राजस्थान के बांसवाड़ा से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। चरित्र पर शक के चलते एक विवाहत आदिवासी महिला से न सिर्फ मारपीट की गई, बल्कि उसके कपड़े उतारकर और उसका सिर मुंडवाकर गांव में घुमाया गया।
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में 40 वर्षीय एक आदिवासी महिला को उसके ही परिवार द्वारा कथित तौर पर निर्वस्त्र कर और सिर मुंडवा कर बीच सड़क पर मारपीट करने का मामला सामने आया है। यह घटना 1 सितंबर को हुई। दरअसल पीड़ित महिला के परिवारवालों को उसके चरित्र पर शक था। पुलिस ने महिला के पति और अन्य रिश्तेदारों समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है।
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, 3 सितंबर को सामने आए इस घटना के वायरल वीडियो में कुछ महिलाएं पीड़िता के साथ मारपीट करती और उसके कपड़े उतारती हुई देखा जा सकती हैं। इस दौरान आसपास खड़े कुछ लोग हंसते हुए और अपने फोन में वीडियो बनाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
महिला से बदसलूकी का वीडियो बनाते रहे ग्रामीण
रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला को उसके पति और अन्य लोगों ने पहले ग्रामीणों के बीच सड़क पर नंगे पैर चलाया। इसके बाद कुछ लोगों ने उसका सिर मुंडवा दिया और उसके साथ मारपीट की। एक वीडियो में कुछ महिलाएं उसके कपड़े खींचती और फाड़ती हुई और उसे डंडों से पीटती हुई दिखाई दे रही हैं, जबकि वहां खड़े लोग और बच्चे यह सब चुपचाप खड़े देख रहे थे।
पति-पत्नी में चल रही थी अनबन : डीएसपी
बांसवाड़ा के डीएसपी बाबू लाल रेगर ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है। यह वीडियो 3 सितंबर को वायरल हुआ, लेकिन एफआईआर 1 सितंबर को ही दर्ज कर ली गई थी। डीएसपी ने बताया कि महिला और उसके पति के बीच अनबन चल रही थी। पुलिस ने महिला के पति और अन्य रिश्तेदारों समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
चरित्र पर शक करता है पति
अर्थूना थाना के एसएचओ विनोद कुमार मीणा ने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह मजदूरी करने के लिए पड़ोसी राज्य जाती है। “दस दिन पहले भी वह संबंधित ठेकेदार के पास गई थी, लेकिन उसके पति उसके चरित्र पर शक करता है और उसे वापस ले आया और फिर 1 सितंबर को उसके साथ मारपीट की गई।”
पीड़िता की शिकायत के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में महिला की मर्यादा भंग करने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग; महिला के कपड़े उतारने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का प्रयोग; महिला की मर्यादा का अपमान करने के इरादे से कोई शब्द, इशारा या हरकत; गैर-कानूनी रूप से इकट्ठा होना; जान-बूझकर चोट पहुंचाना और साथ ही IT एक्ट की धाराएं जोड़ी गई हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला की मेडिकल जांच कराई गई है, जबकि गिरफ्तार किए गए सभी सात लोगों को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।



