Last Updated:
दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो डालकर दबंगई दिखाना दो युवकों को भारी पड़ गया. गोकलपुरी थाना पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उनके कब्जे से दो देसी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. आरोपियों की पहचान विशाल उर्फ पुच्चू और सागर उर्फ बिरयानी के रूप में हुई है.
सोशल मीडिया में हथियार लहराने वाले दो आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने जिंदगी भर याद रहने वाला सबक सिखाया है.
Delhi News: दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो डालकर दबंगई दिखाना दो युवकों को भारी पड़ गया. सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए तस्वीरें सामने आने के बाद गोकलपुरी थाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से दो देसी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
दिल्ली पुलिस के अनुसार, 19 और 20 अगस्त की दरमियानी रात गोकलपुरी थाना पुलिस की टीमें इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थीं. इसी दौरान हेडकॉन्स्टेबल सतेंद्र और कांस्टेबल रणजीत ने डी ब्लॉक के डीडीए पार्क में एक युवक को संदिग्ध हालत में देखा. पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस मिले. आरोपी की पहचान 20 वर्षीय विशाल उर्फ पुच्चू के तौर पर हुई है. आरोपी मूल रूप से गोकलपुरी के संजय कॉलोनी का रहने वाला है.
इसी रात पुलिस की दूसरी टीम ने ए ब्लॉक के डीडीए पार्क में एक अन्य युवक को संदिग्ध हालत में देखा. हेडकॉन्स्टेबल विपिन कुमार और हेडकॉन्स्टेबल अरुण ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह भागने लगा. पुलिस टीम ने पीछा कर उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया. तलाशी में उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. उसकी पहचान 19 वर्षीय सागर उर्फ बिरयानी के तौर पर हुई है. आरोपी सागर भी गोकलपुरी के संजय कॉलोनी का रहने वाला है.
जांच में सामने आया कि सागर ने हथियार के साथ अपनी तस्वीर इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट की थी. पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी सोशल मीडिया पर एक साथ हथियार दिखाते हुए नजर आए थे. इस मामले में गोकलपुरी थाने ने आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, विशाल का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है, जबकि सागर पहले हत्या की कोशिश के एक मामले में शामिल रहा है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवक हथियार कहां से लेकर आए थे और इनका इस्तेमाल किसी वारदात में हुआ था या नहीं.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international…
और पढ़ें



