Last Updated:
ओडिशा के गंजाम जिले में शनिवार रात पत्नी से हुए विवाद के बाद विदेश से लौटे 36 वर्षीय किरण पात्रा ने खौफनाक कदम उठा लिया. रविवार सुबह बेगुनियापाडा के हंसतुली गांव स्थित काली मंदिर के बाहर वह चाकू से अपनी जीभ काटकर खून से लथपथ पड़ा मिला. गांव वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे ब्रह्मपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
ओडिशा के गंजाम जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. रविवार तड़के बेगुनियापाडा थाना क्षेत्र के हंसतुली गांव स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर के मुख्य द्वार पर स्थानीय लोगों ने एक शख्स को खून से लथपथ तड़पते हुए देखा. दो बच्चों के पिता और विदेश में मजदूरी करने वाले 36 वर्षीय किरण पात्रा ने चाकू से अपनी ही जीभ काट ली. इस आत्मघाती कदम के पीछे की वजह घरेलू विवाद बताई जा रही है, जिसने हंसतुली गांव के हर नागरिक को सन्न कर दिया है. किरण पात्रा हाल ही में विदेश से अपना काम खत्म कर गांव लौटा था. रविवार सुबह स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु रोजाना की तरह गांव के काली मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे. इसी बीच मंदिर के मुख्य द्वार पर पात्रा गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा हुआ था और उसके गले व मुंह से भारी मात्रा में खून बह रहा था. गांव वालों ने तुरंत इस बात की सूचना उसके परिजनों और स्थानीय पुलिस को दी.
पारिवारिक कलह बनी आत्मघाती कदम की वजह
सूचना मिलते ही बेगुनियापाडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. शुरुआती जांच के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात किरण और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस और पारिवारिक झगड़ा हुआ था. आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद और मानसिक तनाव में आकर किरण तड़के चाकू लेकर मंदिर पहुंचा और उसने अपनी जीभ काट ली. पुलिस फिलहाल घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है.
एमकेसीजी अस्पताल में इलाज जारी
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गंभीर रूप से घायल किरण पात्रा को खल्लीकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ब्रह्मपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MKCG) में रेफर कर दिया. बेगुनियापाड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक भगवान पुजारी ने बताया कि समय पर इलाज मिलने की वजह से फिलहाल किरण की हालत स्थिर बनी हुई है. पुलिस अधिकारी के अनुसार मामले की तहकीकात की जा रही है, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक मामला दर्ज नहीं किया गया है.
सवाल-जवाब
ओडिशा के गंजाम जिले में यह घटना किस मंदिर के बाहर हुई?
यह घटना बेगुनियापाडा थाना क्षेत्र के हंसतुली गांव में स्थित काली मंदिर के मुख्य द्वार के बाहर हुई.
पीड़ित शख्स की पहचान क्या है और वह क्या काम करता है?
पीड़ित की पहचान 36 वर्षीय किरण पात्रा के रूप में हुई है, जो दो बच्चों का पिता है और विदेश में मजदूरी का काम करता है.
पुलिस के अनुसार शख्स ने अपनी जीभ काटने जैसा कदम क्यों उठाया?
स्थानीय लोगों और पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, शनिवार रात पत्नी के साथ हुए तीखे पारिवारिक विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया.
About the Author

पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…
और पढ़ें



