Last Updated:
गुजरात के जामनगर से दृश्यम जैसा मामला सामने आया है. यह मामला ऐसा है कि आप मुस्कान का कांड भी भूल जाएंगे. इस केस में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की, फिर उसके शव को कारखाने में दफन कर दिया. आरोपी महिला बीते दो सालों से परिवार को यह कहकर गुमराह कर रही थी कि उसका पति ऑस्ट्रेलिया में नौकरी कर रहा है.
जामनगर में दो साल पुराने ‘दृश्यम’ स्टाइल मर्डर केस का बड़ा खुलासा हुआ है. (एआई प्रतीकात्मक इमेज)
Jamnagar Murder Case: गुजरात के जामनगर से एक ऐसा मर्डर केस सामने आया है, जिसने चर्चित ‘दृश्यम’ स्टाइल की याद दिला दी. यहां एक पत्नी ने अपने पुराने प्रेमी के साथ मिलकर पहले पति की हत्या की, फिर शव को कारखाने के अंदर 10 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया. इतना ही नहीं, करीब दो साल तक पूरे परिवार को यह झूठ बोलती रही कि उसका पति ऑस्ट्रेलिया में नौकरी कर रहा है. आखिरकार एक छोटी सी बात ने पूरे राज से पर्दा उठा दिया. पुलिस ने इस खौफनाक साजिश का खुलासा कर आरोपी पत्नी को अरेस्ट कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक, मामला जामनगर के दरेड इलाके स्थित शिवम पार्क का है. मृतक की पहचान जिग्नेश मावदिया के रूप में हुई है. जांच में सामने आया कि उसकी पत्नी पृथ्वी ने अपने पुराने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी. आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी ने जिग्नेश को पार्टी का बहाना बनाकर अपने कारखाने में बुलाया. वहां उसे शराब पिलाई गई. आरोप है कि शराब में साइनाइड मिलाया गया था. जहरीली शराब पीने के बाद जिग्नेश की मौत हो गई.
- 10 फीट गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया शव: पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की पूरी तैयारी कर रखी थी. कारखाने के अंदर करीब 10 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया और उसी में जिग्नेश के शव को दफना दिया गया. इसके बाद ऐसे हालात बनाए गए ताकि किसी को हत्या की भनक तक न लगे.
- दो साल तक परिवार को बोलती रही झूठ: वारदात के बाद आरोपी पत्नी लगातार अपने ससुराल वालों और रिश्तेदारों को गुमराह करती रही. वह सभी से कहती थी कि जिग्नेश ऑस्ट्रेलिया में नौकरी कर रहा है. जब भी परिवार वाले उसका फोन नंबर मांगते, वह बहाना बना देती कि कंपनी में फोन पर बात करने की अनुमति नहीं है. इसी तरह करीब दो साल तक वह सभी को झांसा देती रही.
- एक सवाल ने खोल दिया पूरा राज: हाल ही में परिवार का एक सदस्य ऑस्ट्रेलिया जाने वाला था. उसने जिग्नेश से मिलने के लिए उसका नंबर मांगा. जब आरोपी पत्नी फिर कोई जवाब नहीं दे सकी तो परिवार ने पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी. पुलिस का नाम सुनते ही वह घबरा गई. पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया.
- भाई की शिकायत पर अरेस्ट हुए दोनों: इसके बाद मृतक के भाई अशोक मावदिया ने जामनगर के सिटी बी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी प्रतिभा राव, एलसीबी के पीआई वीबी चौधरी और अन्य पुलिस अधिकारी कार्यपालक मजिस्ट्रेट के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया.
आरोपियों की निशानदेही पर बरामद हुआ शव
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के कबूलनामें के बाद कारखाने के अंदर मशीनों की मदद से खुदाई शुरू कराई गई, ताकि शव के अवशेष बाहर निकाले जा सकें. करीब दस फीट गहरी खुदाई के बाद मृतक का अवशेष बरामद कर लिए गए हैं. पुलिस ने अवशेषों को फारेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. पुलिस इस मामले में अब हत्या में मदद करने वाले तीसरे आरोपी की भूमिका की जांच भी कर रही है.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international…
और पढ़ें



