सीवान जिले के टड़वा बाजार में मंगलवार को दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप लूटने आए बदमाशों ने व्यापारी को गोली मार दी। गोली की आवाज सुन आसपास के दुकानदार और अन्य लोग दौड़े, तो बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। लोगों ने दिलेरी दिखाते हुए दो लुटेरों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।
बिहार के सीवान जिले में एक बार फिर अपराधियों ने दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश की। दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा बाजार में मंगलवार को आभूषण दुकान को लूटने आए बदमाशों ने दुकानदार को गोली मार दी। घटना के बाद अपराधियों ने बाजार में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। गोली लगने से दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यापारी दिनेश वर्मा (42) टड़वा चट्टी गांव के रहने वाले हैं।
घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई। हालांकि स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए दो लुटेरों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में दोनों को एक दुकान में बंद कर दिया गया।
6 लुटेरों ने दुकान पर बोला धावा
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को तीन बाइक पर सवार 6 अपराधी टड़वा चट्टी स्थित नीरज आभूषण दुकान पर पहुंचे। बताया जाता है कि सभी अपराधी हथियारों से लैस थे। दुकान में प्रवेश करने के बाद अपराधियों ने दुकानदार को हथियार का भय दिखाकर लूटपाट करने की धमकी दी।
दुकानदार ने किया विरोध
इस दौरान दुकानदार दिनेश वर्मा ने अपराधियों का विरोध किया। इसके बाद लुटेरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद दिनेश वर्मा खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। अपराधियों ने लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से बाजार में भी फायरिंग की। इसके बावजूद ग्रामीण पीछे नहीं हटे और अपराधियों का पीछा करना शुरू कर दिया।
इसी दौरान दो लुटेरों को ग्रामीणों और दुकानदारों ने पकड़ लिया। दोनों की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। बाद में उन्हें पास की एक दुकान में बंद कर दिया गया। इस दौरान अन्य अपराधी मौके से भाग निकलने में सफल रहे।
पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही दरौली और गुठनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता, दरौली थानाध्यक्ष अभिनव कुमार दुबे, गुठनी थानाध्यक्ष सुनील कुमार, एएसआई अमरेश कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल को बाजार में तैनात किया गया। पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से दोनों आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया।
लोगों की पिटाई में घायल दोनों अपराधियों का भी इलाज कराया जा रहा है। घायल दुकानदार दिनेश वर्मा को तत्काल दरौली पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए देवरिया रेफर कर दिया। उनकी हालत को लेकर पुलिस और परिजन जानकारी जुटा रहे हैं।
लूटे गए आभूषण एवं सामान की जानकारी जुटा रही पुलिस
एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि दो अपराधियों को पकड़ लिया गया है। घायल दुकानदार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवरिया भेजा गया है। उन्होंने बताया कि दुकान से कितने आभूषण या अन्य सामान की लूट हुई है, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस दुकान संचालक से जानकारी लेने के साथ ही मामले की जांच कर रही है। फरार अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद टड़वा बाजार में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।



