Last Updated:
East of Kailash IRS Daughter Murder Case: साकेत कोर्ट ने आईआरएस अफसर की बेटी के हत्यारोपी को 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है. वहीं हत्यारोपी राहुल ने कोर्ट में अपना गुनाह कबूल कर लिया है. साथ ही, कोर्ट को उसने यह भी बताया कि… पूरी खबर जानने के लिए पढ़ें आगे…
आईआरएस बेटी हत्याकांड में आरोपी राहुल ने कोर्ट में अपना गुनाह कबूल लिया है.
East of Kailash IRS Daughter Murder Case: राजधानी दिल्ली में ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में आईआरएस अधिकारी की बेटी के मामले में हत्यारोपी राहुल को साकेत कोर्ट ने 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है. पुलिस ने अदालत से कस्टडी की मांग करते हुए कहा कि मामले की गहराई से जांच के लिए आरोपी से पूछताछ जरूरी है. साथ ही पुलिस ने बताया कि आरोपी को क्राइम सीन रीक्रिएट कराने और आगे की जांच के लिए अलवर ले जाना भी आवश्यक है.
सुनवाई के दौरान अदालत में मौजूद लोगों ने आरोपी के शरीर पर चोट के निशान देखे. इस बारे में खुद आरोपी ने कोर्ट को जानकारी दी. वहीं, पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी के पास से नकदी और कुछ आभूषण भी बरामद किए गए हैं, जो इस मामले से जुड़े अहम सबूत हो सकते हैं. वहीं, अदालत में पेशी के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
उसने अदालत में अपने कबूलनामें में कहा कि मुझे माफ कर दीजिए, मैंने यह अपराध किया है. मैं घर में लूट के इरादे से घुसा था, मेरा मकसद सिर्फ पैसे लेना था. आरोपी के इस बयान के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है. फिलहाल पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं.
नौकर की साजिश और सीसीटीवी का खुलासा
- बुधवार सुबह लड़की के माता-पिता ने सूचना दी कि उनकी बेटी घर में बेहोश पड़ी है. अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और शुरुआती शक घर के नौकर राहुल मीणा पर गया.
- सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो पता चला कि आरोपी राहुल सुबह करीब 6:30 बजे कॉलोनी में दाखिल हुआ था. वह 6:39 बजे घर में दालिख हुआ और करीब 7:20 बजे बाहर निकल गया. वह करीब 41 मिनट तक वह घर के अंदर मौजूद रहा.
- जांच में पता चला कि आरोपी को घर की पूरी जानकारी थी. उसे मालूम था कि लड़की के माता-पिता सुबह मॉर्निंग वॉक और जिम के लिए जाते हैं. उस समय लड़की घर में अकेली होती है. उसे यह भी पता था कि घर की चाबी शू रैक में रखी जाती है.
- वारदात के बाद आरोपी ने अपने कपड़े बदले और फरार हो गया. पुलिस ने तुरंत 15 टीमों का गठन किया और दिल्ली के साथ-साथ राजस्थान के कई इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी. आखिरकार आरोपी को द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया.
- जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी एक दिन पहले राजस्थान के अलवर में भी रेप की एक वारदात को अंजाम दे चुका था, जहां उसके खिलाफ केस दर्ज था.
- पुलिस से बचने के लिए उसने चालाकी से अपना मोबाइल फोन 10 हजार रुपये में बेच दिया, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके. इसके बाद उसने 6 हजार रुपये में एक एंबुलेंस बुक की और उसी के जरिए दिल्ली पहुंचा.
- दिल्ली पहुंचने के बाद वह सीधे कैलाश हिल्स इलाके में गया और पहले से बनाई योजना के तहत इस वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद उसने कपड़े बदले और द्वारका इलाके की ओर निकल गया, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया.
गहरी आपराधिक प्रवृत्ति का है आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी राहुल मीणा के खिलाफ अलवर में भी एक दिन पहले गंभीर मामला दर्ज किया गया था, जिससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति का पता चलता है. जानकारी के मुताबिक, उसे करीब एक साल पहले एक परिचित की सिफारिश पर घर में काम पर रखा गया था. वह मोबाइल गेम्स का आदी था और अक्सर लोगों से उधार लेकर पैसे वापस नहीं करता था.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें



