.
पंजाब-चंडीगढ़ में सबसे बड़ी खबर पूर्व सीएम एवं सांसद चरणजीत चन्नी से जुड़ी रही। उन्होंने कहा कि वह पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल से मिलेंगे।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. फौजी बोला- बहुत दर्द हो रहा, डेडबॉडी घर आई
लुधियाना के रहने वाले भारतीय सेना के जवान सिकंदर सिंह का दिल्ली में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आने से निधन हो गया। शुक्रवार सुबह उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव गगड़ा पहुंचा तो पत्नी और बेटियां बिलख पड़ीं। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके भाई ने मुखाग्नि दी। सिकंदर सिंह भारतीय सेना की 5 सिख लाइट इन्फैंट्री में तैनात थे।
सिकंदर सिंह अपने पीछे पत्नी रमनजीत कौर और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी ने बताया कि जनवरी में वह 45 दिन की छुट्टी पर घर आए थे और मार्च में फिर ड्यूटी पर लौट गए। चार दिन पहले उनकी आखिरी बार फोन पर बात हुई थी।
रमनजीत कौर ने बताया कि उनके पति को अपनी दोनों बेटियों की पढ़ाई और भविष्य की हमेशा चिंता रहती थी। आखिरी बातचीत के दौरान उन्होंने सिर्फ इतना कहा था- मुझे बहुत दर्द हो रहा है, मुझसे बोला नहीं जा रहा। इसके बाद वह अपनी बेटियों से भी बात नहीं कर सके। पत्नी ने कहा कि उन्हें अपने पति पर हमेशा गर्व रहेगा।(पढ़ें पूरी खबर)
2. प्रशासक बोले- अफसर झूठ-गप्पें मारना बंद करें

चंडीगढ़ में शुक्रवार को आयोजित वन महोत्सव समारोह के दौरान प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने पौधारोपण के सरकारी दावों पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों को खरी-खरी सुनाई। उन्होंने कहा कि हर साल विभाग लाखों-करोड़ों पौधे लगाने का दावा करता है, लेकिन अगर इन सभी आंकड़ों को जोड़ लिया जाए तो शहर में एक इंच जमीन भी खाली नहीं बचनी चाहिए। गप्पें और झूठ बंद करो, बढ़ा-चढ़ाकर बोलना हमारी आदत बन गई है।
कटारिया ने कहा कि केवल कागजों में पौधे लगाने के दावे करने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले भी कई अभियान चले, अधिकारी दिल्ली में सम्मानित भी हुए, लेकिन जिन पहाड़ियों पर हरियाली लाने की बात कही गई, वे आज भी खाली हैं। उन्होंने अधिकारियों को आत्ममंथन करने की सलाह देते हुए कहा कि काम जमीन पर दिखना चाहिए, सिर्फ आंकड़ों में नहीं।
हालांकि, प्रशासक ने यह भी माना कि सामूहिक प्रयासों से चंडीगढ़ का ग्रीन कवर बढ़कर 51.6 प्रतिशत तक पहुंचा है, जो देश में सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि पेड़ों का संरक्षण बेहद जरूरी है, क्योंकि अगर पेड़ नहीं होंगे तो पानी नहीं होगा और पानी नहीं होगा तो खाने के लिए अनाज भी नहीं मिलेगा। (पढ़ें पूरी खबर)
3. चरणजीत चन्नी बोले- भूपेश बघेल से मिलूंगा

पंजाब के पूर्व सीएम एवं सांसद चरणजीत चन्नी आखिरकार पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल से मिलने के लिए राजी हो गए हैं। भूपेश के दौरे के पांचवें दिन चन्नी ने कहा कि वह प्रभारी से मिलेंगे। इससे पहले बघेल ने कहा था कि चन्नी ने मिलने का समय नहीं मांगा। मुझसे जब बात हुई थी तब कहा था कि तीन दिन बाहर हूं।
उन्होंने कहा कि 2022 का अनुभव अच्छा नहीं रहा इसलिए इस बार हाईकमान ने नेतृत्व परिवर्तन नहीं किया। चन्नी गुट से मीटिंग पर प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग ने कहा कि भूपेश बघेल ने मुझे बताया कि कल एक बैठक तय की गई है, हालांकि मुझे जगह या इंतजामों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
उन्होंने मुझसे कहा कि वे पहले अकेले में बात करेंगे और फिर हम चर्चा के लिए बैठेंगे। मुझे लगता है कि अगले एक-दो दिनों में आप सभी को एक साथ एक मंच पर देखेंगे। वड़िंग ने कहा कि अगर हाईकमान का मन मुझे हटाने का नहीं है तो मैं अपने आप तो इस्तीफा नहीं दे सकता। (पढ़ें पूरी खबर)
4. बारिश-आंधी से पेड़ गिरा, नहर का बांध टूटा

चंडीगढ़ और मोहाली में बारिश हुई। चंडीगढ़ के सेक्टर-39 में भारी बारिश के कारण एक पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए रास्ता बंद हो गया। वहीं, जालंधर में नहर का बांध टूटने से पास की कॉलोनी में करीब डेढ़ फीट तक पानी भर गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार, पंजाब में अगले तीन दिन तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। हालांकि, 13 जुलाई से मानसून कमजोर पड़ सकता है, जिसके बाद मौसम फिर शुष्क होने और तापमान बढ़ने के संकेत हैं। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने आज पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर (रोपड़), शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), लुधियाना और होशियारपुर समेत 7 जिलों में मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 2.5 डिग्री कम है। सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, 11 जुलाई के लिए 11 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पठानकोट, रूपनगर, होशियारपुर और मोहाली में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। (पढ़ें पूरी खबर)
5. रवनीत बिट्टू ने शेयर किया ब्लास्ट का VIDEO

जसवंत सिंह खालड़ा हत्याकांड पर पंजाबी एक्टर दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ पर बैन लगने के बाद पंजाब में आतंकवाद के दौर को लेकर फिर से बहस छिड़ गई है। विपक्षी पार्टियां तात्कालिक मुख्यमंत्री व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के दादा बेअंत सिंह पर सवाल उठा रहे हैं।
इसको लेकर रवनीत सिंह बिट्टू भी अब लगातार पंजाब में आतंकवाद के दौरे के फोटो और वीडियो शेयर कर रहे हैं और दादा के एक्शन को सही बता रहे हैं। मंत्री ने सोशल मीडिया पर दो पोस्ट की। एक पोस्ट में उन्होंने राजपुरा में सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल कांता और दूसरी पोस्ट में उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस में हुए रेडियो बम विस्फोट का वीडियो शेयर किया।
उन्होंने प्रिंसिपल निर्मल कांता की सरेआम स्कूल में की गई हत्या पर फोटो डालकर चुनौती दी कि अगर हिम्मत है तो इस पर फिल्म बनाओ। उन्होंने कहा कि साल 1990 में आतंकियों ने बच्चों के सामने इन्हें गोली मारी। बताओ अभी भी एमएस बिट्टा गलत थे। मंत्री ने कहा कि एकतरफा इतिहास दिखाना गलत है। उस दौर के दोनों पक्ष दिखाए जाने चाहिए। (पढ़ें पूरी खबर)
6. फॉर्च्यूनर पलटी, जिम मालिक समेत 2 की मौत

मोहाली मेंतड़के हुए सड़क हादसे में लुधियाना के 23 वर्षीय जिम संचालक मनजोत सिंह और ड्राइवर रवि कुमार की मौत हो गई। दोनों फॉर्च्यूनर कार में अपने दोस्त आकाश वर्मा और सुरक्षा गार्ड राजीव कुमार पांडे के साथ लुधियाना से दिल्ली जा रहे थे। हादसे में कार में सवार दो अन्य लोग सुरक्षित बच गए।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह लालड़ू के आईटीआई चौक के पास अचानक एक पशु सड़क पर आ गया। उसे बचाने की कोशिश में ड्राइवर रवि कुमार कार से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद फॉर्च्यूनर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
टक्कर के बाद कार का बोनट मुड़कर विंडशील्ड तक पहुंच गया। फ्रंट बंपर, ग्रिल और हेडलाइट उखड़ गए, टायर टूट गए और छत कई जगह से दब गई। मनजोत सिंह के पिता अमरपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा गुरुवार रात करीब 11:45 बजे अपने साथियों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुआ था, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। (पढ़ें पूरी खबर)
7. ED का दावा- मंत्री अरोड़ा फर्जी आईफोन एक्सपोर्ट घोटाले के मास्टरमाइंड

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने AAP मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ गुरुग्राम की कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। जांच एजेंसी ने चार्जशीट में उन्हें कथित फर्जी मोबाइल एक्सपोर्ट और मनी लॉन्ड्रिंग मामले का मास्टरमाइंड बताया है। ED का दावा है कि इस मामले में 103 करोड़ रुपए की हेराफेरी हुई और आईफोन का निर्यात सिर्फ कागजों में दिखाया गया।
चार्जशीट के अनुसार, कथित आईफोन बिक्री का कारोबार 150 करोड़ रुपए से अधिक का दिखाया गया था। इसमें 100 करोड़ रुपए से ज्यादा मूल्य के आईफोन दुबई की एक कंपनी को एक्सपोर्ट करने का दावा किया गया, जो संजीव अरोड़ा की रियल एस्टेट फर्म में निवेशक भी है। ED का कहना है कि जांच में पता चला कि आईफोन वास्तव में भेजे ही नहीं गए। इसके लिए फर्जी खरीद बिल और निर्यात संबंधी दस्तावेज तैयार किए गए और करीब 44 हजार मोबाइल फोन के फर्जी निर्यात का दावा किया गया।
ED के अनुसार, इस कथित फर्जीवाड़े के जरिए निर्यात आधारित वित्तीय लाभ लेने और अवैध धन के स्रोत को छिपाने की कोशिश की गई। जांच एजेंसी का यह भी दावा है कि आईफोन की खरीद दिखाने वाली कई सप्लायर कंपनियां अस्तित्वहीन, शेल या आर्थिक रूप से अक्षम थीं, जिन्होंने बिना किसी वास्तविक माल की सप्लाई के केवल फर्जी इनवॉइस जारी किए। (पढ़ें पूरी खबर)
8. घर पर फायरिंग करने वाले का एनकाउंटर

अमृतसर में घर पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने 36 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी की बाईं टांग में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डीएसपी बलजीत सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान लवप्रीत सिंह उर्फ रूपी, निवासी ज्योतिसर के रूप में हुई है। थाना जंडियाला गुरु के एसएचओ हरपाल सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जानियां मोड़ पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान बाइक पर आए आरोपी को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी को गोली लगी। उसके कब्जे से 30 बोर की पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से 9 मामले दर्ज हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
9. रिटायर्ड कर्मचारियों की एकमुश्त राशि बढ़ेगी

पंजाब सरकार ने 1 जनवरी 2020 से 30 जून 2021 के बीच रिटायर्ड हुए कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने फैसला किया है कि इस अवधि में रिटायर हुए कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट की गणना अब बढ़े हुए अनुमानित महंगाई भत्ते (नोटशनल डीए) के आधार पर की जाएगी। इससे पात्र कर्मचारियों को पहले की तुलना में अधिक राशि मिलेगी।
यह जानकारी शुक्रवार को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में दो याचिकाओं की सुनवाई के दौरान सामने आई। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने वित्त विभाग की 6 जुलाई को जारी अधिसूचना अदालत में पेश की। हाईकोर्ट ने अधिसूचना को रिकॉर्ड पर लेते हुए मामले की अगली सुनवाई 14 जुलाई के लिए तय कर दी है।
सरकार की अधिसूचना के अनुसार, अब तक इस अवधि में रिटायर हुए कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट की गणना 17 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) के आधार पर की जा रही थी, जिससे उन्हें कम एकमुश्त राशि मिली। अब सरकार ने सहानुभूतिपूर्वक फैसला लेते हुए इन कर्मचारियों को बढ़े हुए नोटशनल डीए का लाभ देने का निर्णय लिया है, ताकि उन्हें ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट की अधिक राशि मिल सके। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके…
10. ड्यूटी के दौरान मसाज करानी पड़ी महंगी

चंडीगढ़ की मखनमाजरा गौशाला में ड्यूटी के दौरान मसाज और टेबल पर आराम करना 3 कर्मचारियों को भारी पड़ गया। नगर निगम के अनुसार, 9 जुलाई को सोशल मीडिया पर मखनमाजरा गौशाला की तस्वीरें वायरल हुई थीं। इनमें ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों के अनुचित व्यवहार का दावा किया गया।
इसके बाद कमिश्नर के आदेश पर नियमित कर्मचारी सुच्चा सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं, आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से तैनात दो कर्मचारियों की सेवाएं भी समाप्त कर दी गईं। निलंबन आदेश के मुताबिक, सुच्चा सिंह को निलंबन अवधि के दौरान नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा और सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना वह मुख्यालय भी नहीं छोड़ सकेंगे।
नगर निगम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे सरकारी कर्मचारियों के आचरण नियमों के खिलाफ और विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला माना। इसके बाद नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



