Homeट्रैवलमौसम के साथ बदलता है नैनीताल की इस झील का रंग-रूप, घूमने...

मौसम के साथ बदलता है नैनीताल की इस झील का रंग-रूप, घूमने आएं तो जरूर करें दीदार


Last Updated:

Sarita Tal Nainital Tourist Spot: नैनीताल की भीड़भाड़ से दूर सरिताताल मानसून में अपनी खूबसूरती से पर्यटकों को खूब आकर्षित करता है. चारों तरफ हरियाली, पहाड़, बादलों से घिरा आसमान और शांत पानी इसे बाकी पर्यटन स्थलों से अलग बनाते हैं. लेकिन इस ताल की एक ऐसी खासियत भी है, जिसके बारे में शायद बहुत कम लोग जानते होंगे. मौसम बदलते ही यहां के पानी में ऐसा प्राकृतिक बदलाव देखने को मिलता है कि ताल की पूरी सतह का रंग-रूप ही बदल जाता है. इसके अलावा यहां झरने के साथ कई एडवेंचर एक्टिविटीज का मजा भी लिया जा सकता है.

नैनीताल की खूबसूरत वादियों में कई ऐसे पर्यटन स्थल हैं, जो भीड़भाड़ से दूर प्रकृति के बीच सुकून का एहसास कराते हैं. ऐसा ही एक खास डेस्टिनेशन है सरिताताल. नैनीताल-कालाढूंगी हाईवे पर कैमल्स बैक पहाड़ी की तलहटी में स्थित यह ताल चारों तरफ से हरियाली और पहाड़ों से घिरा है. मानसून में यहां का नजारा बेहद आकर्षक हो जाता है, जब बादलों से ढके पहाड़ और हरी-भरी वादियां पर्यटकों को अपनी ओर खींचती हैं.

सरिताताल का असली आकर्षण मानसून के दौरान देखने को मिलता है. बारिश के बाद आसपास की पहाड़ियों पर हरियाली और घनी हो जाती है, जबकि बादल पहाड़ों को अपने आगोश में ले लेते हैं. तालाब का शांत पानी और आसपास का प्राकृतिक वातावरण यहां आने वाले लोगों को शहर की भागदौड़ से दूर सुकून देता है. यही वजह है कि नैनीताल आने वाले पर्यटक सरीताताल से काफी आकर्षित होते हैं.

सरिताताल सिर्फ अपनी खूबसूरती के लिए ही खास नहीं है, बल्कि इसके पानी में होने वाला प्राकृतिक बदलाव भी इसे दूसरे तालों से अलग बनाता है. सर्दियों में यहां गाद और एल्गी यानी शैवाल तेजी से बढ़ने लगते हैं. इससे पानी की सतह पर हरे रंग की परत दिखाई देने लगती है और कई बार पानी से दुर्गंध भी आने लगती है. यही बदलाव इस ताल को सबसे अलग बनाता है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

नैनीताल स्थित डीएसबी कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉ. ललित तिवारी के अनुसार, सरिताताल में ‘कारा’ नाम की एल्गी तेजी से फैलती है. इसे स्टोनवॉर्ट या मस्कग्रास भी कहा जाता है. यह कैल्शियम कार्बोनेट की परत बनाती है, जिससे पानी की गुणवत्ता प्रभावित होती है. जब एल्गी की मात्रा बढ़ती है तो तालाब की सतह पर हरे रंग की मोटी परत नजर आने लगती है.

सरिताताल में एल्गी का अत्यधिक फैलाव सिर्फ देखने में बदलाव नहीं करता, बल्कि इसका असर तालाब के पारिस्थितिकी तंत्र पर भी पड़ता है. एल्गी की मात्रा बढ़ने पर पानी में ऑक्सीजन की उपलब्धता कम हो सकती है. इससे जलीय जीवन प्रभावित होने का खतरा रहता है. वहीं, एल्गी सूखने के बाद कीचड़ का रूप ले सकती है. इस पूरी प्रक्रिया से तालाब का प्राकृतिक पारिस्थितिकी संतुलन प्रभावित होता है.

सरिताताल में दिखाई देने वाली यह स्थिति स्थायी नहीं रहती. प्रशासन की ओर से समय-समय पर तालाब की सफाई कराई जाती है. सफाई के दौरान गाद और एल्गी को हटाया जाता है, जिसके बाद तालाब का स्वरूप फिर बदल जाता है. गर्मियों और पर्यटन सीजन में सरिताताल काफी साफ और आकर्षक नजर आता है. आसपास की हरियाली और शांत वातावरण इसे पर्यटकों के लिए खास जगह बना देते हैं.

सरिताताल का जल स्रोत भी इसे खास बनाता है. यह ताल कैमल्स बैक पहाड़ी से निकलने वाले प्राकृतिक जलस्रोतों से भरता है. पहाड़ों से आने वाला ठंडा पानी ताल की खूबसूरती को और बढ़ाता है. ताल के ठीक नीचे एक छोटा सा झरना भी बहता है, जहां पानी की कलकल आवाज और आसपास की हरियाली पर्यटकों को आकर्षित करती है. प्रकृति प्रेमियों के लिए यह जगह बेहद खास अनुभव देती है.

सरिताताल सिर्फ प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने की जगह नहीं है. यहां पर्यटक कई एडवेंचर एक्टिविटीज का भी मजा ले सकते हैं. जिप लाइन, वाटर जॉर्बिंग और पैडल बोटिंग जैसी गतिविधियां खास तौर पर लोगों को आकर्षित करती हैं. जिप लाइन का किराया करीब 600 रुपये प्रति व्यक्ति है. वहीं वाटर जॉर्बिंग बच्चों के लिए करीब 150 और बड़ों के लिए 200 रुपये में उपलब्ध है.

सरिताताल में पैडल बोटिंग का आनंद भी लिया जा सकता है. इसकी फीस करीब 300 रुपये है. शांत पानी, पहाड़ों की हरियाली और बादलों से घिरा आसमान यहां बेहद खूबसूरत नजर आता है. यही कारण है कि नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग से गुजरने वाले कई पर्यटक यहां कुछ समय रुकना पसंद करते हैं. परिवार और दोस्तों के साथ यहां बिताया समय यादगार बन सकता है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments