Last Updated:
ओडिशा के नबरंगपुर जिले के झरिगांव जेएमएफसी कोर्ट में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने लोहे की रॉड से मजिस्ट्रेट, असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर और सिक्योरिटी गार्ड पर जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी महिला अपने बैग में लोहे की रॉड छिपाकर कोर्ट पहुंची थी. महिला का दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का केस कोर्ट में चल रहा था.
झरिगांव जेएमएफसी कोर्ट परिसर में महिला ने लोहे की रॉड से मजिस्ट्रेट, असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर और सिक्योरिटी गार्ड पर जानलेवा हमला किया है. (एआई इमेज)
Odisha Court Attack Case: ओडिशा के नबरंगपुर जिले से शनिवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. झरिगांव जेएमएफसी कोर्ट परिसर में एक महिला ने लोहे की रॉड से मजिस्ट्रेट, असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर और सिक्योरिटी गार्ड पर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई. हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
आरोपी महिला की पहचान सनमती माझी के तौर पर हुई है. बताया जा रहा है कि महिला अपने बैग में लोहे की रॉड छिपाकर कोर्ट परिसर में पहुंची थी. महिला से जुड़ा दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का केस कोर्ट में चल रहा था. इस मामले में कुछ दिन पहले ही सबूतों की रिकॉर्डिंग पूरी हुई थी. शनिवार दोपहर महिला कोर्ट पहुंची और मजिस्ट्रेट स्मिता लकड़ा से मिलने की मांग की.
कोर्ट स्टाफ ने उसे पहले असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर प्रदीप पटनायक से मिलने के लिए कहा. आरोप है कि इसी बात पर महिला अचानक भड़क गई और उसने असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. महिला के हमले से कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया. मजिस्ट्रेट स्मिता लकड़ा ने असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर को बचाने के लिए बीच-बचाव करने की कोशिश की तो महिला ने उन पर भी हमला कर दिया.
इस दौरान सिक्योरिटी गार्ड मिनाकेतन गंतायत ने महिला को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह भी हमले की चपेट में आ गए. हमले में असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर प्रदीप पटनायक को गंभीर चोटें आईं. उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. मजिस्ट्रेट और सिक्योरिटी गार्ड को भी चोटें आई हैं. कोर्ट परिसर के अंदर इस तरह लोहे की रॉड लेकर पहुंचने और तीन लोगों पर हमला करने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.