस्य भी नहीं बनाया था। अब पंजाब में डबल इंजन की सरकार लाने की जरूरत है। वहीं, कार्यकारी प्रधान अश्वनी शर्मा ने कहा- पंजाब के लिए यह चुनौतीपूर्ण समय है। लोग भाजपा की ओर देख रहे हैं। AAP को ये जड़ से उखाड़ फेंकेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

4. रेस्टोरेंट में लगी आग, कर्मचारी की मौत

ezgif 504c2b078be380491780472445 1780484940

फिरोजपुर के कैंट में रेस्टोरेंट में आग लग गई। आग लगते ही रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान एक कर्मचारी की मौत हो गई। आग में झुलसने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचने मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। तीन गाड़ियां आग पर काबू पाने के लिए पहुंचीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग रेस्टोरेंट के अंदरूनी हिस्से में लगी थी, जिससे फर्नीचर व अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है।

लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट के ऊपरी हिस्से तक पहुंचने का सीधा रास्ता नहीं होने के कारण राहत कार्य में दिक्कत आई। ऐसे में फायर ब्रिगेड के कर्मचारी बाहर से सीढ़ियां लगाकर आग बुझाने में जुटे। (पढ़ें पूरी खबर)

5. बारिश का ऑरेंज अलर्ट, आंधी के साथ आसमानी बिजली भी चमकेगी

ezgif 1dc1513203ef06d0 1780480194

पंजाब-चंडीगढ़ में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। आज (3 जून )से एक बार फिर वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने वाला है। इसकी वजह से दो दिन राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, आसमानी बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक पिछले दिन की तुलना में तापमान में 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि यह अभी भी यह सामान्य से 2.3 डिग्री नीचे बना हुआ है। सबसे गर्म बठिंडा रहा, जहां 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। सारे जिलों का तापमान 35.3 से 40 डिग्री के बीच में दर्ज किया गया। ऐसे में हीट वेव नहीं चलेगी।

मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक 4 जून को पंजाब के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 5 और 6 जून को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. मजीठिया के वकीलों को 24 घंटे में FIR कॉपी देने का आदेश

ezgif 2e424d82148407c71780300213 1780482411

शिरोमणि अकाली दल के सीनियर नेता व पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया पर गिरफ्तारी की तलवार लटकी हुई है। मजीठा थाने से जबरन अपने साथी को छुड़ाने को लेकर उन पर केस दर्ज हुआ है। इस बीच अमृतसर जिला कोर्ट ने अमृतसर ग्रामीण पुलिस को आदेश दिया है कि 24 घंटे के अंदर मजीठिया के वकीलों को FIR की कॉपी उपलब्ध करवाई जाए, ताकि वे मामले में कानूनी कार्रवाई और पैरवी कर सकें।

मजीठिया के वकीलों ने कोर्ट में याचिका दर्ज की थी। याचिका में कहा गया कि मजीठा थाना के एसएचओ FIR की कॉपी उपलब्ध नहीं करवा रहे हैं। ये विवाद मजीठिया के साथी से जुड़ा है, जिसे पुलिस ने जबरदस्ती उठा लिया था। पुलिस का आरोप है कि बिक्रम मजीठिया मजीठा पुलिस थाने पर हमला कर आरोपी को छुड़ा ले गए। साथ ही रिकॉर्ड को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद अमृतसर पुलिस ने मजीठिया और उनके साथियों पर केस दर्ज किया।

इसके बाद मजीठिया के वकीलों ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की, जिस पर अदालत ने जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया। 2 जून को जवाब दाखिल करने के लिए पुलिस ने समय मांगा था। (पढ़ें पूरी खबर)

7. बहन को वीडियो वॉट्सएप कर भाई ने सुसाइड किया

ezgif 409b87976c34044e 1780480370

गुरदासपुर में युवक ने नहर में कूदकर सुसाइड कर लिया। मरने से पहले उसने एक वीडियो बनाया। जिसमें आरोप लगाया कि पहले उसे प्यार के जाल में फंसाया गया। फिर उसके साथ शादी कर परेशान किया गया। उसके सिर पर छित्तर (जूते) मारे गए। लोगों के सामने पीटा। वह प्रॉपर्टी हड़पने के चक्कर में थे।

युवक ने आगे कहा कि उसकी पत्नी और ससुर समेत मौत के जिम्मेदार सभी आरोपियों को जेल दिखाई जाए। यह वीडियो उसने बहन को वॉट्सएप पर भेजी और फिर नहर में छलांग लगा दी। वीडियो देखने के बाद परिवार जब तक पहुंचा तो युवक की मौत हो चुकी थी।

जोबनप्रीत सिंह के पिता हरपिंदर सिंह ने रोते हुए बताया कि बेटा इकलौता था और वह दिल के मरीज हैं, इसलिए जोबनप्रीत उन्हें अपनी पूरी तकलीफ नहीं बताता था, ताकि उन्हें कुछ न हो जाए। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद 6 आरोपियों पर केस दर्ज कर 5 को गिरफ्तार कर लिया है। (पढ़ें पूरी खबर)

8. चार कर्मचारी ऑफिस में शराब पीते मिले, SDM ने पकड़े

ezgifcom resize 11780471169 1780479119

चंडीगढ़ सेक्टर-26 स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय में 27 मई को हुई एक रेड का खुलासा हुआ है। यह रेड मार्केट कमेटी की प्रशासक एवं एसडीएम (ईस्ट) खुशप्रीत कौर ने मारी थी। हालांकि, इस रेड की जानकारी अब तक सार्वजनिक नहीं की गई थी।

हालांकि, जिस शिकायतकर्ता की शिकायत पर यह रेड हुई, उसने इसका खुलासा करते हुए बताया है कि रेड के दौरान एसडीएम को मार्केट कमेटी कार्यालय में 4 कर्मचारी ड्यूटी के दौरान शराब पीते हुए मिले थे। लेकिन, बड़ी बात यह है कि अब तक इसमें किसी भी कर्मचारी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन इस केस को दबाने की कोशिश कर रहा है।

इस पर एसडीएम का कहना है कि उन्होंने मौके से सबूत जुटाने के साथ फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी करवाई थी। इसके बाद कर्मचारियों का सेक्टर-16 अस्पताल में मेडिकल कराया गया। जब तक इनकी मेडिकल रिपोर्ट नहीं आती, तब तक इन पर कार्रवाई नहीं हो सकती। वहीं, पुलिस का कहना है कि आज शाम तक मेडिकल रिपोर्ट संबंधित अधिकारी को सौंप दी जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर)

9. गांव में घुसा तेंदुआ, सड़क किनारे बैठा दिखा

ezgif 3e3abcf4bf701bdf 1780483384

होशियारपुर के मुकेरियां में सड़क किनारे तेंदुआ दिखाई दिया। इसका वीडियो भी सामने आया है। ये वीडियो गाड़ी में जा रहे शख्स ने बनाया। वीडियो में तेंदुआ सड़क किनारे बने पैराफिट पर बैठा नजर आ रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि गाड़ी ड्राइवर लगातार हॉर्न बजाता है। लेकिन तेंदुए पर इसका कोई असर नहीं पड़ता। यहां तक कि गाड़ी की हेडलाइट उसकी तरफ करने के बावजूद वह अपनी जगह से नहीं हिलता और काफी देर तक वहीं बैठा रहता है।

वीडियो बना रहे शख्स ने कहा कि यह वीडियो मुकेरियां-हाजीपुर रोड पर गांव खड़क ब्ला के पास का है। वीडियो में वह स्थानीय लोगों और राहगीरों को अलर्ट रहने की सलाह भी देता सुनाई दे रहा है।

तेंदुए के देखे जाने की सूचना फैलते ही आसपास के गांवों के लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इलाके में तेंदुआ मौजूद है तो लोगों, खासकर बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर खतरा पैदा हो सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से इलाके में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके…

10. दुर्ग्याणा मंदिर में युवक-युवती ने रील बनाई, डांस करते हुए दिखे

311780464078 1780479307

अमृतसर स्थित दुर्ग्याणा मंदिर में एक जोड़े ने पंजाबी गाने पर रील बना दी। रील में युवक-युवती मंदिर की परिक्रमा में डांस करते दिख रहे हैं। उनके बैकग्राउंड में पंजाबी गाना ‘नी तू दिल लैजा मितरां दा’ बज रहा है। इसके बाद रील को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया।

यह वीडियो सामने आते ही हिंदू संगठन भड़क उठे हैं। उन्होंने इस पर एतराज जताते हुए कहा कि प्रशासन तुरंत इस पर कार्रवाई करे। रील बनाने वालों के खिलाफ कानूनी एक्शन लिया जाए। ऐसा न हुआ तो वह दुर्ग्याणा मंदिर कमेटी के ऑफिस के बाहर मरणव्रत पर बैठ जाएंगे।

दुर्ग्याणा मंदिर में हनुमान मंदिर के चेयरमैन राकेश का कहना है- मुझे जब इस वीडियो के बारे में पता चला तो मैंने तुरंत इस बारे में पुलिस में कंप्लेंट की। हालांकि, बाद में पूरा परिवार हमारे पास पहुंचा और माफी मांग ली। हमने सख्त चेतावनी देते हुए उन्हें जाने दिया।इस जोड़े की नई-नई शादी हुई है। इसके बाद ये मंदिर में माथा टेकने आए थे। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments