Last Updated:
ओडिशा के कोरापुट जिले से दृश्यम मूवी की तर्ज पर हत्या का एक मामला सामने आया है. मामले में दो पत्नियों का पति तीसरी के साथ लिवइन में रह रहा था. अचानक लिवइन में रह रही युवती को आरोपी का यह राज पता चल गया. जिसके बाद परिस्थितियां कुछ ऐसी बदली कि उसने उसकी हत्या कर दी. क्या है पूरा मामला जानने के लिए पढ़ें आगे…
दृश्यम मूवी की तर्ज पर लिवइन पार्टनर की हत्या करने वाले दो पत्नियों के पति को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है.
Crime News: ओडिशा के कोरापुट जिले में हत्या का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म ‘दृश्यम’ की तर्ज पर अंजाम दिया गया है. फिल्म में जिस तरह हत्या के बाद सबूत मिटाने और कहानी छिपाने की कोशिश की जाती है, कुछ ऐसा ही इस मामले में भी देखने को मिला है. फिल्म और इस मामले में फर्क सिर्फ इतना है कि यहां पुलिस की जांच आखिरकार जमीन के नीचे दबे राज तक पहुंच ही गई.
मामला 22 साल की अल्बिना गराडा की हत्या का है. अल्बिना सेमिलीगुडा थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा इलाके में रहती थी. वह एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात सुनाबेदा थाना क्षेत्र के काकीगांव निवासी 35 साल के मोहन खिल से हुई. कुछ ही दिनों में दोनों बेहद करीब आ गए और लिव-इन रिलेशन में एक किराए के मकान में रहने लगे. दोनों करीब दो साल से लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे. लेकिन इसी बीच अल्बिना को एक ऐसा राज पता चल गया, जिसने दोनों के रिश्तों में दरार डाल दी.
मोहन की पहले से थीं दो पत्नियां
दरअसल, अल्बिना को पता चला कि मोहन न केवल शादीशुदा है, बल्कि उसकी पहले से दो पत्नियां हैं. इसके बाद दोनों के बीच लगातार तकरार होने लगी. दावा है कि अल्बिना गर्भवती भी थी और वह मोहन पर लगातार शादी का दबाव बना रही थी. लेकिन, मोहन बार-बार शादी की बात को टाल जाता था. वारदात वाली रात दोनों के बीच इस मुद्दे को लेकर एक बार फिर बहस शुरू हो गई थी. कुछ ही देर में यह बहस हिंसक हो गई और गुस्से में बौखलाए मोहन ने अल्बिना का गला घोंट दिया. हत्या का राज छिपाने के लिए नई साजिश तैयार की.
पुलिस के अनुसार, मोहन ने अपने साथी मिलन कुलदीप की मदद से शव को कार में रखा और ओडिशा से आंध्र प्रदेश पहुंच गया. इसके बाद शव को आंध्र प्रदेश के मारुपल्ली गांव के पास सागौन के बागान में जमीन के नीचे दफना दिया गया. इस बीच, आरोपी की कोशिश यही थी कि किसी को इसकी भनक न लगे और अल्बिना की मौत का राज हमेशा के लिए दफन हो जाए. लेकिन अल्बिना के लापता होने के बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी.
कॉल डिटेल ने उगले हत्या के राज
अल्बिना की तलाश में जुटी सेमिलीगुडा पुलिस ने मोहन और मिलन को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इसी दौरान पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग भी लग गए. सुनाबेदा एसडीपीओ सुमित्रा जेना के अनुसार, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन डेटा की जांच में पता चला कि घटना के समय आरोपी और अल्बिना एक ही जगह पर मौजूद थे. इसके बाद जांच आंध्र प्रदेश तक पहुंच गई. गुरुवार को आंध्र प्रदेश पुलिस और एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मारुपल्ली गांव के पास सागौन के बागान में खुदाई की गई.
जमीन के नीचे से अल्बिना का शव बरामद हुआ. परिवार ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की गई. पोस्टमार्टम के बाद डीएनए जांच के लिए सैंपल भी लिए गए हैं. पुलिस ने शव ले जाने में इस्तेमाल वैगन-आर कार, दफनाने में इस्तेमाल औजार, आरोपियों के मोबाइल फोन और कपड़े भी जब्त कर लिए हैं. मोहन पर हत्या और मिलन पर शव छिपाने में मदद करने का आरोप है. कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international…
और पढ़ें



