Homeटेक्नोलॉजीपंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: गुस्साए लोगों ने बस फूंकी; ट्रैक्टर से...

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: गुस्साए लोगों ने बस फूंकी; ट्रैक्टर से कुचलकर देवर-भाभी की हत्या; निहंग देख ‘कॉकरोचों’ में जोश आया – Chandigarh News


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर पठानकोट से आई, जहां एक बेकाबू बस ने 4 लोगों को कुचल दिया। इनमें से 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद भी बस आगे बढ़ती चली गई और एक मां-बेटे को भी चपेट में ले लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने बस में आग लगा दी।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. ओवरस्पीड बस ने 4 को कुचला, 2 की मौत

पठानकोट-जालंधर नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक-स्कूटी सवार समेत 4 लोगों को कुचल दिया। बस जालंधर से जम्मू जा रही थी। ड्राइवर ने संतुलन खोने के बाद बस सड़क किनारे खड़े लोगों पर चढ़ा दी। हादसे में 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई।

मृतकों के सिर पर गंभीर चोट लगी थीं। जबकि, घायलों के मल्टीपल इंजरी हैं। हादसे के बाद भी लक्ष्मी हॉलिडेज का बस ड्राइवर करीब 200 फीट तक दोनों को घसीटता ले गया। इस दौरान उसने सड़क किनारे बच्चे के साथ जा रही एक महिला को भी चपेट में ले लिया।

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने बस को आग लगाकर फूंक दिया। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना नंगलभूर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर…

2. स्कूलों में AI सब्जेक्ट लॉन्च करने वाला पंजाब पहला राज्य

hn0yewvagaa8jje1784718279 1784718571

पंजाब सरकार ने राज्य के सरकारी स्कूलों में पहली से बारहवीं कक्षा तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की पढ़ाई को अनिवार्य कर दिया है। राज्य के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बुधवार को इस ऐतिहासिक पाठ्यक्रम को औपचारिक रूप से लॉन्च किया।

पंजाब देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जिसने AI को एक वैकल्पिक विषय के बजाय मुख्य कोर विषय के रूप में शामिल किया। कक्षा 1 से 5 में खेल-खेल में कोडिंग और बेसिक कंप्यूटिंग, जबकि 9 से 12वीं कक्षा में डेटा साइंस, AI मॉडल्स और प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग जैसी एडवांस चीजें सिखाई जाएंगी।

नई तकनीकों और इंडस्ट्री की जरूरत के अनुसार, AI का पाठ्यक्रम हर छह महीने में बदला जाएगा, ताकि छात्रों को लेटेस्ट टेक्नोलॉजी का ज्ञान मिले। शिक्षा विभाग ने AI की नई प्रैक्टिकल आधारित किताबों की छपाई और वितरण शुरू कर दिया है। शिक्षकों के लिए गाइड मैनुअल भी जारी किए जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर…

3. CJP आंदोलन में पहुंचे निहंग, युवती बोली- जान आ गई

comp 114 11784703988 1784712435

नई दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन में निहंग भी शामिल होंगे। ब्लू फोर्स निहंगों की टीम मंगलवार देर शाम 7 बजे जंतर-मंतर पहुंची। उन्हें देखकर प्रदर्शनकारियों में बड़ा उत्साह दिखा। इस दौरान प्रदर्शन में शामिल एक छात्रा ने निहंग को देखकर कहा, “हमारे अंदर जो जान आ गई है न, उसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।”

वहीं, एक निहंग ने कहा कि आपको जब भी हमारी जरूरत पड़ेगी, हम आपके साथ हैं। बहुत बढ़िया है कि आप डटे हुए हो। इसी दौरान जंतर-मंतर पर पुलिस लाठीचार्ज के दौरान कई प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के बंगला साहिब गुरुद्वारे में शरण ली थी।

पुलिस जब उन्हें पीटने के लिए पहुंची तो आंदोलनकारियों ने गुरुद्वारे के अंदर आकर गेट बंद कर दिया, जिस वजह से पुलिस उन्हें नहीं खदेड़ सकी और बाहर ही रुकना पड़ा। अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल व सांसद हरसिमरत कौर बादल ने इसका वीडियो पोस्ट किया है। पढ़ें पूरी खबर…

4. हत्या कर खुद VIDEO बनाया, जंगल में फेंकी लाश

gifs20 41784698502 1784712539

चंडीगढ़ के रामदरबार मंडी ग्राउंड के पास जंगल में युवक का गला-सड़ा शव मिला। 3 दिन तक शव पड़े रहने से काला पड़ा गया। उसे जंगली जानवर खा गए थे। उधर, हत्या करने के बाद आरोपियों ने वीडियो भी बनाया और मृतक के भाई को भेज दिया।

परिजन के अनुसार, युवक 19 जून को पटना से चंडीगढ़ अपने रिश्तेदारों से मिलने आया था। कुछ दिन रामदरबार में रहने के बाद वह अपने दोस्त कमल और तीन अन्य युवकों के साथ जीरकपुर के एक होटल में ठहरा। इसके बाद उसका फोन पहले एंगेज आने लगा और फिर स्विच ऑफ हो गया।

भाई उसकी तलाश में चंडीगढ़ पहुंचा और सेक्टर-31 थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने गया। दावा है कि तब पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया और बिहार जाकर केस करने को कहा। इसके बाद पुलिस को मृतक की लाश मिलने की सूचना मिली। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने पूछताछ के लिए 4 युवकों को हिरासत में लिया है, जो मौत से पहले उसके साथ थे। पढ़ें पूरी खबर…

5. युवती को ट्रक ने रौंदा, परिजनों ने लगाया जाम

comp 3 c1784709449 1784712359

मोगा में तेज रफ्तार ट्रक ने एक्टिवा सवार युवती को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव सड़क पर रखकर धरना दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान पर ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे का वीडियो सामने आया है, जिसमें ट्रक युवती को कुचलता दिख रहा है। ट्रक की टक्कर के बाद युवती 5 फीट तक उछली और आगे गिर गई। इसके बाद ट्रक का अगला टायर उसके ऊपर चढ़ गया।

थाना प्रभारी सुनीता बाबा ने कहा कि आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी है। उसे जल्द गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पीड़ित परिवार के साथ है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी को किसी भी कीमत पर न बख्शने का आश्वासन दिया। पढ़ें पूरी खबर…

6. डबल मर्डर के आरोपी का एनकाउंटर, जमीन पर तड़पता दिखा

ezgif 122da2a95f013e8b1784697359 1784712602

जालंधर में गोलियां मारकर डबल मर्डर करने के आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने घेरा डाला तो बदमाश ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस की टीमों ने भी गोलियां चलाईं। दोनों तरफ से चलीं गोलियों के बीच बदमाश की टांग में गोली लग गई।

आरोपी पैर से निकलता खून देखते हुए जमीन पर गिरकर दर्द से तड़पने लगा। यह देखकर पुलिस की टीमों ने तुरंत उसे दबोच लिया। अब उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पकड़ा गया बदमाश गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल से जुड़ा हुआ है। कत्ल में उसका साथ देने वाले दूसरे बदमाश की तलाश की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर…

7. दोस्तों को ‘गुडबाय’ मैसेज भेज MBBS स्टूडेंट 6वीं मंजिल से कूदा

gifs17 11784696768 1784712674

चंडीगढ़ के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) सेक्टर-32 में मंगलवार रात एक एमबीबीएस फोर्थ ईयर स्टूडेंट ने अस्पताल की छठी मंजिल से छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना से पहले उसने अपने करीबी दोस्तों को एक-एक कर ‘गुडबाय’ का संदेश भेजा था।

दोस्तों ने तुरंत फोन किए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। वह छलांग लगा चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। पुलिस मोबाइल फोन, मैसेज, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है।

वहीं, अस्पताल प्रशासन ने भी अपने स्तर पर पूरे मामले की जांच शुरू करने का फैसला लिया है। प्रशासन यह पता लगाएगा कि आखिर मेडिकल छात्रों और डॉक्टरों में बढ़ते तनाव और आत्महत्या जैसी घटनाओं के पीछे क्या कारण है? पढ़ें पूरी खबर…

8. देवर-भाभी पर ट्रैक्टर चढ़ाया, बचाने आए रिश्तेदार भी कुचले

ezgif 8f0f2b6a328a2d881784709885 1784712953

फाजिल्का में जमीनी विवाद को लेकर देवर-भाभी पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया गया। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई। मृतकों की रिश्तेदार महिला भी घायल हो गई, जिन्हें इलाज के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इसका एक वीडियो भी सामने आया है। परिजनों के अनुसार, देवर-भाभी के सिर-पेट के ऊपर से आरोपियों ने ट्रैक्टर का टायर चढ़ा दिया। मामले में फाजिल्का सदर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 21 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।

7-8 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। सदर थाना SHO हरदेव सिंह बेदी ने बताया कि सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है। जमीन की सीमा को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। पढ़ें पूरी खबर…

9. बारिश ने 78 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

location2 11784695087 1784713734

पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम बदला है। चंडीगढ़ और जालंधर में बारिश हुई। वहीं, पठानकोट, फरीदकोट और फाजिल्का में बूंदाबांदी हुई। बारिश से अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अब तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री नीचे पहुंच गया है। पठानकोट में रात से तो चंडीगढ़ में सुबह 6 बजे तेज बारिश हुई।

अमृतसर में 24 घंटे के दौरान 185 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे 78 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। इससे पहले 22 जुलाई 1948 को 184.9 मिमी बारिश हुई थी। अमृतसर में जुलाई में सबसे अधिक 24 घंटे की बारिश का रिकॉर्ड 10 जुलाई 1881 को बना था। उस दिन 396.2 एमएम बारिश दर्ज की गई थी।

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने आज पंजाब में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आज पंजाब के 20 जिलों में बारिश की संभावना है। इनमें 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पढ़ें पूरी खबर…

खबर जरा हटके…

10. गैंगस्टर जैसा बनने के चक्कर में माफी मांगनी पड़ी

vickyyyyyyyyyyyyyyyyyyy1784659470 1784713800

लुधियाना में सोशल मीडिया पर गैंगस्टरवाद को बढ़ावा देने वाले वीडियो बनाने वाले एक इन्फ्लुएंसर की पुलिस ने सारी हेकड़ी निकाल दी। यह इन्फ्लुएंसर पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता हुआ नजर आया। साथ ही उसने कहा कि वह भविष्य में अब ऐसे वीडियो नहीं बनाएगा।

दरअसल, लुधियाना के रहने वाले आकाश नाम के नाबालिग सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने कुछ दिन पहले एक वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया था। उसमें नाबालिग ने कहा था कि वह केवल गैंगस्टर थीम पर वीडियो बनाता है। इतना ही नहीं, उसने वीडियो में यह भी इच्छा जताई थी कि वह अपने शहर में एक गैंगस्टर जैसा रुतबा बनाना चाहता है।

वीडियो में उसने पूरे इलाके में अपना दबदबा कायम करने, अपने दोस्तों को बॉडीगार्ड बनाने और एक कुख्यात गैंगस्टर जैसा बड़ा नाम बनाने की इच्छा जाहिर की थी। जब यह वीडियो पुलिस तक पहुंचा तो इन्फ्लुएंसर को ट्रेस किया गया। कार्रवाई के बाद नाबालिग ने अपने साथियों के साथ पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी और भविष्य में इस तरह के वीडियो नहीं बनाने का वादा किया। पढ़ें पूरी खबर…

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments