Last Updated:
दिल्ली और आसपास के राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है. गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल है. ऐसे में भला किसका मन नहीं चाहेगा कि वह दो-तीन दिनों के लिए ही सही, इस तपती गर्मी से दूर किसी ठंडी वादियों में अपना दिन बिताए. एक ऐसी जगह जहां हरी-भरी वादियां हों. बर्फ के ऊंचे-ऊंचे पहाड़ हों. जहां मन को सुकून और तन को ठंडक मिल सके. तो परेशान न हों, अगर आप दिल्ली-एनसीआर में रहते हैं तो कई ऐसे हिल स्टेशन हैं, जहां आप सिर्फ 5 से 6 घंटे में पहुंच सकते हैं. ये बजट फ्रेंडली हिल स्टेशन आपकी यादों में बस जाएंगे.
ऋषिकेश – इस बार गर्मियों की छुट्टियों में आप किसी ऐसे हिल स्टेशन पर जाना चाहते हैं, जो बहुत दूर भी ना हो, बेहद सुंदर भी हो और आपके बजट के भी मुताबिक हो. तो आप ऋषिकेश जा सकते हैं. यहां आप अपना वीकेंड ट्रिप प्लान कर सकते हैं. दिल्ली-एनसीआर में रहने वालों के लिए ऋषिकेश बेहद करीब है. अगर आप दिल्ली से इतने पास होते हुए भी ऋषिकेश कभी नहीं गए हैं तो इस वीकेंड या समर वेकेशन पर जरूर यहां जाने की योजना बनाएं. दिल्ली से ये लगभग 240 किमी दूर स्थित है. यहां आपको पहुंचने में 5 से 6 घंटे बस लगेंगे. ये जगह रिवर राफ्टिंग के लिए काफी मशहूर है. यहां आप त्रिवेणी घाट की गंगा आरती, लक्ष्मण झूला, राम झूला,बंजी जंपिंग आदि का मजा ले सकते हैं. प्रति व्यक्ति दो दिनों का यहां खर्च लगभग 3000 से 6000 रुपये हो सकता है. ऋषिकेश एडवेंचर लवर्स के लिए बेस्ट ऑप्शन है.

लैंसडाउन- दिल्ली से लगभग 260 किमी स्थित लैंसडाउन एक बेहद ही प्यारा और शांत छावनी वाला कस्बा है. ये झीलों, खूबसूरत नजारों, चीड़ के जंगलों से घिरा है, जहां आप शांति से अपनी छुट्टियों को एंजॉय कर सकते हैं. आप यहां 5-6 घंटे में पहुंच सकते हैं. वैसे तो आप लैंसडाउन सालों भर जा सकते हैं, लेकिन यहां घूमने का बेस्ट महीना मार्च से लेकर जून है. यहां आप भुल्ला ताल, टारकेश्वर महादेव मंदिर, टिप-इन-टॉप व्यू पॉइंट, पाइन जंगल देख सकते हैं. यहां आपको दो दिन का अनुमानित खर्च दो से लेकर 5 हजार तक आ सकता है.

कसौली- इसे छोटा शिमला भी कहते हैं. ट्रेन से आप कसौली सिर्फ साढ़े चार घंटे में पहुंच सकते हैं. कार से जाना है तो ये सड़क मार्ग से लगभग 290 किमी दूर है. यहां पहुंचने में आपको 5-6 घंटे लग सकते हैं. कसौली जाने का बेस्ट महीना है मार्च से जून और सितंबर से नवंबर तक. यहां आप मंकी पॉइंट, सनसेट पॉइंट, मॉल रोड देख सकते हैं. प्रति व्यक्ति यहां लगभग 4 से 8 हजार का खर्च आ सकता है. कसौली न्यूली मैरिड कपल, फैमिली ट्रिप के लिए शानदार है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

कनाताल- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में स्थित है कनाताल. दिल्ली से इसकी दूरी लगभग 320 किमी है. यहां पहुंचने में आपको लगभग 6 साढ़े छह घंटे लग सकते हैं. घने देवदार के जंगलों, हिमालय के खूबसूरत नजारों को देखकर आपका मन खुश हो जाएगा. कनाताल जाने का बेस्ट टाइम है अप्रैल से लेकर जून और अक्तूबर से दिसंबर. यहां आप सुरकंडा देवी मंदिर, कैंपिंग और बोनफायर, स्टारगेजिंग, जंगल वॉक का मजा ले सकते हैं. यह बेहद ही शांत और कम भीड़-भाड़ वाला हिल स्टेशन है, जहां आप सुकून से अपना दिन व्यतीत कर सकते हैं. वीकेंड ट्रिप के लिए कनाताल बेस्ट है.

नैनीताल- दिल्ली-एनसीआर से लगभग 300-320 किमी दूरी पर स्थित नैनीताल एक बेहद ही खूबसूरत हिल स्टेशन हैं, जहां प्रत्येक साल लाखों पर्यटक पहुंचते हैं. यहां आप 6 से 8 घंटे में पहुंच सकते हैं. यहां आने का मार्च से जून और अक्टूबर से दिसंबर बेस्ट महीना है. आप यहां नैनी झील में बोटिंग कर सकते हैं. नैना देवी मंदिर, टिफिन टॉप, स्नो व्यू पॉइंट, मॉल रोड देख सकते हैं. अनुमानित खर्च प्रति व्यक्ति लगभग 4 से 10 हजार हो सकता है. नैनीताल फोटोग्राफी के लिए शानदार जगह है. आप वीकेंड के साथ ही इन जगहों पर बच्चों के समर वेकेशन पर आकर घूम सकते हैं.

चकराता- आप यहां दो दिनों के लिए जा सकते हैं. दिल्ली से चकराता की दूरी लगभग 310 से 330 किमी है. यहां पहुंचने में आपको 6-7 घंटे लग सकते हैं. मार्च से जून और अक्तूबर से फरवरी महीने में आप यहां घूमने जा सकते हैं. नेचर लवर्स के लिए चकराता बेस्ट ऑप्शन है.



