Homeटेक्नोलॉजीचमोली में बादल फटा, VIDEO में देखिए तबाही का मंजर: ब्रिज,...

चमोली में बादल फटा, VIDEO में देखिए तबाही का मंजर: ब्रिज, BRO कर्मचारी और वाहन बहे; CM धामी ने कहा- राहत-बचाव में कमी न रहे – Dehradun News




उत्तराखंड के कई जिलों में देर रात से बारिश का दौर जारी है। चमोली की नीती घाटी में बादल फटने से तमक नाला उफान पर आ गया। तेज बहाव और मलबे की चपेट में आने से वैली ब्रिज बह गया। पुल बहने के दौरान BRO/GRIEF की स्कॉर्पियो समेत तीन वाहन प्रभावित हुए। स्कॉर्पियो में सवार BRO कर्मचारी NK पंकज कुमार के बहने की सूचना है। उनकी तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है। सूचना मिलते ही चमोली पुलिस, SDRF और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू शुरू किया। भारी बारिश और अंधेरा होने के कारण अभियान में दिक्कत आ रही है। स्कॉर्पियो को सुरक्षित साइड कर लिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से सुरईथोटा से तमक की ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। पुल बहने का 35 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है। वहीं, CM धामी ने आपदा का संज्ञान लेकर राहत और बचाव कार्यों में कोई कमी न रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निचले क्षेत्रों में सतर्कता, प्रभावित गांवों में राशन-दवा की आपूर्ति बनाए रखने को कहा है। तमक नाले पर बना करीब 40 मीटर लंबा यह पुल सीमांत क्षेत्र के गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग था। इसी रास्ते से ग्रामीणों के साथ सेना के वाहनों की भी आवाजाही होती है। पुल बहने से घाटी के करीब 17 गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। प्रशासन वैकल्पिक मार्ग को जल्द सुचारू करने की कोशिश कर रहा है। 5 PHOTOS में देखिए तबाही का मंजर- चमोली आपदा का CM धामी ने लिया संज्ञान चमोली के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमक नाले में तेज जलप्रवाह से बेली ब्रिज बहने की घटना का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लिया। उन्होंने सचिव आपदा प्रबंधन से घटना की जानकारी लेकर राहत-बचाव कार्य तेज करने, निचले क्षेत्रों में सतर्कता और प्रभावित गांवों में जरूरी सामान की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं और राहत-बचाव कार्यों में कोई कमी न रहे। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) से चमोली सहित प्रदेश के सभी संवेदनशील क्षेत्रों की 24×7 निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से लगातार समन्वय किया जा रहा है। NDRF, SDRF टीमें रेस्क्यू अभियान चला रही ज्योतिर्मठ उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ का कहना है कि- अतिवृष्टि के कारण तमक नाले में तेज उफान आया, जिससे वैली ब्रिज बह गया। BRO के एक कर्मचारी के बहने की सूचना है। NDRF, SDRF और प्रशासन की टीमें मौके पर रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। घटना की सूचना के बाद जोशीमठ के तहसीलदार महेंद्र आर्य मौके पर पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण किया। मौके की तस्वीरों में बादल फटने के बाद मची तबाही साफ दिखाई दे रही है। वहीं, नीती घाटी में भारी बारिश के चलते अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। पुलिस-प्रशासन ने चमोली और ऋषिकेश में लोगों से नदी किनारे जाने और आवाजाही से बचने की अपील की जा रही है। 1,400 से ज्यादा गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित उत्तरकाशी में गंगोत्री नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड हुई है। हेल्गूगाड़ के पास पहाड़ी से बोल्डर गिरने के कारण हाईवे बंद हो गया। बीआरओ की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया। देहरादून के चंद्रबनी में 80 से ज्यादा घरों में पानी घुसने से 200 से अधिक लोग प्रभावित हैं। वहीं, कारगी क्षेत्र के चानचक में नदी किनारे स्थित तीन मकान ध्वस्त हो गए। हरिद्वार में मेन रोड पर घुटनों तक पानी भर गया, जबकि रुड़की की कई सड़कें तालाब बन गईं। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण 1,400 से ज्यादा गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। खराब मौसम के चलते बागेश्वर में 12वीं और पिथौरागढ़ में प्री-प्राइमरी से 8वीं तक के स्कूल बंद किए गए हैं। मौसम विभाग ने बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत में भी भारी बारिश का अनुमान है, जबकि अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और बोल्डर गिरने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से सतर्कता बरतने की अपील की है। मौसम से जुड़ी अन्य तस्वीरें- देहरादून में बारिश जारी, तापमान में गिरावट देहरादून में देर रात से बारिश का दौर जारी है। बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों के एक-दो दौर होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में बारिश का दौर तीव्र से भारी हो सकता है। आज देहरादून का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शहर और आसपास के इलाकों में बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है। अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम… 11 अगस्त- उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में यलो अलर्ट जारी किया है। यहां कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। वहीं, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। 12 अगस्त- देहरादून, टिहरी और बागेश्वर में यलो अलर्ट जारी किया है। यहां कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। वहीं, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। 13 अगस्त- देहरादून, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, राज्य के पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना जताई गई है। लोगों को मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments