Last Updated:
अरुणाचल प्रदेश की ज़ीरो वैली अपनी हरी-भरी वादियों, शांत माहौल और अपातानी जनजाति की अनोखी संस्कृति के लिए मशहूर है. अगर आप प्रकृति के बीच सुकूनभरी छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो यह डेस्टिनेशन आपकी ट्रैवल बकेट लिस्ट में जरूर होना चाहिए.
अरुणाचल प्रदेश की ज़ीरो वैली.
विदेश घूमने का सपना लगभग हर ट्रैवल लवर देखता है, लेकिन भारत में भी ऐसी कई जगहें हैं, जिनकी प्राकृतिक सुंदरता किसी अंतरराष्ट्रीय डेस्टिनेशन से कम नहीं है. इन्हीं में से एक है ज़ीरो वैली (Ziro Valley), जो अरुणाचल प्रदेश के लोअर सुबनसिरी जिले में स्थित है. चारों ओर फैली हरी-भरी पहाड़ियां, धान के खेत, चीड़ के जंगल और शांत वातावरण इस घाटी को प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं बनाते. अगर आप भीड़भाड़ से दूर सुकून भरी छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो ज़ीरो वैली आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर होनी चाहिए.
ज़ीरो वैली अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के साथ-साथ समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए भी जानी जाती है. यहां मुख्य रूप से अपातानी (Apatani) जनजाति रहती है, जिसकी जीवनशैली, खेती के पारंपरिक तरीके और स्थानीय संस्कृति पर्यटकों को आकर्षित करती है. यहां आने वाले लोग स्थानीय गांवों की सैर कर सकते हैं और पारंपरिक जीवन को करीब से देख सकते हैं.
क्या देखें?
ज़ीरो वैली में फैले धान के खेत और पहाड़ियों का नजारा हर मौसम में अलग दिखाई देता है. सुबह के समय हल्की धुंध और ताजी हवा इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देती है. यहां आप टैली वैली वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी (Talley Valley Wildlife Sanctuary) भी घूम सकते हैं, जहां कई दुर्लभ पक्षी, तितलियां और वन्यजीव देखने का मौका मिलता है. इसके अलावा आसपास के गांवों में स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक भोजन का भी आनंद लिया जा सकता है.
एडवेंचर के शौकीनों के लिए भी खास
अगर आपको ट्रेकिंग, नेचर वॉक या फोटोग्राफी पसंद है, तो ज़ीरो वैली निराश नहीं करेगी. यहां की शांत पगडंडियां, घने जंगल और पहाड़ी रास्ते एडवेंचर प्रेमियों के लिए बेहतरीन अनुभव देते हैं. सूर्योदय और सूर्यास्त के समय यहां का नजारा कैमरे में कैद करने लायक होता है.
कब जाएं?
ज़ीरो वैली घूमने का सबसे अच्छा समय मार्च से मई और सितंबर से नवंबर के बीच माना जाता है. इस दौरान मौसम सुहावना रहता है और प्राकृतिक दृश्य बेहद खूबसूरत नजर आते हैं. सितंबर में आयोजित होने वाला ज़ीरो म्यूजिक फेस्टिवल भी देश-विदेश के संगीत प्रेमियों को आकर्षित करता है.
About the Author
विविधा सिंह हिंदी डिजिटल पत्रकारिता का उभरता हुआ नाम हैं. उन्हें डिजिटल मीडिया में साढ़े चार साल का अनुभव है. वर्तमान में वह News18 हिंदी में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह लाइफस्टाइल वर्टि…
और पढ़ें



