Last Updated:
Must Visit Places in Dehradun: छुट्टियों में अगर आप देहरादून में हैं, तो बच्चों को घर में कैद रखने के बजाय इन 8 शानदार जगहों की सैर कराएं. लच्छीवाला के ठंडे जल कुंडों से लेकर गुच्छुपानी की गुफाओं तक, यहां हर मोड़ पर रोमांच और कुछ नया सीखने का मौका है. देहरादून जू और राजाजी नेशनल पार्क बच्चों को वन्यजीवों के करीब लाएंगे, तो वहीं साइंस सेंटर और FRI के म्यूजियम उनकी जिज्ञासा को नई उड़ान देंगे. इसलिए अगर आप भीअपने बच्चों को मौज-मस्ती के साथ प्रकृति और विज्ञान से जोड़ना चाहते हैं. बच्चों को जरूर यहां ले जाएं.
बच्चों को वॉटर स्पोर्ट्स और पिकनिक का आनंद दिलाने के लिए देहरादून का लच्छीवाला एक बहुत अच्छा विकल्प है. सुसुआ नदी के किनारे बसी यह जगह अपने प्राकृतिक जल कुंडों के लिए मशहूर है, जहां बच्चे सुरक्षित तरीके से नहा और खेल सकते हैं. अब इसे एक मॉडर्न नेचर पार्क बना दिया गया है, जहां म्यूजिकल फाउंटेन और बच्चों के लिए बड़ा प्ले-एरिया भी मौजूद है. यहां साल के पेड़ों के बीच लंबी पैदल यात्रा करते हुए बच्चे प्रकृति को करीब से समझ सकते हैं.

क्लेमेंट टाउन का यह बौद्ध मठ बच्चों को शांति और अनुशासन सिखाने के लिए सबसे अच्छी जगह है. यहां का विशाल स्तूप और भगवान बुद्ध की ऊंची मूर्ति बच्चों को हैरान कर देती है. यहां के सुंदर बगीचे और शांत माहौल में बच्चे बहुत सुकून महसूस करते हैं. मंदिर के बाहर छोटे बाजार और कैफे भी हैं जहां तिब्बती व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकता है. यहां आकर बच्चे तिब्बत की संस्कृति के बारे में जान सकते हैं, जो उनके ज्ञान के लिए बहुत अच्छा है.

मसूरी रोड पर स्थित मालसी डियर पार्क बच्चों का ऑल-टाइम फेवरेट स्पॉट है. घने जंगलों से घिरे इस चिड़ियाघर में बच्चे हिरण, नीलगाय और कई तरह के रंग-बिरंगे पक्षियों को देख सकते हैं. यहां बच्चों के लिए झूले और स्लाइडिंग एरिया भी बना है. इसके अलावा यहां का एक्वेरियम बच्चों को बहुत आकर्षित करता है. गर्मियों में यहां की ठंडी हवा और छायादार रास्तों पर टहलना बहुत सुखद लगता है, साथ ही बच्चों को वन्यजीव संरक्षण की सीख भी मिलती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

एफ.आर.आई. अपनी शानदार इमारत के साथ-साथ अपने छह म्यूजियम के लिए भी जाना जाता है, जो बच्चों के लिए ज्ञान का खजाना हैं. यहां पेड़ों और जंगलों से जुड़ी ऐसी दुर्लभ जानकारियां मिलती हैं जो शायद ही कहीं और मिलें. यहां के बड़े-बड़े घास के मैदानों में बच्चे खुलकर दौड़-भाग कर सकते हैं. यह जगह बच्चों को भारत की ऐतिहासिक विरासत और विज्ञान की प्रगति, दोनों से रूबरू कराती है और फोटोग्राफी के लिए भी बेहतरीन है.

अगर बच्चों को कुछ एडवेंचरस दिखाना है, तो राजाजी नेशनल पार्क से बेहतर कुछ नहीं है. देहरादून के बाहरी इलाके में स्थित यह पार्क हाथियों, बाघों और तेंदुओं का घर है. यहां की जीप सफारी बच्चों के लिए एक रोमांचक अनुभव साबित होगी, जहां वे जंगली जानवरों को उनके असली घर में देख सकते हैं.

प्रेमनगर के झाझरा में बना यह साइंस सेंटर बच्चों के दिमाग को चुनौती देने और उन्हें विज्ञान की तरफ प्रेरित करने वाली सबसे बढ़िया जगह है. यहां की हिमालयन गैलरी और साइंस पार्क में बच्चे विज्ञान के कठिन सिद्धांतों को खेल-खेल में आसानी से समझ लेते हैं. यहां का 3D शो और तारामंडल बच्चों के बीच बहुत पॉपुलर है. स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए यह जगह मनोरंजन के साथ-साथ शिक्षा का भी एक बड़ा केंद्र है.

वहीं, सहस्रधारा अपनी गंधक वाली पानी की धाराओं और गुफाओं के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है. यहां का सबसे खास आकर्षण रोपवे है, जो बच्चों को पहाड़ की चोटी तक ले जाता है जहां से दून घाटी का नजारा अद्भुत दिखता है. चोटी पर बच्चों के लिए पार्क और गेमिंग जोन भी बने हैं. यहां के छोटे-छोटे झरनों के नीचे नहाना बच्चों के लिए एक यादगार अनुभव होता है, साथ ही यहां बच्चे प्रकृति के औषधीय गुणों के बारे में भी जान सकते हैं.

एडवेंचर और थ्रिल पसंद करने वाले बच्चों के लिए गुच्छूपानी एक जादुई जगह है. यहां एक प्राकृतिक गुफा है जिसके बीच से ठंडे पानी की धारा बहती है. पानी के बीच से गुफा के अंदर पैदल चलना बच्चों को किसी रोमांचक सफर जैसा लगता है. गुफा के आखिर में एक छोटा झरना है जो बच्चों को बहुत रोमांचित करता है. गर्मी से बचने के लिए यह देहरादून की सबसे ठंडी और मजेदार जगहों में से एक है.



