Last Updated:
Bijnor Crime News: बिजनौर में एक मां ने अपनी ममता और सम्मान की रक्षा के लिए कानून हाथ में ले लिया. लिव-इन में रह रही शोभा ने अपने पार्टनर अनुज की उसी के तमंचे से सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. महिला का आरोप है कि अनुज न केवल उसे अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करता था, बल्कि उसकी 9 साल की मासूम बेटी पर भी गंदी नजर रखता था. प्रताड़ना से तंग आकर जंगल के रास्ते में महिला ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है.
Bijnor Crime News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए. एक महिला, जो प्यार की तलाश में अपने पति को छोड़कर एक युवक के साथ लिव-इन में रहने आई थी, वही महिला आज उसकी कातिल बन गई. जिस तमंचे के दम पर प्रेमी उसे डराता था और उसकी मासूम बेटी पर बुरी नजर रखता था, महिला ने उसी हथियार से उसे मौत की नींद सुला दिया. यह कहानी केवल एक हत्या की नहीं है, बल्कि प्रताड़ना, ब्लैकमेलिंग और एक मां के उस गुस्से की है जिसने कानून को अपने हाथ में ले लिया.
जंगल में मिली थी लाश, सिर में लगी थी गोली
पूरा मामला बिजनौर के नगीना देहात थाना क्षेत्र के गांव जुलाहपुरा का है. बीते 28 अप्रैल को उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के पास के जंगल में 25 वर्षीय युवक अनुज का लहूलुहान शव बरामद हुआ. अनुज के सिर में बेहद करीब से गोली मारी गई थी. शुरुआती जांच में पुलिस को मामला संदिग्ध लगा. मृतक की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शोभा नाम की महिला और उसके पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की. जब पुलिस ने कड़ियां जोड़ीं, तो सच सामने आते ही सबके होश उड़ गए.
शादीशुदा थी शोभा, ऐसे शुरू हुई थी ‘मौत की प्रेम कहानी’
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि शोभा की शादी साल 2011 में सत्येंद्र नाम के युवक से हुई थी, जिससे उसकी एक 9 साल की बेटी भी है. पति से अनबन के कारण शोभा 2023 से अलग रहने लगी थी. इसी दौरान साल 2024 में उसकी मुलाकात अनुज से हुई. दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे. शोभा को लगा था कि अनुज उसका सहारा बनेगा, लेकिन उसे क्या पता था कि वह अपनी जिंदगी का सबसे गलत फैसला ले रही है.
ब्लैकमेलिंग और बेटी पर ‘गंदी नजर’ बनी वजह
शोभा ने पुलिस को बताया कि कुछ समय बाद ही अनुज का असली चेहरा सामने आ गया. वह अक्सर शोभा के साथ मारपीट करता था. हद तो तब हो गई जब उसने शोभा के कुछ आपत्तिजनक वीडियो बना लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा. शोभा का सबसे बड़ा डर उसकी 9 साल की मासूम बेटी थी. आरोप है कि अनुज उसकी बेटी पर भी गलत नजर रखता था. शोभा ने पुलिस के सामने कबूल किया कि वह अनुज की प्रताड़ना और अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर इतनी डर गई थी कि उसने अनुज को रास्ते से हटाने का मन बना लिया.
सुनसान जंगल और एक ट्रिगर: ऐसे दिया वारदात को अंजाम
घटना वाले दिन अनुज अपनी बाइक पर शोभा को बैठाकर गांव की ओर ले जा रहा था. जब वे जुलाहपुरा के सुनसान जंगल में पहुंचे, तो अनुज के पास उसका अवैध तमंचा मौजूद था. शोभा ने सही मौके का इंतजार किया. जैसे ही उसे मौका मिला, उसने झपट्टा मारकर अनुज से उसका तमंचा छीन लिया. इससे पहले कि अनुज कुछ समझ पाता, शोभा ने तमंचा उसके सिर पर सटाया और ट्रिगर दबा दिया. गोली लगते ही अनुज मौके पर ही ढेर हो गया और शोभा वहां से भाग निकली.
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
एएसपी देहात प्रकाश कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला शोभा को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी महिला को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब इस मामले के अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच कर रही है ताकि कोर्ट में मजबूत पैरवी की जा सके.
About the Author

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें



