Last Updated:
चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित मेडिकल स्टोर में हुए चर्चित हत्याकांड की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों की पहचान जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के युवकों के रूप में की है. जांच में सामने आया कि आरोपियों ने हत्या के लिए चोरी की बाइक का इस्तेमाल किया और फरार होने के दौरान कई बार अपना रूट व कपड़े बदले. CCTV फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और डिजिटल साक्ष्यों की मदद से पुलिस उनकी पहचान तक पहुंची. गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें जम्मू-कश्मीर में लगातार छापेमारी कर रही हैं.
चर्चित चंडीगढ़ हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान पुलिस ने कर ली है. (एआई इमेज)
Chandigarh Medical Store Murder Case: चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित एक मेडिकल स्टोर में हुए चर्चित हत्याकांड की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने वारदात में शामिल तीनों आरोपियों की पहचान कर ली है. शुरुआती जांच के अनुसार तीनों आरोपी जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के रहने वाले हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चंडीगढ़ पुलिस की विशेष टीमें जम्मू-कश्मीर पहुंच चुकी हैं और कई संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम देने के लिए चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया था. घटना के बाद उन्होंने पुलिस से बचने के लिए अपने भागने का रास्ता कई बार बदला और पहचान छिपाने की कोशिश की. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सेक्टर-11 से सेक्टर-10 पहुंचे. वहां उन्होंने चोरी की बाइक छोड़ दी, ताकि पुलिस उनकी हरकतों का आसानी से पता न लगा सके. इसके बाद तीनों एक ऑटो में सवार होकर कजेहड़ी पहुंचे.
कजेहड़ी बाजार में उन्होंने नए कपड़े खरीदे और अपनी पहचान छिपाने के लिए कपड़े बदल लिए. कपड़े बदलने के बाद आरोपी पैदल ही आईएसबीटी सेक्टर-43 पहुंचे. वहां से उन्होंने बस पकड़ी और चंडीगढ़ से फरार हो गए. पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने पूरी योजना के तहत अपने भागने का रूट तैयार किया था ताकि जांच एजेंसियों को गुमराह किया जा सके. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसके साथ ही टेक्निकल सर्विलांस की भी मदद ली. पुलिस ने आरोपियों ट्रैक किया और उनके फरार होने के पूरे रूट का पता लगाया.
आरोपियों की पहचान होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई और तेज कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि विशेष टीमें जम्मू-कश्मीर में लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस इस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है. साथ ही उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस हत्याकांड से जुड़े कुछ अहम खुलासे हो सकते हैं.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international security affairs…और पढ़ें



