Homeअपराधसन्नाटा, पंक्चर कार और 12 नकाबपोशों का तांडव... महाराष्ट्र के इस Highway...

सन्नाटा, पंक्चर कार और 12 नकाबपोशों का तांडव… महाराष्ट्र के इस Highway पर 19 लाख की लूट की खौफनाक दास्तान


महाराष्ट्र. आधी रात का वक्त… मुंबई-नागपुर को जोड़ने वाले हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे समृद्धी महामार्ग पर छत्रपति संभाजीनगर से आ रही एक कार 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी. कार के अंदर एक परिवार हंसी-खुशी मुंबई की ओर अपनी मंजिल तय कर रहा था. लेकिन सिन्नर तहसील के मलढोन और दुशिंगपुर क्षेत्र के पास पहुंचते ही अचानक एक तेज आवाज हुई ठां ठां ठां. सड़क पर बिछी नुकीली लोहे की कीलों और छड़ों ने कार के टायरों को छलनी कर दिया था. कार हिचकोले खाती हुई सड़क किनारे रुक गई. चालक ने उतरकर देखने की कोशिश की, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि सड़क के किनारे घनी अंधेरी झाड़ियों में मौत उनकी राह देख रही थी.

जैसे ही कार रुकी, अचानक झाड़ियों में हलचल हुई. हाथ में लोहे की रॉड, डंडे और धारदार हथियार लिए 10 से 12 नकाबपोश डकैत कार की तरफ लपके. परिवार कुछ समझ पाता, उससे पहले ही शीशों पर डंडों की बरसात होने लगी. कांच टूटकर छितरा गए और कार के अंदर मासूम बच्चों की चीखें गूंज उठीं.

महाराष्ट्र के इस Highway पर डकैतों का सिरफिरापन

डकैतों का सिरफिरापन इस हद तक था कि जब पीड़ितों ने खुद को बचाने की कोशिश की, तो लुटेरों ने गोद में रोते छोटे बच्चों को खींचकर दूर फेंकने की धमकी दे डाली. उस खौफनाक मंजर में अपनी और अपने मासूमों की जान बचाने के लिए बेबस पिता और मां के पास कोई रास्ता नहीं बचा था. डकैतों ने कुछ ही मिनटों में 18 लाख 9 हजार 500 रुपये के सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां और 84,500 रुपये की नकदी छीन ली. कुल 19 लाख रुपये का माल साफ कर दिया.

डेढ़ घंटे का तांडव और पुलिस का सन्नाटा

यह खौफनाक खेल केवल एक कार तक सीमित नहीं रहा. लगभग डेढ़ घंटे तक उस सन्नाटे भरे महामार्ग पर लुटेरों का राज रहा और उन्होंने एक-एक कर तीन गाड़ियों को अपना शिकार बनाया. करोड़ों की लागत से बने इस महामार्ग पर डेढ़ घंटे तक परिवार मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन महामार्ग गश्ती दल या वावी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर नहीं पहुंची. इस लापरवाही ने महामार्ग प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की कलई खोलकर रख दी.

क्राइम ब्रांच का शिकंजा, धाराशिव से 6 आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद हरकत में आई नासिक पुलिस और महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच की टीम ने पूरे इलाके की नाकेबंदी की. तकनीकी सर्विलांस और खुफिया तंत्र की मदद से पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए धाराशिव क्षेत्र से 6 लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया. जांच में सामने आया कि यह गिरोह लंबे समय से समृद्धी महामार्ग के सूनसान हिस्सों को निशाना बनाकर ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहा था.

वारदात के बाद पुलिस जागी, बनाया सुरक्षा का नया चक्रव्यूह

इस खौफनाक वारदात के बाद महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम नींद से जागा है. महामार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा और यातायात अनुशासन के लिए इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत गेंट्री और हाई-डेफिनेशन कैमरे लगाने का काम तेज कर दिया गया है. 31 अगस्त से 7 सितंबर के बीच सिन्नर, भरवीर और इगतपुरी इंटरचेंज के बीच चरणबद्ध तरीके से दोपहर 12 से 1 बजे और 3 से 4 बजे तक ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है. ये अत्याधुनिक एआई कैमरे ओवरस्पीडिंग, लेन कटिंग के साथ-साथ सड़क पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि और अवैध पार्किंग पर 24 घंटे नजर रखेंगे, ताकि समृद्धी महामार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को दोबारा ऐसे खौफनाक मंजर का सामना न करना पड़े.

इस खौफनाक वारदात के बाद इस हाईवे पर आने-जाने वाले हर कोई दहशत में सफर कर रहा है. लेकिन महाराष्ट्र पुलिस के इस एक्शन के बाद लोगों में विश्वास जागा है. लेकिन इस घटना ने साबित कर दिया है कि रोड सेफ्टी नियम यूपी-बिहार की तरह महाराष्ट्र में भी धज्जियां उड़ाई जा रही है. लोगों की इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं कि रात को पुलिस पेट्रोलिंग होनी चाहिए, जिससे इस तरह की घटनाएं न हो.



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments