Last Updated:
Sajjangarh Sanctuary Aquarium: उदयपुर की प्रसिद्ध सज्जनगढ़ सेंचुरी और जैविक उद्यान में पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में अत्याधुनिक एक्वेरियम विकसित करने की योजना बनाई जा रही है. इस परियोजना का मुख्य आकर्षण शार्क टनल होगी, जहां पर्यटक खुद को समुद्र के भीतर चलते हुए महसूस कर सकेंगे. यह एक्वेरियम आधुनिक तकनीक, आकर्षक समुद्री जीवों और इंटरैक्टिव डिस्प्ले से लैस होगा, जिससे बच्चों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को समुद्री जैव विविधता के बारे में रोचक जानकारी मिलेगी. हाल के वर्षों में सज्जनगढ़ जैविक उद्यान में लायन सफारी, रेप्टाइल पार्क और अन्य आकर्षण विकसित किए गए हैं, जिससे यह उदयपुर का प्रमुख इको-टूरिज्म केंद्र बनकर उभरा है. प्रस्तावित एक्वेरियम के शुरू होने के बाद यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों के साथ-साथ समुद्री जीवन का भी अनूठा अनुभव मिलेगा.
उदयपुर: झीलों की नगरी उदयपुर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है.सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्य (सेंचुरी) में जल्द ही एक अत्याधुनिक एक्वेरियम विकसित करने की योजना बनाई जा रही है. यह प्रोजेक्ट गुजरात की साइंस सिटी स्थित प्रसिद्ध एक्वेटिक गैलरी की तर्ज पर तैयार किया जाएगा, जिससे पर्यटकों को समुद्री दुनिया का अनोखा अनुभव मिल सकेगा. वन विभाग की ओर से इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए सज्जनगढ़ सेंचुरी में लॉयन सफारी के पास स्थान भी चिन्हित कर लिया गया है. प्रस्तावित एक्वेरियम सेंचुरी के प्रवेश द्वार के सामने स्थित पार्किंग क्षेत्र में बनाया जाएगा. इसके लिए करीब 5 हजार वर्गमीटर भूमि निर्धारित की गई है, जहां तीन मंजिला भव्य सेंटर विकसित किया जाएगा. हालांकि अभी तक इस परियोजना के बजट को अंतिम रूप नहीं दिया गया है.
इस एक्वेरियम की खास बात यह होगी कि यहां आधुनिक डिजिटल तकनीक और इंटरैक्टिव डिस्प्ले का उपयोग किया जाएगा. पर्यटकों को समुद्री और मीठे पानी के जीवों के बारे में रोचक और वैज्ञानिक जानकारी देने के लिए हाईटेक डिस्प्ले सिस्टम लगाए जाएंगे. गुजरात मॉडल की तरह यहां भी कई थीम आधारित डिस्प्ले टैंक बनाए जाने की योजना है.
पर्यटक समुद्री जीवन को करीब से समझ सकें
जानकारी के अनुसार एक्वेरियम में दुनिया के विभिन्न हिस्सों से लाई गई 180 से अधिक प्रजातियों की रंग-बिरंगी मछलियां और अन्य दुर्लभ जलीय जीव प्रदर्शित किए जाएंगे. इन जीवों को उनके प्राकृतिक वातावरण जैसा माहौल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे पर्यटक समुद्री जीवन को करीब से समझ सकें.
एग्जॉटिक फिश गैलरी भी तैयार
इस परियोजना का सबसे बड़ा आकर्षण अंडरवाटर टनल होगी. करीब 28 मीटर लंबी पारदर्शी टनल से गुजरते समय पर्यटकों को ऐसा अनुभव होगा जैसे वे समुद्र के भीतर चल रहे हों. टनल के चारों ओर तैरती मछलियां, शार्क और अन्य समुद्री जीव रोमांच को कई गुना बढ़ा देंगे. इसके अलावा बच्चों और पर्यटकों के लिए विशेष पेंगुइन सेक्शन तथा एग्जॉटिक फिश गैलरी भी तैयार की जाएगी.
मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगी
वन विभाग का मानना है कि यह परियोजना केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समुद्री जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण और विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. यह एक एजुकेशनल और एंटरटेनमेंट आधारित प्रोजेक्ट होगा, जहां लोग सीखने के साथ-साथ मनोरंजन का आनंद भी ले सकेंगे.
देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए नया केंद्र
डीएफओ यादवेंद्र सिंह चुंडावत के अनुसार, यह परियोजना बायोपार्क के दूसरे चरण के तहत विकसित की जाएगी.इसके पूरा होने के बाद सज्जनगढ़ सेंचुरी उदयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में और अधिक आकर्षण जोड़ देगी तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए नया केंद्र बनकर उभरेगी.
About the Author
Hi, I am Jagriti Dubey, a media professional with 6 years of experience in social media and content creation. I started my career with an internship at Gbn 24 news channel in 2019 and have worked with many repu…और पढ़ें



