अयोध्या राम मंदिर के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) की नियुक्ति के लिए इंटरव्यू चल रहा है। 4 दिन चलने वाले इंटरव्यू के लिए 18 लोगों को बुलाया गया है।
.
पहले दिन मंगलवार को एनकाउंटर स्पेशलिस्ट रहे पूर्व IPS अफसर राजेश पांडेय और अयोध्या के पूर्व डीएम रहे योगेश्वर राम मिश्रा इंटरव्यू देने पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, हर कैंडिडेट का 1-2 घंटे तक इंटरव्यू चल रहा है। कहां-कहां काम किया? भगवान राम में कितनी आस्था है, परिवार में कौन-कौन है? जैसे सवाल किए जा रहे हैं।
CEO पद के लिए 5,300 से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया था, लेकिन सिर्फ 18 लोगों को शॉर्टलिस्ट किया। पूर्व IPS राजेश पांडेय और अयोध्या के पूर्व डीएम रहे योगेश्वर राम मिश्रा के अलावा बाकी 16 नाम सामने नहीं आए हैं।
रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली, पूर्व वैज्ञानिक डॉ. सुरेश हावड़े और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी इंटरव्यू ले रहे हैं। 18 में सिर्फ 3 नाम फाइनल होंगे। फिर इन तीनों का श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट इंटरव्यू लेगा और इनमें से एक नाम फाइनल करेगा।
सबसे पहले आज इंटरव्यू देने पहुंचे पूर्व अफसरों के बारे में जानिए

5,300 लोगों ने किया आवेदन, 34 सवालों से हुई स्क्रूटनी
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के बीच ट्रस्ट ने CEO पद के लिए 13 से 18 जुलाई तक आवेदन मांगे थे। CEO पद के आवेदकों से ऑनलाइन गूगल फॉर्म के जरिए 34 सवालों के जवाब मांगे गए थे। इन्हीं के आधार पर टीम ने 5,300 आवेदनों की स्क्रूटनी की। इसमें से 18 कैंडिडेट पद के योग्य पाए गए। इसके बाद इन्हें इंटरव्यू के लिए बुलाया गया।

आवेदकों के लिए ये प्रमुख शर्तें रखी गई थीं
- आयु सीमा: आवेदक की उम्र 50 से 70 साल के बीच होनी चाहिए।
- कार्यकाल: CEO की नियुक्ति शुरुआती 3 साल के लिए होगी। कामकाज के प्रदर्शन के आधार पर कार्यकाल आगे बढ़ाया जा सकेगा।
- अनुभव: सामान्य प्रशासन, वित्त-लेखा, मानव संसाधन, जनसंपर्क, सूचना प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और विधि-कानून जैसे क्षेत्रों में कम से कम 20 साल का एक्सपीरियंस जरूरी।

आवेदकों से पूछा था- कट्टर हिंदू हैं या आस्थावान
- गूगल फार्म में आवेदकों से नाम, जन्मतिथि, उम्र, पता, शहर, राज्य, पिन कोड, मोबाइल नंबर और ईमेल जैसी व्यक्तिगत जानकारी मांगी गई। हिंदी और अंग्रेजी भाषा की समझ से जुड़े सवाल भी थे। इसके अलावा आवेदक की सर्वोच्च शैक्षणिक योग्यता, वर्तमान नौकरी या रिटायरमेंट और पिछली संस्था की जानकारी मांगी गई थी।
- वह कितने कर्मचारियों का नेतृत्व कर चुका है, यह भी पूछा गया। इसके लिए 1,000 से 5,000 और इससे ज्यादा कर्मचारियों के विकल्प दिए गए थे। आवेदक से यह भी पूछा गया कि क्या वह पहले किसी सामाजिक या धार्मिक संगठन, मठ या मंदिर से जुड़ा रहा है।
- अगर हां, तो कितने साल तक जुड़ा रहा, इसकी जानकारी भी मांगी गई। आवेदक को यह भी बताना था कि वह कट्टर हिंदू है या आस्थावान हिंदू। इसके अलावा राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के लिए उसका विजन, कार्ययोजना और सुझाव भी मांगा गया था।
—————
ये खबर भी पढ़ें-
श्रीराम ट्रस्ट के CEO से 34 सवाल पूछे:ट्रस्ट के भेजे ऑनलाइन फॉर्म में बताना होगा कि क्या वह कट्टर हिंदू है या आस्थावान

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ पद के आवेदकों से 34 सवालों पर जानकारी मांगी गई है। तीन सदस्यीय चयन समिति की ओर से सभी ऑवेदकों को ऑनलाइन गूगल फॉर्म भरने के लिए दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर…



