Last Updated:
जयपुर मुहाना रोड पर युवती से बाइक सवारों की छेड़छाड़ का वीडियो वायरल, अशोक गहलोत ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए, पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की
जयपुर में बाइक सवार युवती से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल, सियासत गरम
जयपुर. जयपुर की सड़कों से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से घूम रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि एक युवती बाइक पर जा रही है और पीछे से दो युवक दूसरी बाइक पर उसका पीछा करते हैं. कुछ ही देर में वे उसके पास आकर छेड़छाड़ करते नजर आते हैं. पिछले दो दिन से ये वीडियो लगातार शेयर हो रहा है और लोग इसे देखकर हैरान भी हैं और गुस्से में भी.
ये पूरी घटना जयपुर की मुहाना रोड की बताई जा रही है, जो शहर की व्यस्त सड़कों में गिनी जाती है. यहां रोज बड़ी संख्या में लड़के-लड़कियां नौकरी और काम के लिए आते-जाते हैं. ऐसे में इस तरह का वीडियो सामने आना लोगों के मन में डर और सवाल दोनों खड़े कर रहा है. हालांकि इस वीडियो की सच्चाई क्या है, इसे लेकर अब तक पूरी तरह साफ तस्वीर सामने नहीं आई है.
इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि यह घटना असामाजिक सोच का उदाहरण है और प्रदेश में कानून का डर खत्म होता दिख रहा है. गहलोत ने यह भी सवाल उठाया कि वीडियो वायरल होने के बावजूद आरोपी अब तक पकड़े क्यों नहीं गए. उन्होंने कहा कि जब राजधानी में ऐसी स्थिति है, तो बाकी प्रदेश का अंदाजा लगाया जा सकता है. गहलोत ने यह भी कहा कि ऐसा लगता है कि प्रदेश को एक पूर्णकालिक गृह मंत्री की जरूरत है, क्योंकि मुख्यमंत्री दौरे में व्यस्त रहते हैं. वहीं कांग्रेस की ओर से भी इस मुद्दे को उठाया गया और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए गए.
पुलिस बोली, रील के चक्कर में कानून मत भूलो
दूसरी तरफ राजस्थान पुलिस ने इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी. पुलिस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि रील बनाने के चक्कर में लोग रियल कानून को न भूलें. पुलिस का कहना है कि वीडियो का संज्ञान लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की गई है. पुलिस ने बताया कि तकनीक और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है. बाइक की पहचान कर उसकी आरसी भी सस्पेंड कर दी गई है. पुलिस ने साफ किया कि सोशल मीडिया टीम लगातार 24 घंटे नजर बनाए हुए है और हर संदिग्ध गतिविधि पर कार्रवाई की जा रही है. इस बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि अपराध नियंत्रण को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
अब सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि ये वीडियो सिर्फ रील के लिए बनाया गया था या सच में छेड़छाड़ की घटना है. इसका जवाब आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही साफ होगा. लेकिन इतना जरूर है कि इस वीडियो ने एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर बड़ी बहस छेड़ दी है.
About the Author

नाम है आनंद पाण्डेय. सिद्धार्थनगर की मिट्टी में पले-बढ़े. पढ़ाई-लिखाई की नींव जवाहर नवोदय विद्यालय में रखी, फिर लखनऊ में आकर हिंदी और पॉलीटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया. लेकिन ज्ञान की भूख यहीं शांत नहीं हुई. कल…और पढ़ें



