Homeअपराधलव मैरिज, 15 लाख रुपये और फिर, बहू ने ऐसा क्‍या कहा...

लव मैरिज, 15 लाख रुपये और फिर, बहू ने ऐसा क्‍या कहा जो ससुर ने घर ग‍िरवी रखा, FD तोड़ी और अब…


अहमदाबाद. गुजरात के अहमदाबाद में लव मैरिज के बाद एक परिवार को बहू पर भरोसा करना भारी पड़ने का मामला सामने आया है. शिकायत के मुताबिक, बहू ने लंदन में नौकरी मिलने की बात कहकर ससुराल वालों से लाखों रुपये जुटवाए. ससुर ने घर गिरवी रखकर और जीपीएफ से पैसे निकालकर रकम जुटाई. आरोप है कि करीब 15.59 लाख रुपये बहू और उसके दोस्त के जरिए दूसरे खाते में पहुंचे और बाद में दोनों के मोबाइल बंद हो गए. इसनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

क्या है पूरा मामला?
अहमदाबाद के इसनपुर इलाके से सामने आया यह मामला लव मैरिज, लंदन की नौकरी और लाखों रुपये से जुड़ा है. शिकायत के मुताबिक, ध्रुवित पारेख की शादी मई 2023 में पायल से हुई थी. दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और परिवार की सहमति से शादी हुई थी. शादी के बाद पायल अपने पति और ससुराल वालों के साथ रहने लगी. वह एक निजी बैंक में काम करती थी.

करीब एक साल बाद, फरवरी 2024 में पायल ने परिवार को बताया कि उसे लंदन में नौकरी का मौका मिला है. उसने यह भी कहा कि आगे चलकर उसका पति ध्रुवित भी उसके साथ लंदन जा सकेगा. यही बात परिवार के लिए भरोसे की वजह बनी.

ससुर ने घर गिरवी रखकर लिया 16.80 लाख का लोन
शिकायत के मुताबिक, पायल ने लंदन जाने की पूरी प्रक्रिया में करीब 25 लाख रुपये खर्च होने की बात कही थी. बहू और बेटे का भविष्य बेहतर बनाने की उम्मीद में ध्रुवित के पिता ने अपना घर गिरवी रखकर बैंक से 16.80 लाख रुपये का लोन लिया. इसके अलावा उन्होंने अपने GPF खाते से 7 लाख रुपये भी निकाले. इस तरह परिवार ने करीब 23.80 लाख रुपये जुटाए. यह रकम ध्रुवित के माता-पिता के ज्‍वाइंट एकाउंट में जमा करवाई थी.

पहले वीजा के लिए दिए 1.50 लाख
शिकायत के अनुसार, लंदन जाने की प्रक्रिया शुरू होने पर पायल को शुरुआत में 1.50 लाख रुपये दिए गए. लेकिन कुछ समय बाद परिवार को बताया गया कि वीजा की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है. इसके बाद पायल ने परिवार को एक और रास्ता सुझाया.

FD कराने के नाम पर दोस्त के खाते में पहुंचा पैसा
पायल ने कथित तौर पर परिवार से कहा कि बैंक में काम करने वाले उसके दोस्त सम्मान सिंह भदौरिया के जरिए पैसे को फिक्स्ड डिपॉजिट यानी एफडी में लगाया जा सकता है. इससे रकम पर ब्याज भी मिलेगा. शिकायत के मुताबिक, इसी बहाने परिवार के पैसे सम्मान सिंह से जुड़े खाते में ट्रांसफर किए गए. मामले में सामने आई जानकारी के अनुसार, अलग-अलग लेनदेन के जरिए करीब 13.09 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए. इसके बाद पायल के कहने पर उसके पति ने 2.50 लाख रुपये और ट्रांसफर किए. इस तरह शिकायत में कथित तौर पर कुल 15.59 लाख रुपये का हिसाब सामने आता है.

एक साल तक पैसे वापस नहीं आए
परिवार जब अपने पैसे वापस मांगने लगा तो कथित तौर पर उसे लगातार टालने वाले जवाब मिलते रहे. पायल ने अपने ससुर को एक चेक भी दिया था, लेकिन शिकायत के मुताबिक उसने कहा कि जब वह कहे तभी चेक बैंक में जमा किया जाए. इस दौरान परिवार को पैसों को लेकर शक होने लगा. रिपोर्ट के मुताबिक, पायल के भाई ने भी ध्रुवित को उसकी बहन के व्यवहार को लेकर सावधान किया और पैसे के बारे में जानकारी लेने की सलाह दी.

बहू ने एक महीने में पैसे वापस दिलाने का भरोसा दिया
जब परिवार ने पायल से पैसे वापस करने को कहा तो उसने कथित तौर पर भरोसा दिलाया कि वह सम्मान सिंह से पैसे वापस लेकर एक महीने के अंदर परिवार को दे देगी लेकिन इसके बाद भी रकम वापस नहीं आई. इसी बीच पायल के व्यवहार को लेकर परिवार की चिंता और बढ़ गई.

ऑफिस जाने की बात कहकर घर से निकली, फिर नहीं लौटी
शिकायत के मुताबिक, सितंबर में पायल ने घरवालों से कहा कि वह ऑफिस जा रही है. वह घर से निकल गई, लेकिन शाम तक वापस नहीं आई. जब ध्रुवित ने उसके ऑफिस में पता किया तो कथित तौर पर जानकारी मिली कि वह ऑफिस पहुंची थी, लेकिन कुछ समय बाद वहां से निकल गई. इसके बाद उसका फोन भी बंद हो गया. परिवार ने सम्मान सिंह से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल भी बंद मिला. दोनों के बारे में जानकारी नहीं मिलने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा.

पुलिस ने बहू और उसके दोस्त के खिलाफ मामला दर्ज किया
ध्रुवित की शिकायत के आधार पर इसनपुर पुलिस ने पायल और सम्मान सिंह भदौरिया के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. पुलिस अब पैसे के लेनदेन, बैंक खातों, FD से जुड़े दस्तावेजों, वीजा प्रक्रिया और दोनों के संपर्क में रहने से जुड़ी जानकारी की जांच कर रही है. पुलिस दोनों की तलाश भी कर रही है.



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments