अप्रैल में सकल जीएसटी संग्रह रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। शुक्रवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जीएसटी संग्रह 2.43 लाख करोड़ रुपये हो चुका है, जो पिछले साल अप्रैल माह की तुलना में 8.7 फीसदी अधिक है। पिछले साल अप्रैल में 2.23 लाख करोड़ रुपये का संग्रह हुआ था।
जीएसटी संग्रह के अलावा रिफंड के भी आंकड़े
सरकार की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक घरेलू लेनदेन से सकल राजस्व 4.3 फीसदी बढ़कर 1.85 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। आयात से जीएसटी संग्रह में 25.8 फीसदी की भारी वृद्धि हुई। यह बढ़कर 57,580 करोड़ रुपये हो गया। अप्रैल के दौरान 31,793 करोड़ रुपये के रिफंड दिए गए, जो 19.3 फीसदी अधिक थे। रिफंड समायोजित करने के बाद, शुद्ध जीएसटी संग्रह 7.3 फीसदी बढ़कर लगभग 2.11 लाख करोड़ रुपये रहा।



