Homeअपराधफोन पर बेटी ने मां से लगाई गुहार, सिसकते हुए बोली- मुझे...

फोन पर बेटी ने मां से लगाई गुहार, सिसकते हुए बोली- मुझे GB रोड के कोठा नंबर 58 से बचा लो, रुला देगी 8 साल के बच्चे की कहानी


नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने जीबी रोड स्थित कोठा नंबर-58 में महिलाओं की कथित तस्करी और उन्हें जबरन देह व्यापार में धकेलने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. जीबी रोड के कोठा नंबर 58 की कहानी सुनकर आप भी हैरान हो जाएंगे कि कैसे शादीशुदा महिलाएं जिस्मफरोशी के दलदल में फंस जाती हैं. दिल्ली की कमला मार्केट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि दो पीड़ित महिलाओं को रेस्क्यू कराया गया है. पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाओं को रोजगार दिलाने का झांसा देकर दिल्ली लाया गया था और बाद में कथित तौर पर जबरन देह व्यापार में धकेल दिया गया. खास बात यह है कि एक महिला का 8 साल का बेटा भी है, जो अब लापता है. जानिए दिल्ली के जीबी रोड पर नाबालिग लड़कियों के साथ-साथ अब शादीशुदा महिलाएं कैसे पहुंचने लगी हैं.

सबसे पहले उन तीन महिलाओं के बारे में जानें, जिसे दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इन तीनों महिलाओं ने चौकाने वाले खुलासे किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गीता, मंजू और पारो खातून के रूप में हुई है. तीनों जीबी रोड इलाके में कोठे की देखरेख से जुड़ी बताई गई हैं. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि तीनों आरोपी पहले भी जीबी रोड पर लड़कियों और महिलाओं को बहलाफुसला कर लाती रही है. दिल्ली पुलिस ने पहले भी इन तीनों को मानव तस्करी और महिलाओं के शोषण से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार कर चुकी है और फिलहाल अदालत से जमानत पर थीं.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक 26 अगस्त को करीब 60 साल की एक महिला महिला पुलिस चौकी पहुंची.

मां से फोन पर बोली बेटी- मुझे GB रोड से बचा लो

दिल्ली पुलिस के मुताबिक 26 अगस्त को करीब 60 साल की एक महिला महिला पुलिस चौकी पहुंची और अपनी 26 वर्षीय बेटी के लापता होने की जानकारी दी. महिला ने बताया कि उसकी बेटी पश्चिम बंगाल से 2 मई 2026 से लापता थी. इस बीच 25 अगस्त को बेटी ने अपनी मां से संपर्क कर बताया कि उसे जीबी रोड के कोठा नंबर-58 में रखा गया है और उसने मदद की गुहार लगाई. सूचना मिलते ही महिला पुलिस चौकी की प्रभारी किरण सेठी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचीं और महिला को वहां से रेस्क्यू कराया.

कैसे महिलाएं पहुंची जीबी रोड के कोठा नंबर-58

पूछताछ में पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 2 मई को वह पश्चिम बंगाल के एक रेलवे स्टेशन पर थी. इसी दौरान करीब 30 साल के एक व्यक्ति कालू ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया और अपने साथ दिल्ली ले आया. आरोप है कि दिल्ली पहुंचने के बाद उसने पीड़िता का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया और उसे गीता के हाथों बेच दिया.

जीबी रोड का कोठा नंबर – 58 पर चल रहा था गंदा काम.

एक महीने घर में रखा, फिर कोठे पर पहुंचाया

पुलिस के मुताबिक, गीता ने महिला को करीब एक महीने तक अपने घर में रखा. इसके बाद उसे जीबी रोड के कोठा नंबर-58 में ले जाया गया, जहां उसे कथित तौर पर देह व्यापार में धकेल दिया गया. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके जरिए कमाए गए पैसे गीता और मंजू अपने पास रखती थीं. पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश कर रही है जिसने कथित तौर पर महिला को नौकरी के बहाने दिल्ली लाकर उसे बेच दिया.

दूसरी महिला को 8 साल के बेटे की हत्या की धमकी

इसी परिसर से पुलिस ने दूसरी 28 वर्षीय महिला को भी रेस्क्यू किया. पुलिस के मुताबिक, महिला ने बताया कि करीब दो साल पहले पश्चिम बंगाल में पति और सास से विवाद के बाद वह अपने 8 साल के बेटे के साथ घर से निकल गई थी. रेलवे स्टेशन जाते समय एक महिला ने उससे संपर्क किया और उसके बेटे को खाना-पीना देकर उसका भरोसा जीत लिया. इसके बाद वह दोनों को अपने घर ले गई. अगले दिन महिला, पीड़िता और उसके बेटे को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन लेकर आई और वहां से ऑटो के जरिए गीता के घर पहुंचाया.

पीड़िता के मुताबिक, उसे झाड़ू-पोंछा करने की नौकरी देने का वादा किया गया था. (फाइल फोटो)

जीबी रोड के कोठा नंबर-58 पर आधी रात को क्या हुआ?

पीड़िता के मुताबिक, उसे झाड़ू-पोंछा करने की नौकरी देने का वादा किया गया था, लेकिन बाद में उसे जबरन देह व्यापार में धकेल दिया गया. महिला ने पुलिस को बताया कि विरोध करने पर उसे धमकी दी गई कि अगर उसने देह व्यापार करने से इनकार किया तो उसके 8 साल के बेटे को मार दिया जाएगा.

बेटे को हॉस्टल भेजा, 3-4 महीने में एक बार मिलने देती थी

पीड़िता ने आरोप लगाया कि बाद में उसके बेटे को आरोपी पारो खातून ने एक हॉस्टल में भेज दिया. महिला के मुताबिक, उसे अपने बेटे से तीन-चार महीने में केवल एक बार मिलने की अनुमति दी जाती थी. पुलिस अब पीड़िता के 8 वर्षीय बेटे का पता लगाने और उसे बरामद करने की कोशिश कर रही है.

55 हजार कैश, रजिस्टर और टोकन बरामद

दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कोठे के परिसर से 55 हजार रुपये नकद, टोकन, रजिस्टर और बिजली का बिल भी बरामद किया है. दोनों पीड़ित महिलाओं का लोकनायक अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया और उन्हें काउंसलिंग भी दी गई. पुलिस ने दोनों के बयान दर्ज कर अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं.

दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए हैं.

पहले भी मानव तस्करी के केस में फंसी थीं आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पारो खातून, मंजू और गीता पहले भी मानव तस्करी और महिलाओं के शोषण से जुड़े मामले में आरोपी रह चुकी हैं. यह मामला कमला मार्केट थाने में वर्ष 2025 में FIR नंबर 139/25 के तहत दर्ज हुआ था. पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी इस मामले में अदालत से जमानत पर बाहर थीं. अब एक बार फिर उनके खिलाफ मानव तस्करी और देह व्यापार से जुड़े आरोपों में कार्रवाई की गई है.

दिल्ली पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए हैं. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस कथित नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं. पुलिस खास तौर पर उस व्यक्ति कालू की तलाश कर रही है, जिस पर पहली पीड़िता को नौकरी का झांसा देकर पश्चिम बंगाल से दिल्ली लाने और कथित तौर पर बेचने का आरोप है. पुलिस का कहना है कि मानव तस्करी और महिलाओं के शोषण के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है. साथ ही दूसरी पीड़िता के 8 वर्षीय बेटे को सुरक्षित बरामद करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं.



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments