Last Updated:
Newborn Girl Rescue : खैरथल-तिजारा जिले के पालपुर रोड पर एक कुएं में जिंदा नवजात बच्ची मिलने से सनसनी फैल गई. बच्ची के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद एक युवक जान जोखिम में डालकर कुएं में उतरा और मासूम को सुरक्षित बाहर निकाला. बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
खैरथल-तिजारा : खैरथल-तिजारा जिले के तिजारा क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. पालपुर रोड स्थित एक कुएं में जिंदा नवजात बच्ची मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. समय रहते ग्रामीणों की सतर्कता और एक युवक की बहादुरी से मासूम की जान बच गई. जानकारी के अनुसार, पालपुर रोड के पास स्थित एक कुएं से नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी.
शुरुआत में लोगों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब आसपास मौजूद ग्रामीणों ने ध्यान से सुना तो आवाज कुएं के अंदर से आ रही थी. इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई. ग्रामीणों ने तुरंत बच्ची को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया, लेकिन कुआं गहरा होने और हालात जोखिमभरे होने के कारण कोई नीचे उतरने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था. इसी दौरान एक युवक ने साहस दिखाया और अपनी जान जोखिम में डालकर कुएं में नीचे उतर गया. काफी मशक्कत के बाद युवक नवजात बच्ची को सकुशल बाहर निकालने में सफल रहा.
कुएं से जिंदा निकली नवजात, मचा हड़कंप
कुएं से बाहर निकालने के बाद बच्ची की हालत को देखते हुए ग्रामीणों ने बिना देर किए उसे तिजारा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है. शुरुआती जानकारी के अनुसार बच्ची जीवित और सुरक्षित है. अस्पताल प्रशासन द्वारा लगातार उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी. पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात बच्ची को कुएं में किसने और किन परिस्थितियों में फेंका. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
मासूम को फेंकने वालों की तलाश में पुलिस!
घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. ग्रामीणों का कहना है कि किसी मां द्वारा अपनी ही नवजात बच्ची को इस तरह कुएं में फेंकना बेहद अमानवीय और दुखद है. वहीं कई लोगों ने बच्ची की जान बचाने वाले युवक की बहादुरी की सराहना की. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर समाज में नवजात बच्चियों के प्रति सोच और संवेदनशीलता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
About the Author

A Delhi University graduate with a postgraduate Diploma in Journalism and Mass Communication, I work as a Content Editor with the Rajasthan team at News18 India Digital. I’m driven by the idea of turning raw in…और पढ़ें



