Last Updated:
Ajmer Jain Mandir: सोनी जी की नसिया अजमेर का एक बेहद प्रसिद्ध और ऐतिहासिक जैन मंदिर है, जिसे उसकी अद्भुत वास्तुकला और बेल्जियम कांच से की गई सजावट के लिए जाना जाता है. इस मंदिर को “रेड टेंपल” के नाम से भी पहचान मिली हुई है. मंदिर के अंदर स्वर्ण नगरी के रूप में भगवान ऋषभदेव के जीवन से जुड़े दृश्य बेहद आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किए गए हैं, जो पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देते हैं. यह मंदिर अजमेर रेलवे स्टेशन से करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जहां टैक्सी, ऑटो और स्थानीय परिवहन के जरिए आसानी से पहुंचा जा सकता है.
अजमेर. अजमेर जिले में स्थित सोनी जी की नसिया जैन धर्म का एक प्रसिद्ध, ऐतिहासिक और बेहद आकर्षक तीर्थ स्थल है. अपनी अद्भुत स्थापत्य कला, धार्मिक महत्व और भव्य सजावट के कारण यह मंदिर देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करता है. लाल पत्थरों से निर्मित यह नसीया अजमेर शहर की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान का अहम हिस्सा बन चुका है.
मंदिर परिसर में जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ स्वामी की भव्य प्रतिमा विराजमान है, जिनके दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं. मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता इसकी अनोखी और दुर्लभ सजावट है. मंदिर की देखरेख से जुड़े सदस्यों के अनुसार भगवान आदिनाथ की प्रतिमा के ऊपर, नीचे और पीछे बेल्जियम के कांच का अत्यंत सुंदर और आकर्षक कार्य किया गया है. जब इन कांचों पर रोशनी पड़ती है तो पूरा मंदिर सुनहरी आभा से जगमगा उठता है और इसकी सुंदरता देखते ही बनती है.
छत पर 350 किलो सोने की नक्काशी की गई है
इसके अलावा मंदिर की छत पर बेल्जियम के कांच के साथ लगभग 350 किलो सोने की नक्काशी की गई है, जो यहां आने वाले लोगों को आश्चर्यचकित कर देती है. नक्काशी और कलात्मक डिजाइन मंदिर की भव्यता को कई गुना बढ़ा देते हैं. मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों ने बताया कि नसिया परिसर में बने मुख्य मंदिर में केवल जैन परिवारों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाती है, जबकि अन्य धर्मों के लोग नसिया परिसर के बाकी हिस्सों का भ्रमण कर सकते हैं. यही कारण है कि यह स्थान धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन का भी प्रमुख केंद्र बना हुआ है.
ऐसे पहुंच सकते है यहां
अगर आप अजमेर घूमने की योजना बना रहे हैं, तो सोनी जी की नसियां का दर्शन जरूर करें. यह धार्मिक स्थल अजमेर रेलवे स्टेशन से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. यहां रेलवे स्टेशन से टेंपो, ऑटो और ई-रिक्शा के जरिए आसानी से पहुंचा जा सकता है. धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक धरोहर और शानदार स्थापत्य कला का अनूठा संगम देखने के लिए यह स्थान अजमेर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है.
About the Author
Hi, I am Jagriti Dubey, a media professional with 6 years of experience in social media and content creation. I started my career with an internship at Gbn 24 news channel in 2019 and have worked with many repu…और पढ़ें



