Last Updated:
Liquor smuggling in Morena: मुरैना में अवैध शराब पकड़े जाने के बाद विवाद मच गया है. पुलिस ने 32 पेटी शराब पकड़े जाने का दावा किया लेकिन 7 पेटी शराब का ही हिसाब बताया गया. पुलिस की इस कार्रवाई पर कई सवाल उठ रहे हैं.
मुरैना में अवैध शराब की कार्रवाई पर विवाद
मुरैना. मुरैना में अवैध शराब की कार्रवाई पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. दावा 32 पेटी शराब पकड़े जाने का, लेकिन केस सिर्फ 25 पेटी पर दर्ज हुआ. 7 पेटी शराब का हिसाब गायब बताया जा रहा है, वहीं शराब के साथ थाने लाई गई स्प्लेंडर बाइक को रात में छोड़ने के आरोप से पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
रामपुर कलां थाना क्षेत्र के सेमना और जोंसिल गांव में एक ही रात बड़ी कार्रवाई की बात सामने आई. सेमना में 7 पेटी और जोंसिल में करीब 30 पेटी शराब पकड़े जाने का दावा किया गया. हालांकि, पुलिस रिकॉर्ड में केवल जोंसिल से बरामद 25 पेटी शराब पर ही आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज है. पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर नीले रंग के स्वराज ट्रैक्टर की तलाशी ली गई, जहां से 25 पेटी अवैध शराब बरामद हुई. दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार बताया गया है.
लेकिन मामले में सामने आए वीडियो पूरी कहानी पर सवाल खड़े कर रहे हैं. वीडियो में कथित तौर पर ठेकेदार के लोग शराब पकड़ते नजर आ रहे हैं, जबकि मौके पर पुलिस दिखाई नहीं दे रही. दावा है कि पहले शराब पकड़ी गई, बाद में पुलिस को सूचना दी गई. सेमना में राकेश कुशवाहा के यहां से 7 पेटी शराब मिलने और आरोपी के भाग जाने की बात कही जा रही है, लेकिन इस मामले में अब तक प्रकरण दर्ज नहीं हुआ.
पुलिस कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
यहीं से ‘गायब 7 पेटी’ को लेकर सवाल उठ रहे हैं. सबसे बड़ा विवाद जोंसिल से थाने लाई गई स्प्लेंडर बाइक को लेकर है. आरोप है कि शराब के साथ लाई गई बाइक को उसी रात छोड़ दिया गया. यदि बाइक जब्त हुई थी, तो किस आदेश पर छोड़ी गई और रिकॉर्ड में उसका क्या उल्लेख है, इसे लेकर जवाब मांगे जा रहे हैं. अब सवाल यह है कि कार्रवाई पूरी तरह पुलिस ने की या ठेकेदार के लोगों ने? 32 पेटी शराब का दावा और 25 पेटी पर केस-बाकी शराब कहां गई? और क्या जब्त बाइक सचमुच रात में छोड़ दी गई? इन सवालों ने रामपुर कलां थाना पुलिस की कार्रवाई को कटघरे में खड़ा कर दिया है.
About the Author

with more than more than 5 years of experience in journalism. It has been two and half year to associated with Network 18 Since 2023. Currently Working as a Senior content Editor at Network 18. Here, I am cover…
और पढ़ें



