Last Updated:
Udipur Monsoon Road Trip: अगर आप इस मानसून में एक यादगार रोड ट्रिप का अनुभव लेना चाहते हैं, तो उदयपुर के आसपास मौजूद ये पांच डेस्टिनेशन आपके सफर को खास बना सकते हैं. वीकेंड पर परिवार या दोस्तों के साथ शहर की भागदौड़ से दूर कुछ समय प्रकृति के बीच बिता सकते हैं या लंबी ड्राइव पर भी जा सकते हैं. हालांकि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें, वाहन की स्थिति जांच लें और बारिश के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग के नियमों का पालन करें.
मानसून की पहली बारिश के साथ ही उदयपुर और उसके आसपास का इलाका हरियाली की चादर ओढ़ लेता है. अरावली की वादियां, घुमावदार सड़कें, झीलों का बढ़ता जलस्तर और ठंडी हवाएं इस मौसम में रोड ट्रिप का अलग ही आनंद देती हैं. यदि आप भी ना चाहते हैं, तो उदयपुर के आसपास कई ऐसी जगहें हैं जो मानसून में किसी जन्नत से कम नहीं लगतीं. यहां का सफर सिर्फ मंजिल तक पहुंचने का नहीं, बल्कि रास्तों की खूबसूरती को महसूस करने का भी होता है.

सबसे पहले बात करते हैं सज्जनगढ़ (मानसून पैलेस) की. शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित यह ऐतिहासिक किला मानसून के दौरान बादलों से घिरा रहता है. किले तक जाने वाली घुमावदार सड़क बारिश के मौसम में बेहद आकर्षक नजर आती है. रास्ते में हरियाली, ठंडी हवा और कई जगह बादलों का सड़क तक उतर आना पर्यटकों को रोमांचित कर देता है. किले की ऊंचाई से फतेहसागर, पिछोला झील और पूरा उदयपुर शहर बेहद खूबसूरत दिखाई देता है.

दूसरा शानदार रोड ट्रिप डेस्टिनेशन है बड़ी झील (बाड़ी लेक).शहर से करीब 12 से 15 किलोमीटर दूर स्थित यह जगह मानसून में प्राकृतिक सौंदर्य से भर जाती है. रास्ते में अरावली की पहाड़ियां, हरियाली और छोटे-छोटे झरने सफर को यादगार बना देते हैं. सुबह और शाम के समय यहां का शांत वातावरण प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफी के शौकीनों को खासा पसंद आता है। बारिश के मौसम में यहां का नजारा किसी हिल स्टेशन जैसा महसूस होता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अगर आप थोड़ी लंबी ड्राइव का आनंद लेना चाहते हैं तो उदयसागर लेक बेहतरीन विकल्प है. शहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित इस झील तक पहुंचने वाला मार्ग मानसून में बेहद मनमोहक हो जाता है.सड़क के दोनों ओर फैली हरियाली, खेत और अरावली की पहाड़ियां पूरे रास्ते को खूबसूरत बना देती हैं. झील के किनारे बैठकर बारिश का आनंद लेना और ठंडी हवाओं का एहसास किसी यादगार अनुभव से कम नहीं होता.

एडवेंचर और नेचर लवर्स के लिए रायता हिल्स मानसून का पसंदीदा रोड ट्रिप स्पॉट बन चुका है. बारिश के दौरान यहां की पहाड़ियों पर हरियाली छा जाती है और कई स्थानों पर छोटे-छोटे झरने बहने लगते हैं.घुमावदार सड़कें और पहाड़ी रास्ते ड्राइविंग का अलग ही रोमांच देते हैं.यही वजह है कि हर वीकेंड बड़ी संख्या में युवा, बाइक राइडर्स और पर्यटक यहां पहुंचते हैं. हालांकि बारिश के दौरान सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं, इसलिए वाहन सावधानी से चलाने की सलाह दी जाती है.

अगर आप थोड़ी लंबी ड्राइव का आनंद लेना चाहते हैं तो फतेहसागर झील भी बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है. शहर से कुछ ही दूरी पर दूर स्थित इस झील तक पहुंचने वाला मार्ग मानसून में बेहद मनमोहक हो जाता है. यहां का शांत नीला पानी और हरियाली इसे पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बनाती है. फतेहसागर झील घूमने के लिए आप सुबह के 8 बजे से शाम के 6 बजे तक जा सकते हैं. उदयपुर में सनसेट व्यू देखने के लिए भी यह जगह एक अच्छा ऑप्शन है.



