Last Updated:
Nainital News: मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए इन दिनों बड़ी संख्या में पर्यटक सरोवर नगरी नैनीताल का रुख कर रहे हैं. वीकेंड और छुट्टियों के चलते शहर में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने एक बेहद सख्त और नया ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है. अब केवल उन्हीं पर्यटकों की गाड़ियों को नैनीताल में एंट्री मिलेगी, जिनकी होटल या होमस्टे में बुकिंग कन्फर्म होगी. जिन पर्यटकों के पास एडवांस बुकिंग और पार्किंग की सुविधा नहीं होगी, उनके वाहनों को शहर के बाहर ही रोक दिया जाएगा. जानिए प्रशासन का यह नया ट्रैफिक प्लान और शटल सेवा को लेकर जरूरी गाइडलाइन.
नैनीताल: उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल इन दिनों पर्यटन सीजन के चरम पर है. मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल का रुख कर रहे हैं. वीकेंड, छुट्टियों और आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए शहर में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसके चलते यातायात व्यवस्था प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है. इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है.
प्रशासन द्वारा जारी नए ट्रैफिक प्लान के तहत अब नैनीताल आने वाले उन्हीं पर्यटकों के वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति मिलेगी, जिनकी होटल या होमस्टे में पहले से बुकिंग कन्फर्म होगी. प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य शहर में लगने वाले लंबे जाम को नियंत्रित करना और पर्यटकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है.
पर्यटन सीजन के दौरान नैनीताल की संकरी सड़कों पर वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ जाता है. ऐसे में शहर के भीतर पार्किंग की समस्या भी गंभीर हो जाती है. इसी कारण प्रशासन ने होटल बुकिंग और पार्किंग व्यवस्था को वाहन प्रवेश से जोड़ दिया है. यदि किसी पर्यटक ने पहले से होटल बुक कराया है और वहां पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है, तो उसके वाहन को शहर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी.
यह भी पढ़ें: माल रोड-नैनीझील छोड़िए! नैनीताल के पास मौजूद इन 6 ऑफबीट जगहों पर फैमिली संग बिताएं सुकून के पल
नैनीताल के एसपी ट्रैफिक जगदीश चंद्रा ने बताया कि पर्यटन सीजन की शुरुआत के साथ ही यह व्यवस्था लागू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि जिन पर्यटकों की नैनीताल या आसपास के क्षेत्रों के होटल और होमस्टे में बुकिंग है तथा वहां पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है, उन्हें शहर में प्रवेश को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी. हालांकि, यदि होटल या होमस्टे में पार्किंग की सुविधा नहीं है, तो ऐसे वाहनों को शहर के बाहर बनाए गए रूसी-1 और रूसी-2 पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा. वहां से पर्यटकों को शटल सेवा के माध्यम से नैनीताल शहर भेजा जाएगा. इससे शहर के भीतर वाहनों की संख्या नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी और जाम की समस्या भी कम होगी.
पहले से सुनिश्चित करें पार्किंग व्यवस्था
एसपी जगदीश चंद्रा ने बताया कि, जिन पर्यटकों ने पहले से होटल बुकिंग नहीं करवाई है, उन्हें भी अपने वाहन शहर के बाहर निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने होंगे. ऐसे पर्यटकों को बाईपास और अन्य निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों में वाहन पार्क करने के बाद शटल सेवा का उपयोग करना होगा. प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से पर्यटन सीजन के दौरान यातायात संचालन अधिक सुचारु रहेगा. एसपी ट्रैफिक ने पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि नैनीताल आने से पहले अपने होटल या होमस्टे की बुकिंग अवश्य सुनिश्चित कर लें. इससे यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा और शहर में प्रवेश भी आसान हो जाएगा. साथ ही उन्होंने होटल और होमस्टे संचालकों से भी आग्रह किया कि यदि उनके यहां पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो वे शहर की पार्किंग में पहले से स्लॉट बुक करवा लें ताकि पर्यटकों को परेशानी न हो.
गौरतलब है कि गर्मियों के मौसम में नैनीताल उत्तर भारत के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल रहता है. ऐसे में हर साल हजारों पर्यटक यहां पहुंचते हैं. ऐसे में यदि आप भी आने वाले दिनों में नैनीताल घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो होटल बुकिंग और पार्किंग की जानकारी पहले से सुनिश्चित करना आपके लिए बेहद जरूरी हो सकता है.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें



