Homeटेक्नोलॉजीपंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: भूत बता युवती के कपड़े उतरवाए; लाफ्टर...

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: भूत बता युवती के कपड़े उतरवाए; लाफ्टर चैलेंज में रिजेक्ट हुए थे कपिल शर्मा; कोर्ट ने सलमान खान को क्यों तलब किया – Punjab News


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर लुधियाना में हुई कांग्रेस की बैठक से जुड़ी रही। यहां प्रभारी भूपेश बघेल के खिलाफ नारे लगाए गए, बघेल गो बैक लिखी टी-शर्ट लहराई गईं। इसके बाद राजा वड़िंग ने नारेबाजी कर रहे लोगों को RSS का चमचा बताकर बाहर जाने को कहा।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. कांग्रेस मीटिंग में हंगामा, बैंस के इशारे से आशू समर्थक भड़के

पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के अपने ही लोकसभा क्षेत्र लुधियाना में रखे प्रोग्राम में हंगामा हो गया। कुछ कांग्रेस समर्थक यहां ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल की जनरल डायर की फोटो और उस पर ‘बघेल गो बैक’ के नारे वाली टी-शर्ट पहनकर पहुंच गए।

इस दौरान मंच से पूर्व MLA सिमरजीत बैंस ने चूड़ियां डालने का इशारा किया। यह देखकर पूर्व मंत्री के समर्थक भड़क गए। उन्होंने भी नारेबाजी शुरू कर दी। खास बात ये है कि इस बार पूर्व CM चरणजीत चन्नी को हाईकमान की फटकार के बाद उनके नहीं, बल्कि यहां उनके करीबी व पूर्व मंत्री भारत भूषण आशू के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई।

आशू समर्थकों का आरोप है कि राजा वड़िंग ने इशारे कर उन्हें उकसाया। वहीं, वड़िंग ने उन्हें RSS के चमचे बताकर नारेबाजी करते हुए बाहर जाने के लिए कहा। उन्होंने आशू पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो पूरी कांग्रेस को लुधियाना में जेब में लेकर चलते थे, उन्होंने 6 की 6 सीटें हरा दीं। हंगामे की रिपोर्ट हाईकमान को भेजी जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर)

2. बारिश से सड़क धंसी, 20 फीट गहरा गड्ढा, बिल्डिंगों को खतरा

ezgif 3a09cf65d9d63d661785998449 1786008950

पंजाब के लुधियाना, जालंधर, मोहाली में गुरुवार सुबह तेज बारिश हुई। इससे लुधियाना के किचलू नगर में सड़क का 30 फीट लंबा हिस्सा धंस गया, जिससे लगभग 20 फीट गहरा गड्ढा बन गया। इससे आसपास की बिल्डिंगों को खतरा हो गया है।

उधर, पटियाला के मॉडल टाउन में बारिश से बेसमेंट में पानी भरने के बाद इलेक्ट्रॉनिक सामान के शोरूम की दीवार गिर गई। हादसे के वक्त शोरूम के अंदर कोई नहीं था।

चंडीगढ़ मौसम विभाग ने पंजाब के 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें पठानकोट, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) शामिल हैं। वहीं, चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 39.2°C रिकॉर्ड किया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

3. अश्वनी शर्मा बोले- लड़की हो तो केंद्र जिम्मेदार, लड़का हो तो AAP खुद क्रेडिट लेती है

ezgif 26e47098ecb764391786007253 1786009067

पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र में माइनिंग के मुद्दे पर माहौल गरमा गया। भाजपा और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच तीखी नोकझोंक हुई। भाजपा विधायक अश्वनी शर्मा ने आरोप लगाया कि जो भी अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे AAP के नेता धमकाते हैं। उन्होंने कहा कि ‘जिसकी खेत, उसकी रेत’ की हकीकत सरकार को मौके पर जाकर देखनी चाहिए।

अश्वनी शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि माफ करना कि अब आपकी हालत ऐसी हो गई है कि घर में लड़की पैदा होती तो कहते हैं कि केंद्र सरकार का कसूर है। लड़का पैदा हो जाए तो उसका क्रेडिट खुद ले लेते हैं। 20 हजार करोड़ रुपए की आय का वादा सरकार ने किया था। अब हर बात के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।

जवाब में वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि यह केंद्र और राज्यों के संबंधों का मामला है। केंद्र सरकार पंजाब का बनता हुआ फंड रोक रही है। उन्होंने पूछा कि ADF का पैसा क्यों रोका गया। आंगनबाड़ी व मिड-डे मील कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी क्यों नहीं की गई।

चीमा बोले- केंद्र पहले योजनाओं में सौ फीसदी फंडिंग की बात करता है। फिर 60:40 कर देता है। बाद में अपने हिस्से का पैसा समय पर जारी नहीं करता। उन्होंने भाजपा नेताओं से कहा कि उनके प्रतिनिधि केंद्र सरकार के मंत्रियों से मिलकर पंजाब का बकाया फंड जारी करवाएं। (पढ़ें पूरी खबर)

4. युवक ने 5 VIDEO में रूस की डेंजर जर्नी बताई

ezgif 84145df568ba0ca51785945301 1786009225

जालंधर से रूस गए एक युवक ने ट्रैवल एजेंट की ठगी का पर्दाफाश कर आपबीती सुनाई है। युवक ने दिल्ली एयरपोर्ट से मॉस्को पहुंचने तक के 5 वीडियो में अपना एक्सपीरियंस शेयर करते हुए कहा- कोई भी एजेंट के चक्कर में फंसकर रूस मत आना। हमें यहां जंगल में छोड़ दिया है। अब समझ नहीं आ रहा है कि कहां जाएं? एजेंट ने जो वादे किए, वे हकीकत में बहुत बुरे निकले।

युवक ने वीडियो में बताया कि उसका नाम आकाशदीप है। वह जालंधर के रामनगर का रहने वाला है। 15 जून 2026 को वह दिल्ली से फ्लाइट पकड़कर मॉस्को पहुंचा था। उसे जालंधर के ही एजेंट पवन कुमार ने यहां भेजा। उसने कहा था कि मॉस्को में फल तोड़ने का काम है। इसके मोटे पैसे मिलेंगे। रहने को AC कमरे और बढ़िया खाना मिलेगा।

युवक का आरोप है कि एजेंट का आदमी उसे जंगल के बीच बने कबाड़खाने जैसे घर में छोड़ गया है। उसके साथ हरियाणा और राजस्थान के भी युवक हैं। बाथरूम जैसे एक कमरे में 10 लोग सो रहे हैं। उसने कहा कि किसी एजेंट पर भरोसा मत करो। ये युवकों को झांसा देकर रूसी सेना में भर्ती करवा रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

5. NRI के कपड़े उतरवाने वाला पंडित नहीं, DJ संचालक निकला

comp 2911785944723 1786009275

लुधियाना के फाइव स्टार होटल रेडिसन ब्लू में NRI युवती से रेप की कोशिश के मामले में नया खुलासा हुआ है। युवती के मुताबिक, आरोपी कोई पंडित नहीं, बल्कि DJ संचालक है, जिसका नाम राहुल सूद है। उसने युवती की मां को बताया था कि उसे साईं बाबा की चौकी आती है और वह सभी कष्ट दूर कर देता है।

इसी भरोसे पर युवती मां के साथ अपने भाई की परेशानियों का अंत करने के लिए लुधियाना आई। भाई भी साथ में मौजूद था। उन्होंने रेडिसन ब्लू में कमरा लिया। राहुल सूद पूजा करने के बहाने वहां गया।

युवती का आरोप है कि राहुल ने पहले उसकी मां को प्रसाद के बहाने नशा दे दिया, जिसे खाकर वह बेहोश हो गईं। इसके बाद उसने छोटे भाई को कमरे से बाहर भेजा और पूजा के बजाय उसे निर्वस्त्र कर प्राइवेट पार्ट को छेड़ता रहा और रेप की कोशिश करने लगा।

युवती का आरोप है कि 4 अगस्त को रात साढ़े 11 बजे FIR दर्ज करवाने के बाद अब आरोपी की पत्नी उन्हें धमकी दे रही है, जिसकी वजह से उसकी मां डिप्रेशन में आ गई है। आरोपी की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. सलमान खान के ब्रांड का वह केस, जिसमें कोर्ट ने नोटिस भेजा

whatsapp image 2026 08 06 at 105319 1786009793

चंडीगढ़ डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान, उनकी बहन अलवीरा खान अग्निहोत्री और स्टाइल एंड क्यूंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड समेत अन्य को समन जारी किया है। कोर्ट ने इन सभी को 5 अक्टूबर को कोर्ट में पेश होने के आदेश दिए हैं।

कोर्ट में याचिका दायर करने वाले कारोबारी का दावा है कि सलमान खान उसे रिएलिटी शो बिग बॉस के सेट पर मिले थे। वहां उन्होंने कारोबारी से वादा किया था कि वह उसकी शोरूम की ओपनिंग में आएंगे। इतना ही नहीं, शोरूम का फीता काटकर वह खुद ही उसका उद्घाटन करेंगे। साथ ही अपने शो बिग बॉस में वह कारोबारी के शोरूम का प्रचार भी करेंगे।

कारोबारी का आरोप है कि उसने जब बीइंग ह्यूमन का शोरूम खोला तो उसकी ओपनिंग में सलमान खान नहीं आए। उन्होंने अपने जीजा आयुष शर्मा को भेजा दिया था। इसके बाद सलमान ने बिग बॉस में उसके शोरूम का प्रचार भी नहीं किया। कारोबारी का कहना है कि उसने 3 करोड़ रुपए इन्वेस्ट कर शोरूम खोला था, जिसमें सलमान खान और अन्य की वादाखिलाफी के कारण उसे नुकसान उठाना पड़ा। (पढ़ें पूरी खबर)

7. मजीठिया के करीबी पर ED रेड, प्रदर्शन से पहले कार्रवाई

55a9f2b0 2bbb 4546 aab8 9aa243af1d1c1785959723265 1786009918

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शिरोमणि अकाली दल (SAD) के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के करीबी हितेंद्र हैरी के पटियाला स्थित आवास पर छापा मारा। यह कार्रवाई फरीदकोट पेपर लीक मामले को लेकर SAD के पटियाला में प्रस्तावित सरकार विरोधी प्रदर्शन से ठीक पहले की गई।

जानकारी के अनुसार, ED की टीम 3 वाहनों में सवार होकर हितेंद्र हैरी के मॉडल टाउन स्थित आवास पर पहुंची। अधिकारियों ने किसी से बातचीत किए बिना सीधे घर में प्रवेश किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया के सवालों का भी कोई जवाब नहीं दिया।

सुरक्षाकर्मियों ने आवास के अंदरूनी गेट बंद कर दिए, जिसके बाद ED ने तलाशी और जांच शुरू की। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई बुधवार देर रात तक चली। लंबे समय तक चली जांच के दौरान टीम ने कई बार ऑनलाइन खाना भी मंगवाया। (पढ़ें पूरी खबर)

8. AAP का प्रदर्शन, गवर्नर हाउस घेरने चले, वाटर कैनन से खदेड़े

ezgif 15c7f7a1476f206c1786003314 1786009972

चंडीगढ़ नगर निगम की 363वीं जनरल हाउस बैठक में 227 करोड़ रुपए के टेबल एजेंडे को मंजूरी दिए जाने का विवाद गहराता जा रहा है। कांग्रेस के बाद अब आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी इस मुद्दे पर भाजपा और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

पार्टी ने गुरुवार को राजभवन की ओर मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन चलाई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की भी हुई।

AAP का आरोप है कि नगर निगम की जनरल हाउस बैठक में कजौली से चंडीगढ़ तक वाटर सप्लाई पाइपलाइन बदलने से जुड़े 227 करोड़ रुपए के प्रस्ताव को अंतिम समय में टेबल एजेंडे के रूप में पेश कर बिना पर्याप्त चर्चा के मंजूरी दे दी गई। पार्षदों को प्रस्ताव का अध्ययन करने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया। न ही सदन में इस पर चर्चा हुई।

AAP नेताओं का आरोप है कि जनता के टैक्स से जुड़ी इतनी बड़ी परियोजना को दो पन्नों के टेबल एजेंडे के माध्यम से जल्दबाजी में पारित करना पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है। उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। (पढ़ें पूरी खबर)

9. DA के लिए SC पहुंचे कर्मचारी, एकतरफा स्टे का रास्ता बंद

comp 212 116971963121785982504 1786010069

पंजाब के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते (DA) का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा गया है। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से कर्मचारियों के पक्ष में फैसला आने के बाद AAP सरकार के सुप्रीम कोर्ट जाने की संभावना को देखते हुए कर्मचारियों ने पहले ही कैविएट याचिका दाखिल कर दी है।

3 अगस्त को हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को 15 दिनों के भीतर कर्मचारियों और पेंशनरों का बकाया DA जारी करने का आदेश दिया था। कोर्ट ने साफ कहा है कि यदि इस महीने के अंत तक भुगतान नहीं किया गया, तो सरकार को 6% ब्याज के साथ राशि देनी होगी।

इधर, सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में अपील किए जाने की आशंका के बीच कर्मचारी पक्ष ने 5 अगस्त को कैविएट याचिका दाखिल कर दी। इसका मतलब है कि यदि सरकार हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देती है, तो सुप्रीम कोर्ट कर्मचारी पक्ष को सुने बिना कोई आदेश पारित नहीं करेगा। याचिकाकर्ता की ओर से एडवोकेट अभिषेक गुप्ता सुप्रीम कोर्ट में पक्ष रखेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. चंदन बोले- मैंने कपिल को शो में एंट्री दिलाई, मेकर्स ने मुझे निकाल दिया

comp 2 81786000471 1786009138

अमृतसर के रहने वाले कॉमेडियन और एक्टर चंदन प्रभाकर ने एक इंटरव्यू के दौरान अपनी और कपिल शर्मा की दोस्ती के कुछ मजेदार किस्से शेयर किए। चंदन ने बताया कि उन्होंने अपना करियर दांव पर लगाकर कपिल की ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ में एंट्री करवाई थी।

एक इंटरव्यू में चंदन ने बताया कि वह और कपिल मुंबई में शो के ऑडिशन के लिए गए थे। वहां कपिल रिजेक्ट हो गए, जबकि उनका सिलेक्शन हो गया था। इसके बाद कपिल ने दिल्ली में भी ऑडिशन दिया, लेकिन वहां भी उन्हें रिजेक्शन मिला। चंदन ने कपिल को शो में शामिल करने के लिए मेकर्स से काफी आग्रह किया।

मेकर्स ने शर्त रखी कि कपिल को जगह देने के लिए किसी एक कंटेस्टेंट को शो छोड़ना होगा। चंदन ने बिना देर किए शो छोड़ दिया और कपिल की एंट्री करवा दी। यहीं से कपिल के करियर को बड़ी उड़ान मिली। हालांकि, कुछ महीने बाद मेकर्स ने चंदन को दोबारा शो में बुला लिया। चंदन प्रभाकर को ‘द कपिल शर्मा शो’ में चंदू चायवाला के किरदार से भी खूब पहचान मिली। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments