Homeट्रैवलपलामू में गर्मी से राहत का ठिकाना बना मिर्चैया जलप्रपात, उमड़ी पर्यटकों...

पलामू में गर्मी से राहत का ठिकाना बना मिर्चैया जलप्रपात, उमड़ी पर्यटकों की भीड


Last Updated:

भीषण गर्मी में पलामू टाइगर रिजर्व के पास स्थित मिर्चैया जलप्रपात पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण बन गया है. लातेहार के घने जंगलों और पहाड़ों के बीच बसा यह झरना लोगों को ठंडक और अद्भुत सुकून देता है. बेतला-महुआडांड़ मार्ग पर स्थित इस खूबसूरत स्थल पर सेल्फी प्वाइंट और पर्यटकों के लिए बेहतरीन सुविधाएं मौजूद हैं.

ख़बरें फटाफट

पलामूः गर्मी के मौसम में भीषण तपिश से राहत पाने के लिए लोग शांत और सुकून भरी जगहों की तलाश में निकल रहे हैं. ऐसे में पलामू टाइगर रिजर्व अंतर्गत स्थित मिर्चैया जलप्रपात पर्यटकों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बन गया है. लातेहार जिले के मिर्चैया गांव में घने जंगलों के बीच स्थित यह जलप्रपात अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के कारण लोगों को खूब लुभा रहा है. पहाड़ों से गिरता झरना, पक्षियों की चहचहाहट और हरियाली से घिरा वातावरण यहां आने वाले पर्यटकों को दूसरी दुनिया का अहसास कराता है.

सड़क किनारे बना खास पर्यटन स्थल
मिर्चैया जलप्रपात बेतला से महुआडांड़ जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित है. यही वजह है कि इस रास्ते से गुजरने वाली अधिकांश गाड़ियां यहां कुछ देर रुककर प्राकृतिक नजारों का आनंद जरूर लेती हैं. यह स्थल आज के समय में वीडियो और रील बनाने वालों के लिए भी बेहद खास बन गया है. लकड़ी से बना पुल यहां सेल्फी प्वाइंट के रूप में लोगों को आकर्षित करता है. घने जंगलों के बीच स्थित यह जलप्रपात किसी फिल्मी लोकेशन से कम नजर नहीं आता.

गर्मी में ठंडक का एहसास
पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर से लगभग 60 किलोमीटर दूर स्थित इस जलप्रपात तक लोग सड़क मार्ग से आसानी से पहुंच सकते हैं. शहर की भीड़-भाड़ और गर्मी से दूर लोग यहां परिवार और दोस्तों के साथ सुकून के पल बिताने पहुंच रहे हैं. गर्मी के दिनों में भी यहां का वातावरण काफी ठंडा और मनमोहक बना रहता है. हालांकि मई महीने में यहां पानी थोड़ा कम देखने को मिल रहा है, लेकिन मानसून के दौरान यह जलप्रपात अपने पूरे सौंदर्य के साथ पर्यटकों का स्वागत करता है. करीब 100 फीट ऊंचाई से गिरता पानी लोगों को रोमांचित कर देता है और लोग झरने के नीचे स्नान का आनंद भी लेते हैं.

पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं
पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां बैठने के लिए कुर्सियां और शेड बनाए गए हैं. महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग बाथरूम की व्यवस्था भी की गई है. सुरक्षा के लिहाज से वन कर्मी भी यहां तैनात रहते हैं, जो पर्यटकों को प्रकृति के संरक्षण और सुरक्षा को लेकर जागरूक करते हैं. यही वजह है कि यह स्थल धीरे-धीरे लोगों की पसंदीदा पर्यटन जगह बनता जा रहा है.

पर्यटकों को भा रहा प्राकृतिक सौंदर्य
डाल्टनगंज से परिवार के साथ घूमने आए मनीष पांडे ने बताया कि भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए वे मिर्चैया जलप्रपात पहुंचे हैं. यहां आने के बाद उन्हें ठंडक और सुकून का एहसास हो रहा है. उन्होंने कहा कि शहर की भागदौड़ से दूर यह जगह हर मौसम में घूमने के लिए खास है. यहां का शांत वातावरण, पक्षियों की आवाज और प्राकृतिक सुंदरता मन को बेहद सुकून देती है. रील और वीडियो बनाने के लिए भी यह जगह काफी आकर्षक है.

About the Author

Prashun Singh

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments