Last Updated:
Jhunjhunu Trial Room Controversy: झुंझुनूं के चिड़ावा कस्बे में पुरानी तहसील रोड स्थित कपड़ों की दुकान ‘जैम-जैम कलेक्शन’ में ट्रायल रूम में महिला का वीडियो बनाने का मामला सामने आया है. कपड़े बदलने के दौरान आरोपी शाहरुख (दुकान मालिक का बेटा) द्वारा आईफोन से वीडियो बनाने का प्रयास किया गया, जिसका खुलासा मोबाइल की घंटी बजने पर हुआ. घटना के विरोध में विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने दुकान के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया. चिड़ावा डीएसपी विकास धींधवाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर दुकान बंद कर दी है और सुलताना थानाधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं.
Jhunjhunu Crime News: कपड़े बदल रही महिला का बन रहा था वीडियो, आईफोन की रिंगटोन बजते ही मचा हड़कंप
Jhunjhunu Trial Room Controversy: झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे से एक बेहद चौंकाने वाली और आक्रोशित करने वाली घटना सामने आई है. शनिवार शाम को यहां एक कपड़ों की दुकान के ट्रायल रूम में कपड़े बदल रही महिला का कथित रूप से वीडियो बनाने के प्रयास का मामला उजागर हुआ है. इस शर्मनाक घटना की भनक लगते ही पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग और विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर जमा हो गए. प्रदर्शनकारियों ने दुकान के बाहर धरना देकर आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग शुरू कर दी, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों को तुरंत मोर्चा संभालना पड़ा.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला चिड़ावा के पुरानी तहसील रोड पर स्थित “जैम-जैम कलेक्शन” नामक रेडीमेड कपड़ों की दुकान पर खरीदारी करने के लिए गई थी. महिला ने कुछ कपड़े पसंद किए और उन्हें ट्राई करने के लिए दुकान के अंदर बने ट्रायल रूम में चली गई. आरोप है कि जब महिला ट्रायल रूम में कपड़े बदल रही थी, तभी दुकान मालिक के बेटे ने अपने आईफोन (iPhone) के जरिए उसका वीडियो बनाने का प्रयास किया. इसी दौरान अचानक मोबाइल फोन की घंटी बज उठी, जिससे महिला सतर्क हो गई. महिला ने जब ध्यान से देखा तो उसे ट्रायल रूम के ऊपरी हिस्से में एक छोटा छेद नजर आया, जहां से रिकॉर्डिंग की जा रही थी. भांडा फूटते ही महिला ने तुरंत शोर मचा दिया और बाहर आकर विरोध दर्ज कराया.
आरोपी शाहरुख हिरासत में, पुलिस ने बंद कराई दुकान
पीड़ित महिला ने बिना कोई देरी किए तुरंत इस पूरी घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी और थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के साथ ही पीड़िता ने पुलिस को इस मामले से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य भी सौंपे हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक की पहचान शाहरुख के रूप में की है, जो दुकान मालिक का बेटा है. पुलिस ने आरोपी शाहरुख को तुरंत हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है. एहतियात के तौर पर पुलिस ने “जैम-जैम कलेक्शन” दुकान को पूरी तरह से बंद करवा दिया है और वहां किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात किया है. इस संवेदनशील मामले की निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी सुलताना थानाधिकारी रविंद्र कुमार को सौंपी गई है.
हिंदूवादी संगठनों का भारी आक्रोश, डीएसपी ने संभाली स्थिति
जैसे ही इस घटना की खबर चिड़ावा कस्बे में आग की तरह फैली, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न सामाजिक व हिंदूवादी संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा. लोग बड़ी संख्या में दुकान के बाहर इकट्ठा हो गए और उग्र नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए. माहौल बिगड़ता देख चिड़ावा के पुलिस उपअधीक्षक (DSP) विकास धींधवाल तुरंत पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. डीएसपी ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया और उनसे लंबी वार्ता की. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि पीड़िता द्वारा दिए गए साक्ष्यों और आरोपी के मोबाइल फोन की कड़ी तकनीकी व तथ्यात्मक जांच कराई जा रही है तथा दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस के पुख्ता आश्वासन के बाद ही संगठनों ने अपना धरना समाप्त किया. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से पड़ताल कर रही है.
About the Author
.jpeg?impolicy=website&width=52&height=52)
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with News18 Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…और पढ़ें



