कोलकाता42 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पीएम मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर में पश्चिमबंग दिवस समारोह में शामिल हुए।
पश्चिम बंगाल के हुगली में में पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि जब पूरे बंगाल को पाकिस्तान का हिस्सा बनाने की कोशिश हुई तो कांग्रेस उन षडयंत्रकारियों के सामने घुटने टेके पड़ी थी। बंगाल की आवाज को मजहबी एजेंडों से दबाया जा रहा था तब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने प्रस्ताव पास कराया और घोषणा की कि पूरा बंगाल पाकिस्तान का हिस्सा नहीं बनेगा।
प्रधानमंत्री बंगाल में भाजपा की जीत के 47 दिन बाद बंगाल पहुंचे थे। इस दौरान मोदी ने कहा- जो बंगाल भारत के विकास का नेतृत्व कर सकता तो वो बंगाल पिछड़ता चला गया। बंगाल की धरती पर विदेशी विचारधारा सौंपी गई। पहले कांग्रेस, लेफ्ट और फिर टीएमसी ने बंगाल को अवैध घुसपैठियों का अड्डा बनने दिया।
पीएम ने कहा कि अब राज्य में कानून का राज स्थापित करने और विकास को गति देने के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। पश्चिम बंगाल के हुगली में पीएम नरेंद्र मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
विधानसभा चुनाव जीतने के बाद यह उनका पहला दौरा है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) की 23वीं किस्त जारी की और राज्य में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) की शुरुआत की।

पीएम की 5 बड़ी बातें…
- बंगाल बंधनों से मुक्त हुआ, गौरव की वापसी शुरू: चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में नया माहौल बना है और राज्य विकास की नई यात्रा पर आगे बढ़ रहा है। बंगाल में लोगों के चेहरों पर खुशी और भरोसा दिख रहा है, जो लोकतंत्र और वोट की ताकत का प्रमाण है।
- चुनावी गारंटी पूरी, बंगाल के गरीबों को आयुष्मान भारत का लाभ: चुनाव के दौरान उन्होंने आयुष्मान भारत योजना लागू करने की गारंटी दी थी। अब यह सुनिश्चित किया गया है कि पश्चिम बंगाल के हर गरीब को योजना का लाभ मिले। महिलाओं को अन्नपूर्णा योजना के तहत भी सीधे लाभ मिलना शुरू हो गया है।
- विकसित भारत की नींव पूर्वी भारत का विकास: भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य पर काम कर रहा है। इसके लिए पूर्वी भारत के विकास को सबसे अहम मानते हुए केंद्र सरकार मिशन पूर्वोदय के तहत क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति दे रही है।
- जर्जर इंफ्रास्ट्रक्चर से तेज विकास की ओर बढ़ रहा बंगाल: कभी खराब सड़कों और जर्जर बुनियादी ढांचे से जूझने वाला बंगाल अब तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कोलकाता मेट्रो की ऑरेंज लाइन के चिंगरीघाटा क्रॉसिंग का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्षों से अटका काम अब पूरा हो चुका है और लंबित परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
- नई सरकार बनने के बाद सीमा बाड़बंदी का काम शुरू हुआ: पिछली सरकारों ने दशकों तक भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़बंदी के लिए जमीन हस्तांतरण का काम रोक रखा था। नई सरकार बनने के बाद इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया और सीमा सुरक्षा से जुड़े लंबित कार्यों को पूरा करने की शुरुआत हुई।

मोदी ने बंगाल में किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी की
PM मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी की। इसके तहत देशभर के 9.44 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में ₹18,880 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। अकेले बंगाल में, 45 लाख से ज्यादा लाभार्थियों के खातों में 900 करोड़ रुपए जमा किए गए।
इसके अलावा पीएम ने हावड़ा के संकरैल-संतरागाछी लिंक लाइन प्रोजेक्ट लॉन्च किया। 300 बेड वाले नए रेलवे अस्पताल की आधारशिला रखी और पूर्व मेदिनीपुर में हौर-राधामोहनपुर रोड ओवर ब्रिज परियोजना का शिलान्यास किया।
पीएम ने ओडिशा में ₹47600 करोड़ के प्रोजेक्ट्स लॉन्च किए

पीएम मोदी के साथ कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी मौजूद रहे।
पीएम मोदी ओडिशा में BJP सरकार के दो साल पूरे होने पर आयोजित ‘विकास रा धारा, ओडिशा सारा’ कार्यक्रम में शामिल हुए। राज्य के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में उन्होंने करीब ₹47 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति मुर्मू का आज 68वां जन्मदिन है। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ मयूरभंज ही नहीं, बल्कि पूरे ओडिशा की पहचान को मजबूत किया है।
PM मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मू के ससुराल गांव पहाड़पुर को ‘सोलर विलेज’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांव के हर घर तक सौर ऊर्जा पहुंचाई जाएगी और पहाड़पुर की पहचान कोणार्क सूर्य मंदिर की तरह एक नए मॉडल गांव के रूप में बनाई जाएगी। पूरी खबर पढ़ें…
कोलकाता में योग दिवस के मुख्य आयोजन को लीड करेंगे
बंगाल दौरे के दूसरे दिन रविवार को, प्रधानमंत्री मोदी कोलकाता में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के राष्ट्रीय समारोह का नेतृत्व करेंगे। बंगाल पहली बार देश के मुख्य योग दिवस कार्यक्रम की मेजबानी करेगा। यह कार्यक्रम कोलकाता के मशहूर रेड रोड पर आयोजित किया जाएगा और इसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
इस साल की थीम, “स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग” शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक भलाई और सक्रिय बुढ़ापे को बढ़ावा देने में योग की भूमिका पर केंद्रित है।
नौसेना के 3 जहाजों की कमीशनिंग में शामिल होंगे
रविवार को ही पीएम मोदी कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट पर देश में ही डिजाइन और तैयार किए गए नौसेना के तीन जहाजों को सेवा में शामिल करेंगे। इनमें एडवांस्ड स्टील्थ फ्रिगेट INS दूनागिरी, सर्वे वैसल INS संशोधक और एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वाटर क्राफ्ट INS अग्रय की कमीशनिंग की जाएगी।
PMO ने कहा कि ये जहाज भारतीय उद्योगों की बड़ी भागीदारी से बनाए गए हैं, जिनमें 200 से ज्यादा MSME शामिल हैं। यह घरेलू जहाज निर्माण और रक्षा उत्पादन के बढ़ते इकोसिस्टम को दिखाता है।
4 मई: बंगाल में पहली बार भाजपा को बहुमत मिला
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के 4 मई को आए रिजल्ट में भाजपा ने 294 में से 208 सीटें जीतकर पहली बार सरकार बनाई थी। TMC सिर्फ 80 पर सिमट गई थी। अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र की विधानसभा सीट फालता में भाजपा ने सबसे बड़े अंतर से जीत का रिकॉर्ड बनाया था। सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में BJP के पहले मुख्यमंत्री बने थे।

—————————————-
ये खबर भी पढ़ें…
TMC नेता जहांगीर खान की पत्नी गिरफ्तार:समर्थकों के साथ फालता थाने पर हमले का आरोप; पुलिस ने पति से कान पकड़कर परेड कराई थी

पश्चिम बंगाल पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता जहांगीर खान की पत्नी सरीना बीबी (37) को शनिवार सुबह गिरफ्तार किया है। उन पर फालता पुलिस स्टेशन पर भीड़ जुटाकर पुलिस और केंद्रीय बलों पर हमले और जहांगीर खान को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की कोशिश का आरोप है। पूरी खबर पढ़ें…




