Last Updated:
Jharkhand ka hidden tourist spot : गर्मी की छुट्टियों में लोग अक्सर ऐसी जगह की तलाश में निकलते हैं, जहां शांति, प्राकृतिक सुंदरता और ठंडक का एहसास एक साथ मिल सके. अगर आप भी अंडमान-निकोबार जैसे टापू वाले पर्यटन स्थल पर घूमने का सपना देख रहे हैं, तो झारखंड के पलामू जिले में स्थित मलय डैम आपके लिए किसी जन्नत से कम नहीं है.
पलामू : गर्मी की छुट्टियों में लोग अक्सर ऐसी जगह की तलाश में निकलते हैं, जहां शांति, प्राकृतिक सुंदरता और ठंडक का एहसास एक साथ मिल सके. अगर आप भी अंडमान-निकोबार जैसे टापू वाले पर्यटन स्थल पर घूमने का सपना देख रहे हैं, तो झारखंड के पलामू जिले में स्थित मलय डैम आपके लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. हरियाली से घिरा और सात छोटे-छोटे टापुओं के बीच बना यह डैम पर्यटकों को एक अलग ही अनुभव देता है, जहां पहुंचकर आपको दूर-दराज के द्वीपों की याद जरूर आएगी.
सैलानियों का पसंदीदा स्थल
पलामू जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर सतबरवा प्रखंड में स्थित यह डैम इन दिनों सैलानियों का पसंदीदा स्थल बना हुआ है. खासकर गर्मी के मौसम में यहां की ठंडी हवा और पानी लोगों को काफी सुकून देती है. सुबह और शाम के समय यहां का नजारा और भी मनमोहक हो जाता है, जब लोग परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए यहां पहुंचते हैं.
टापुओं के बीच नाव की सैर करना एक रोमांचक अनुभव
डैम में नौका चालक सुनील कुमार ने बताया कि मलय डैम की सबसे बड़ी खासियत इसकी बोटिंग सुविधा है. यहां पर्यटकों के लिए 4 सीटर, 6 सीटर और 8 सीटर नाव उपलब्ध हैं, जिनमें पैडल बोट और मोटर बोट दोनों शामिल हैं. बोटिंग के दौरान सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाता है और हर व्यक्ति को लाइफ जैकेट दी जाती है. डैम के बीचों-बीच बने टापुओं के बीच नाव की सैर करना एक रोमांचक अनुभव बन जाता है, जो पर्यटकों को बार-बार यहां आने के लिए आकर्षित करता है.
इतना ही नहीं, डैम का ठंडा और साफ पानी नहाने के लिए भी उपयुक्त माना जाता है. चिलचिलाती गर्मी में लोग यहां आकर पानी में उतरकर राहत महसूस करते हैं. हालांकि पानी की गहराई 40 से 50 फीट तक होने के कारण सावधानी बरतना जरूरी है. बच्चों के लिए भी यह जगह खास है, जहां वे खुलकर खेल सकते हैं और प्राकृतिक माहौल का आनंद ले सकते हैं.
उत्तर प्रदेश के कानपुर से आए पर्यटक इमामुद्दीन बताते हैं कि वे अपने परिवार के साथ यहां एक घंटे से अधिक समय से घूम रहे हैं और बच्चों के साथ इस जगह का भरपूर आनंद ले रहे हैं. उनके अनुसार यह स्थान बेहद शांत और सुरक्षित है, जहां स्टीमर और नाव की सवारी का अलग ही मजा है. खासकर बरसात के मौसम में जब डैम पूरी तरह भर जाता है, तब यहां का दृश्य और भी आकर्षक हो जाता है.
आगे कहा कि अगर आप इस गर्मी में सुकून और रोमांच दोनों का अनुभव करना चाहते हैं, तो पलामू का मलय डैम एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है. यहां का प्राकृतिक सौंदर्य, शांत वातावरण और टापुओं का अनोखा संगम इसे खास बनाता है.
About the Author
7 वर्षों से पत्रकारिता में अग्रसर. इलाहबाद विश्वविद्यालय से मास्टर्स इन जर्नालिस्म की पढ़ाई. अमर उजाला, दैनिक जागरण और सहारा समय संस्थान में बतौर रिपोर्टर, उपसंपादक औऱ ब्यूरो चीफ दायित्व का अनुभव. खेल, कला-साह…और पढ़ें



