Last Updated:
Mumbai NESCO Drugs Party: केंद्र और राज्य के स्तर पर नशा के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसके चलते देश के कई हिस्सों में ड्रग्स की बड़ी खेप जब्त की जा चुकी है. इस समस्या से निपटने के लिए एक्शन का दौर लगातार जारी है. मुंबई में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें कार्रवाई की गई है.
मुंबई NESCO ड्रग्स पार्टी मामले में मुंबई पुलिस और जांच एजेंसियों ने बड़ा खुलासा किया है. (फाइल फोटो/PTI)
दरअसल, मुंबई के गोरेगांव स्थित NESCO ग्राउंड में हुए ड्रग्स ओवरडोज मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. सूत्रों के मुताबिक, इस केस का मुख्य आरोपी पुलिस और जांच एजेंसियों से बचने के लिए ड्रग्स की सप्लाई कुरियर एप के जरिए करता था. वह नशीले पदार्थों को एक जगह से दूसरी जगह भेजने के लिए डिजिटल डिलीवरी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करता था, जिससे उस पर शक कम हो सके. जांच में यह भी सामने आया है कि ड्रग पैडलर पीड़ितों का ही दोस्त था, जिसने कथित तौर पर ड्रग्स की व्यवस्था की. इस पूरे मामले में अब तक मुंबई पुलिस 6 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और नेटवर्क की गहन जांच जारी है.
म्यूजिक कॉन्सर्ट में ड्रग्स का इस्तेमाल
दरअसल, 11 अप्रैल की रात एक लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान यह सनसनीखेज घटना सामने आई थी. एक निजी कॉलेज के 20-25 MBA छात्र इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे. आरोप है कि ये छात्र अपने साथ MDMA (एक्सटेसी) ड्रग्स की गोलियां लेकर आए थे और कॉन्सर्ट के दौरान इनका सेवन किया. FIR के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे डांस करते समय कुछ छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. दो लोग मौके पर ही गिर पड़े, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां 28 वर्षीय युवक और 25 वर्षीय युवती को मृत घोषित कर दिया गया. वहीं, एक अन्य युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है.
जांच में क्या-क्या आया सामने
पुलिस जांच में सामने आया है कि एक आरोपी के पास 6-7 एक्सटेसी की गोलियां थीं, जिन्हें उसने अपने साथियों में बांटा. कुछ छात्रों ने 2-2 गोलियां तक ले लीं, जिससे ओवरडोज की स्थिति बन गई और यह दर्दनाक हादसा हुआ. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि NESCO के एक वरिष्ठ अधिकारी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतने बड़े आयोजन में ड्रग्स अंदर कैसे पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई. NESCO प्रबंधन ने बयान जारी कर घटना पर दुख जताया है और जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है. फिलहाल पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके.
About the Author

बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें



