Last Updated:
Mathura News: यूपी के मथुरा में पति-पत्नी के बीच का एक मामूली विवाद खूनी खेल में बदल गया और पति ने धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. आइए आपको पूरी घटना के बारे में बताते हैं.
मथुरा में पति ने की पत्नी की हत्या (सांकेतिक तस्वीर)
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक बार फिर नशे की लत ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और देखते ही देखते दंपति का विवाद खूनी खेल में बदल गया और पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद पति वहां से फरार हो गया. अब पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी है.
दरअसल पूरी घटना मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र स्थित गांव मकरंदगढ़ी का है, जहां रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां नशे के विवाद में एक पति ने अपनी ही पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी. इतना ही नहीं, घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.
धारदार हथियार से किया पत्नी पर हमला
बताया जा रहा है कि 33 वर्षीय भावना और उसके पति उमेश के बीच लंबे समय से नशे की आदत को लेकर विवाद चल रहा था. मंगलवार के दिन दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी उमेश ने पत्नी भावना पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में भावना गंभीर रूप से घायल हो गई और खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी.
आरोपी पति की तलाश में पुलिस
घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. सूचना मिलते ही नौहझील थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं घटना के बाद आरोपी पति उमेश मौके से फरार हो गया. पुलिस लगातार दबिश देकर उसकी तलाश कर रही है.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.