Last Updated:
Summer Best Picnic Spot: पलामू का चियांकी पहाड़ और चियांकी पार्क गर्मी में बड़ा पर्यटन और पिकनिक स्पॉट बना रहता है. यहां की प्राकृतिक सुंदरता, भोलेनाथ गुफा मंदिर और आधुनिक सुविधाएं लोगों को आकर्षित करती हैं. मई-जून माह में तो पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है.
गर्मी का मौसम आते ही लोग ऐसी जगहों की तलाश करने लगते हैं. जहां कुछ पल प्रकृति के बीच शांति और सुकून के साथ बिताए जा सकें. पलामू जिला मुख्यालय के बेहद करीब स्थित चियांकी पहाड़ इन दिनों लोगों के लिए पसंदीदा पर्यटन स्थल बनता जा रहा है. शहर की भागदौड़ और गर्म हवाओं के बीच यह जगह ठंडी हवा और हरियाली का अहसास कराती है. यहां पहुंचते ही लोगों को प्रकृति के करीब होने का एहसास होता है. सुबह और शाम के समय यहां का वातावरण बेहद मनोरम दिखाई देता है. परिवार, दोस्त और बच्चे सभी यहां खुलकर आनंद लेते हैं और पिकनिक का मजा उठाते हैं.

चियांकी पहाड़ करीब 501 फीट ऊंचा है और इसकी चोटी से पूरा डालटनगंज शहर किसी खूबसूरत तस्वीर की तरह दिखाई देता है. पहाड़ की ऊंचाई पर पहुंचते ही ठंडी हवाएं और चारों ओर फैली हरियाली लोगों का मन मोह लेती है. शाम के समय सूर्यास्त का दृश्य यहां और भी आकर्षक हो जाता है. लोग मोबाइल और कैमरे में इस खूबसूरत नजारे को कैद करते नजर आते हैं. शहर के शोरगुल से दूर यह स्थान मानसिक सुकून देने का काम करता है. यही वजह है कि हर उम्र के लोग यहां पहुंचकर प्रकृति के बीच खास समय बिताना पसंद करते हैं.

चियांकी पहाड़ की चोटी पर भगवान भोलेनाथ गुफा में विराजमान हैं. वहीं, राधा-कृष्ण मंदिर स्थापित है. जो इस स्थान की खूबसूरती के साथ-साथ धार्मिक महत्व को भी बढ़ाता है. यहां आने वाले पर्यटक मंदिर में पूजा-अर्चना कर शांति और आस्था का अनुभव करते हैं. सावन और महाशिवरात्रि के समय यहां श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ उमड़ती है. पहाड़ की चढ़ाई के दौरान भक्तों में अलग ही उत्साह दिखाई देता है. मंदिर परिसर से नीचे का दृश्य अत्यंत मनमोहक दिखाई देता है. धार्मिक वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता का यह संगम लोगों को बार-बार यहां आने के लिए आकर्षित करता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

चियांकी पहाड़ और उसके नीचे बना पार्क अब पलामू के प्रमुख पर्यटन स्थल बन गया है. वहीं, पहाड़ के ऊपर पिकनिक स्पॉट के रूप में अपनी पहचान बना चुका है. छुट्टियों और खासकर गर्मी के मौसम में यहां लोगों की भारी भीड़ देखने को मिलती है. परिवार और दोस्त यहां खाना बनाने का सामान लेकर पहुंचते हैं और खुले आसमान के नीचे पिकनिक का आनंद लेते हैं. पहाड़ के आसपास बने खुले स्थानों पर लोग चूल्हा जलाकर खाना पकाते हैं और पूरे दिन मौज-मस्ती करते हैं. बच्चों की खिलखिलाहट और लोगों की चहल-पहल से पूरा इलाका जीवंत नजर आता है.

चियांकी पार्क को इस तरह विकसित किया गया है कि यहां हर उम्र के लोगों के लिए मनोरंजन की सुविधा मौजूद है. बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं, जहां बच्चे घंटों खेलते नजर आते हैं. वहीं, बड़ों के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था की गई है. पार्क में ओपन जिम भी बनाया गया है, जहां युवा और बुजुर्ग व्यायाम करते दिखाई देते हैं. साफ-सफाई और हरियाली पार्क की सुंदरता को और बढ़ाती है. यही कारण है कि लोग यहां घंटों समय बिताने के बाद भी खुद को तरोताजा महसूस करते हैं.

चियांकी पार्क में आने वाले लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है. यहां कैंटीन, बाथरूम और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है. गर्मी के दिनों में लोग यहां ठंडे पेय पदार्थ और खाने-पीने का आनंद भी लेते हैं. पार्क के केयर टेकर मुन्ना कुमार बताते हैं कि यहां दूर-दराज से आने वाले पर्यटक भी काफी खुश नजर आते हैं. कई लोग पहली बार यहां पहुंचकर इसकी प्राकृतिक सुंदरता से प्रभावित हो जाते हैं. पार्क रोजाना सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहता है और इस दौरान यहां लगातार लोगों की आवाजाही बनी रहती है.

चियांकी पहाड़ की सबसे बड़ी खासियत इसकी प्राकृतिक सुंदरता है. चारों ओर फैली हरियाली, ठंडी हवाएं और पहाड़ों का दृश्य लोगों को मानसिक राहत देने का काम करता है. सुबह के समय पक्षियों की चहचहाहट और शाम की ठंडी हवा यहां आने वालों को अलग ही अनुभव कराती है. शहर की भागदौड़ और तनाव भरी जिंदगी से दूर यह स्थान लोगों को सुकून का एहसास देता है. प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए भी यह जगह बेहद खास मानी जाती है. यहां का हर कोना लोगों को प्रकृति से जोड़ने का काम करता है.

पलामू में गर्मी के मौसम के दौरान चियांकी पहाड़ लोगों के लिए आनंद और राहत का केंद्र बन गया है. यहां आने वाले लोग परिवार और दोस्तों के साथ यादगार पल बिताते हैं. प्राकृतिक वातावरण, धार्मिक आस्था और आधुनिक पार्क सुविधाओं का संगम इस जगह को खास बनाता है. बच्चों की मस्ती, युवाओं की सेल्फी और परिवारों की पिकनिक यहां हर दिन देखने को मिलती है. यही वजह है कि चियांकी पहाड़ अब सिर्फ एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि लोगों की खुशियों और सुकून का पसंदीदा ठिकाना बनता जा रहा है.



