पिछले हफ्ते देश की शीर्ष-10 सबसे कीमती कंपनियों में से चार कंपनियों का कुल बाजार मूल्य 2.20 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया। इसमें सबसे ज्यादा फायदा रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ। यह सप्ताह छुट्टियों की वजह से छोटा था। पिछले हफ्ते बीएसई का सेंसेक्स 249.29 अंक यानी 0.32 फीसदी बढ़कर ऊपर गया।
रिलायंस ब्रोकिंग के अनुसंधान प्रमुख अजीत मिश्रा ने कहा, बाजार में हल्की बढ़त रही। लेकिन माहौल उतार-चढ़ाव वाला और सीमित दायरे में रहा, क्योंकि वैश्विक और घरेलू संकेत एक जैसे नहीं थे। उन्होंने बताया कि हफ्ते की शुरुआत अच्छी रही। वैश्विक तनाव कम होने और चौथी तिमाही के नतीजों में सुधार से बाजार को शुरुआत में सहारा मिला। लेकिन बाद में कच्चे तेल की कीमत बढ़ने, एशियाई बाजारों से कमजोर संकेत मिलने और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली की वजह से बाजार की बढ़त सीमित हो गई।
इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, टीसीएस और बजाज फाइनेंस के शेयरों में बढ़त रही। वहीं, एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), आईसीआईसीआई बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी की बाजार कीमत में कुल 1.24 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई।
किन चार कंपनियों का बाजार मूल्य बढ़ा?
रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्य 1,39,655.8 करोड़ रुपये बढ़कर 19,36,303.30 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, भारती एयरटेल का बाजार मूल्य 43,503.51 करोड़ रुपये बढ़कर 11,49,222.13 करोड़ रुपये पहुंच गया। टीसीएस का बाजार मूल्य 27,569.83 करोड़ रुपये बढ़कर 8,94,933.95 करोड़ रुपये हो गया और बजाज फाइनेंस की बाजार कीमत 9,432.32 करोड़ रुपये बढ़कर 5,83,123.13 करोड़ रुपये हो गई।
इन कंपनियों को हुआ नुकसान
वहीं, आईसीआईसीआई बैंक का बाजार मूल्य 45,364.62 करोड़ रुपये घटकर 9,04,980.78 करोड़ रुपये रह गया। एसबीआई का बाजार मूल्य 30,922.57 करोड़ रुपये घटकर 9,85,829.96 करोड़ रुपये रह गया। एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्य 20,951.31 करोड़ रुपये घटकर 11,87,274.17 करोड़ रुपये रह गया और हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार मूल्य 18,420.79 करोड़ रुपये घटकर 5,28,799.01 करोड़ रुपये हो गया। एलआईसी का मूल्य 8,222.49 करोड़ रुपये घटकर 5,04,798.07 करोड़ रुपये रह गया। लार्सन एंड टुब्रो का बाजार मूल्य 178.83 करोड़ रुपये घटकर 5,51,993.05 करोड़ रुपये रह गया।
ये भी पढ़ें: बीमा क्षेत्र में 100% विदेशी निवेश की अधिसूचना जारी, सरकार ने FEMA नियमों में किया संशोधन
रिलायंस इंडस्ट्रीज सर्वाधिक मूल्य वाली कंपनी
कुल मिलाकर, रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे ज्यादा बाजार मूल्य वाली कंपनी बनी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का स्थान रहा।



