Homeव्यवसायटाटा मोटर्स का बड़ा दांव: इवेको समूह में होगी 89.42% हिस्सेदारी; ₹38,240...

टाटा मोटर्स का बड़ा दांव: इवेको समूह में होगी 89.42% हिस्सेदारी; ₹38,240 करोड़ में मेगा अधिग्रहण का पड़ाव पार


इटली की कमर्शियल वाहन निर्माता कंपनी इवेको समूह के अधिग्रहण के लिए टाटा मोटर्स के टेंडर ऑफर ने एक अहम पड़ाव पर कर लिया है। इस बहुप्रतीक्षित अधिग्रहण के लिए चले टेंडर ऑफर के अनंतिम नतीजों के अनुसार, ट्रेजरी शेयरों को छोड़कर टाटा मोटर्स के पास कंपनी की 89.42% हिस्सेदारी होगी, जो कि तय की गई 80% की संशोधित सीमा से कहीं अधिक है।

नियामकीय दस्तावेज के अनुसार, 26 अक्तूबर को समाप्त हुई आवेदन अवधि के दौरान इवेको समूह के 23.81 करोड़ कॉमन शेयर टेंडर किए गए। ये शेयर इवेको की कुल कॉमन शेयर पूंजी का लगभग 87.81% हिस्सा हैं। इस पूरे सौदे का कुल मूल्यांकन लगभग 3.8 अरब यूरो (करीब 38,240 करोड़ रुपये) आंका गया है।

उल्लेखनीय है कि 2008 में फोर्ड मोटर से जगुआर लैंड रोवर का अधिग्रहण करने के बाद से टाटा मोटर्स का यह अब तक का सबसे बड़ा सौदा है। कंपनी अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी टीएमएल सीवी होल्डिंग्स प्राइवेट लि. के माध्यम से यह सौदा कर रही है। टाटा मोटर्स ने पूर्व में इवेको के लिए प्रति शेयर 14.10 यूरो का प्रस्ताव रखा था, जिसे 9 अक्तूबर को संशोधित कर लाभांश सहित 14.40 यूरो प्रति शेयर कर दिया गया था।

टाटा मोटर्स और इवेको समूह के बीच यह सौदा ऐसे वक्त हो रहा है जब टाटा समूह में नेतृत्व को लेकर विवाद चल रहा है। इस अधिग्रहण से टाटा मोटर्स की पहुंच सीधे यूरोपीय बाजारों और अन्य अंतरराष्ट्रीय कमर्शियल व्हीकल बाजारों तक मजबूत होगी, जिससे कंपनी वैश्विक स्तर पर एक बड़ी ताकत बनकर उभरेगी।


  • इवेको के पास भारी ट्रकों, बसों और आधुनिक वाणिज्यिक वाहनों का बेहतरीन पोर्टफोलियो है। इसके जुड़ने से टाटा मोटर्स के कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में कई नए और उन्नत उत्पाद शामिल हो जाएंगे।

  • टाटा समूह को इवेको की अत्याधुनिक तकनीक, रिसर्च और डेवलपमेंट क्षमताओं का सीधा फायदा मिलेगा, खासकर यूरोपीय एमिशन नॉर्म्स और इलेक्ट्रिक/ फ्यूचर मोबिलिटी के क्षेत्र में।

  • इस डील के बाद टाटा मोटर्स दुनिया की अग्रणी कमर्शियल वाहन निर्माताओं की सूची में शामिल हो जाएगी, जिससे वैश्विक ग्राहकों के बीच कंपनी की ब्रांड वैल्यू और विश्वसनीयता में बढ़ोतरी होगी।

30 को होगा शेयरों का ट्रांसफर


शुरुआती स्वीकृति अवधि के दौरान पेशकश किए गए 23.816 करोड़ शेयरों के लिए कुल भुगतान राशि 3.43 अरब यूरो बैठती है। इन शेयरों का वित्तीय भुगतान आगामी 30 अक्तूबर को किया जाएगा, जिसके साथ ही शेयरों का मालिकाना हक औपचारिक रूप से खरीदार के पास ट्रांसफर हो जाएगा। इसके अलावा, जो शेयरधारक इस प्रारंभिक अवधि में अपने शेयर नहीं बेच पाए थे, उनके लिए एक्सेप्टेंस पीरियड 2 नवंबर से 6 नवंबर तक पांच ट्रेडिंग दिनों के लिए दोबारा खोला जाएगा। इस अवधि में टेंडर किए जाने वाले शेयरों का भुगतान 13 नवंबर को तय किया गया है। विश्लेषकों का मानना है कि इस वैश्विक अधिग्रहण से वैश्विक कमर्शियल व्हीकल मार्केट में टाटा मोटर्स का दबदबा और अधिक बढ़ जाएगा।

29 को घोषित होंगे अंतिम नतीजे

शुरुआत में इस अधिग्रहण के लिए न्यूनतम स्वीकार्यता शर्त 95 प्रतिशत तय की गई थी। हालांकि, 16 अक्तूबर को कंपनी की बैठक में पारित एक प्रस्ताव के बाद इसे घटाकर 80 प्रतिशत कर दिया गया था। नियामकीय सूचना में कहा गया कि अस्थायी नतीजों के आधार पर पेशकशकर्ता ने संशोधित न्यूनतम सीमा की शर्त पूरी कर ली है। पेशकश के अंतिम नतीजे 29 अक्तूबर तक घोषित किए जाने हैं।



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments